loader
The Haryana Story | भिवानी में नमो क्रिकेट लीग के दौरान डोपिंग पर उठी चिंता, डोपिंग के कारण एशियन गेम्स से वंचित हुए तीन खिलाड़ी

भिवानी में नमो क्रिकेट लीग के दौरान डोपिंग पर उठी चिंता, डोपिंग के कारण एशियन गेम्स से वंचित हुए तीन खिलाड़ी

खेल मैदान से नशे के खिलाफ संदेश, राकेश कोच बोले- नशीले प्रोटीन से बचें खिलाड़ी

भिवानी। हांसी मार्ग स्थित आरपीएस क्रिकेट ग्राउंड में चल रही पांच दिवसीय नमो क्रिकेट लीग चैम्पियनशिप में बुधवार को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। प्रतियोगिता के दौरान जहां खिलाड़ियों ने मैदान पर दमखम दिखाया, वहीं कार्यक्रम में युवाओं को नशे से दूर रखने और खेलों से जोड़ने का संदेश भी दिया गया। प्रतियोगिता में आठ टीमें क्वार्टर फाइनल में पहुंच चुकी हैं। मुकाबलों का शुभारंभ हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन के उपाध्यक्ष राकेश कोच, जगदीश कोच और कप्तान सिंह ने किया। वहीं दोपहर के मुकाबलों में महिला एवं बाल विकास हरियाणा की चेयरमैन सुनीता दांगी, भाजपा नेत्री बबीता तंवर, आरपीएस की प्राचार्या कीर्ति आहूजा और भाजपा नेता रविंद्र बापोड़ा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया।

डोपिंग को लेकर जताई चिंता

इस अवसर पर हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन के उपाध्यक्ष राकेश कोच ने डोपिंग को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि नशा अब घरों तक पहुंच चुका है और युवाओं को इससे दूर रखने में खेल महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उनका कहना था कि यदि युवा खेल मैदान से जुड़ेंगे तो उनकी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगेगी। उन्होंने माता-पिता से भी बच्चों पर ध्यान देने की अपील की। डोपिंग के मुद्दे पर राकेश कोच ने आरोप लगाया कि कुछ कोच और अखाड़े जल्दी परिणाम हासिल करने के लिए खिलाड़ियों को प्रोटीन के नाम पर नशीले या प्रतिबंधित पदार्थों के इस्तेमाल की ओर प्रेरित कर रहे हैं। 

एशियन गेम्स में हरियाणा के तीन खिलाड़ी वंचित रह गए

उन्होंने खिलाड़ियों को ऐसे पदार्थों से बचने की सलाह दी और कहा कि इससे खिलाड़ियों के करियर और भविष्य पर गंभीर असर पड़ सकता है। उनके अनुसार, डोपिंग के कारण एशियन गेम्स में हरियाणा के तीन खिलाड़ी वंचित रह गए और उन्होंने खिलाड़ियों से नशे से दूर रहकर खेल में आगे बढ़ने की अपील की। वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग की चेयरमैन सुनीता दांगी ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए खेलों से जोड़ना सकारात्मक प्रयास है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों के जरिए युवाओं को अपनी ऊर्जा सही दिशा में लगाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का अवसर मिलता है।

चार मुकाबलों में दिखा रोमांच

प्रवक्ता अशोक कुमार भारद्वाज के अनुसार, दिन के मुकाबलों में भिवानी टाइगर ने आरसीबी को नौ विकेट से हराया। इसके बाद दिनोद गांव और बापोड़ा के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें बापोड़ा ने 37 रन से जीत दर्ज की। तीसरे मुकाबले में सुई और पाथरवाली की टीमें आमने-सामने रहीं। पाथरवाली ने 94 रन बनाए, जबकि सुई की टीम 27 रन पर सिमट गई। इस तरह पाथरवाली ने 67 रन से मुकाबला अपने नाम किया।

इस मैच में सुमित कुमार को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने एक ओवर में लगातार तीन छक्के लगाकर टीम के स्कोर को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। इसके बाद कैरू और बापोड़ा के बीच मुकाबला हुआ। कैरू ने आठ ओवर में 71 रन का लक्ष्य रखा और 15 रन से जीत दर्ज की। नमो क्रिकेट लीग के जरिए आयोजकों की ओर से युवाओं को खेलों से जोड़ने और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने का संदेश दिया जा रहा है। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के बीच प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ खेल भावना और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया।

Join The Conversation Opens in a new tab
×