loader
The Haryana Story | भुवनेश्वर में 18वें प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन में मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने किया हरियाणा का प्रतिनिधित्व

भुवनेश्वर में 18वें प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन में मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने किया हरियाणा का प्रतिनिधित्व

हरियाणा की समृद्धि व क्षमता की ताकत देखकर प्रवासी भारतीयों ने बजाई तालियां, मुख्यमंत्री नायब सैनी की तरफ से प्रवासी भारतीयों को हरियाणा आने का दिया न्यौता

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में हरियाणा को देश में इज ऑफ डूइंग बिजनेस के लिए सबसे बेहतर स्थान मिला है, जिसकी बदौलत हरियाणा निवेशकों व उद्यमियों का पसंदीदा व्यापारिक स्थान बना है। उक्त बातें हरियाणा के सहकारिता एवं पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कही।

उन्होंने कहा कि दुनिया की 500 फॉर्च्यून कंपनियों की उपस्थिति हरियाणा की भूमिका को महत्वपूर्ण बनाती है। हमें कृषि, मोटर वाहन निर्माण, सूचना प्रौद्योगिकी, दवा व विभिन्न विनिर्माण क्षेत्र में योगदान पर गर्व है। उन्होंने कहा कि देश की दो तिहाई यात्री कारों का निर्माण हरियाणा में होता है। देश के 50 प्रतिशत ट्रैक्टर, 60 प्रतिशत दोपहिया वाहन निर्माण करते हुए हरियाणा को देश की वाहन निर्माण राजधानी का दर्जा मिला है। 

50 देशों से प्रवासी बंधुओं से संवाद करने का अवसर मिला

डॉ अरविन्द शर्मा ने कहा आज भुवनेश्वर, उड़ीसा में 18वें प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन में शामिल होकर यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मार्गदर्शन प्राप्त किया। 50 देशों से प्रवासी बंधुओं से संवाद करने का अवसर मिला और उन्हें हरियाणा की तरफ से आमंत्रित करते हुए बताया कि बीते 10 सालों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  के कुशल मार्गदर्शन में हरियाणा में सड़कों का जाल, मजबूत कानून व्यवस्था और व्यापार के लिए सर्वोत्तम माहौल बना है।

आज मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा आप सभी को व्यापारिक, सांस्कृतिक समृद्धता में भागीदारी के लिए आमंत्रित करता है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, मुख्यमंत्री उड़ीसा मोहन चरण माझी, उप मुख्यमंत्री उड़ीसा पार्वती परिदा, राज्य विदेश मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह जी उपस्थित रहे।

प्रवासी भारतीयों को हरियाणा में आने का न्यौता दिया

विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा वीरवार को भुवनेश्वर, उड़ीसा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुभारम्भ किए गए 18वें प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन में हरियाणा के प्रतिनिधि के तौर पर शामिल हुए। सम्मेलन के एक सत्र में 50 से अधिक देशों के प्रवासी भारतीयों से संवाद करते हुए विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने सिलसिलेवार तरीके से शिक्षा, खेल, व्यापार, युवाओं, महिलाओं, उद्यमियों को अवसर उपलब्ध कराने पर विस्तार से चर्चा की व प्रवासी भारतीयों को हरियाणा में आने का न्यौता दिया।

वैश्विक स्तर पर बेहतरीन काम करने वाले हरियाणवीं लोगों को सम्मानित किया जाएगा

डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि 18वें प्रवासी भारतीय सम्मेलन में एक हरियाणवीं सभा, प्रवासी भारतीयों से विचारों व सुझावों को इकट्ठा करने का काम कर रही है, जहां वैश्विक स्तर पर बेहतरीन काम करने वाले हरियाणवीं लोगों को सम्मानित किया जाएगा। इस पहल के माध्यम से हमारा उद्देश्य हरियाणवीं लोगों के बीच गर्व व अपनेपन की भावना को बढ़ावा देना है। उन्होंने प्रवासी भारतीयों को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की तरफ से हरियाणा आने का न्यौता देते हुए कहा कि हम मिलकर हरियाणा को न केवल, एक बेहतरीन आर्थिक केंद्र बनाएंगे, अपितु सांस्कृतिक गौरव व एकता का केंद्र भी बनाएंगे। 

हरियाणा देश का तीसरा बड़ा साफ्टवेयर एक्सपोर्टर बना

डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि गुरुग्राम आईटी सेवाओं के प्रमुख केंद्र के तौर पर उभरा है, जहां तकरीबन अढ़ाई लाख लोगों को रोजगार देने वाली 450 से अधिक आईटी कम्पनियां के साथ हरियाणा देश का तीसरा बड़ा साफ्टवेयर एक्सपोर्टर बना है। हरियाणा के दवा उद्योग में 4000 करोड़ रुपए के बाजार के साथ 250 से अधिक उद्योग शामिल हैं। नवाचार क्षेत्र में हरियाणा अग्रणी के तौर पर उभर रहा है और आज 6066 पंजीकृत स्टार्टअप और 19 यूनिकॉर्न के साथ हरियाणा स्टार्टअप गतिविधि में देश का सबसे बड़ा सातवां राज्य बना है, इसमें द हरियाणा स्टार्टअप पालिसी 2022 ने बड़ा योगदान दिया है।

हरियाणा को अपनी प्रगति पर गर्व

मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि हरियाणा अपनी प्रगति पर गर्व करता है और हरियाणवीं प्रवासी की अमूल्य भूमिका को पहचानता है, क्योंकि वो वैश्विक स्तर पर हरियाणा की संस्कृति, प्रतिभा और नवाचार के एम्बेसडर हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा ने विदेशी सहयोग विभाग की स्थापना भी की है, यह केंद्र दुनियाभर में हरियाणवियों को उनकी जडों से जोड़ने वाले केंद्र के तौर पर काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि हम हरियाणवीं प्रवासियों की उपलब्धियों का जश्न मनाने के लिए प्रवासी भारतीय दिवस से प्रेरित एक कार्यक्रम हरियाणवीं महोत्सव की शुरुआत कर रहे हैं।

Join The Conversation Opens in a new tab
×