हरियाणा विधानसभा के चुनावी माहौल में मंगलवार को प्रदेश की लाड़वा विधानसभा से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अपना नामांकन दाखिल करेंगे, जिसे लेकर भाजपा संगठन ने तैयारी तेज कर दी है। नामांकन से पहले मुख्यमंत्री जनता के बीच जाकर उनका आशीर्वाद लेंगे और उन्हें संबोधित करेंगे। कार्यक्रमों में भारी संख्या में आम जनता जुटेगी। गौरतलब है कि मंगलवार को मुख्यमंत्री सहित प्रदेश के 21 अन्य भाजपा उम्मीदवार भी आगामी विधानसभा चुनावों के लिए अलग-अलग सीटों पर नामांकन दाखिल करेंगे।
नायब सैनी पहले से ही लाड़वा का पसंदीदा चेहरा
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी विधानसभा चुनावों के लिए लाडवा सीट से नामांकन भरने जा रहे हैं। लाड़वा की जनता के लिए नायब सिंह सैनी पहले से ही पसंदीदा चेहरा रहे हैं। मुख्यमंत्री का पदभार संभालने से पूर्व नायब सिंह सैनी कुरुक्षेत्र से सांसद थे और लाडवा विधानसभा उनके इसी संसदीय क्षेत्र का एक हिस्सा है। लाडवा में सैनी की मजबूत पकड़ मानी जाती है।
मंगलवार सुबह 10 बजे पर्चा भरने से पूर्व मुख्यमंत्री पार्टी कार्यकर्ताओं और युवाओं के बीच जा कर उनसे सीधा संवाद करते हुए उनके भीतर उत्साह का संचार भी करेंगे। महिलाओं और युवाओं में अद्वितीय लोकप्रियता रखने वाले सीएम के नामांकन कार्यक्रम में भारी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। कार्यक्रम में कद्दावर भाजपा नेता व सांसद नवीन जिंदल भी मुख्यमंत्री के साथ उपस्थित रहेंगे।
कैप्टन अभिमन्यु के नामांकन में शामिल होंगे सीएम
अपना नामांकन दाखिल करने के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी नारनौद के लिए रवाना होंगे, जहां वे कैप्टन अभिमन्यु के नामांकन कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे और कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाएंगे।
19 अन्य भाजपा प्रत्याशी आज भरेंगे नामांकन
भाजपा के 19 और प्रत्याशी भी आज अपना नामांकन दाखिल करेंगे, जहां अलग-अलग कार्यक्रमों में भाजपा के कई शीर्ष नेता उपस्थित रहेंगे। इनमें सढोरा से बलवंत सिंह, यमुनानगर से घनश्याम दास अरोड़ा, थानेसर से सुभाष सुधा, गुहला से कुलवंत बाजीगर, इंद्री से रामकुमार कश्यप, पानीपत शहर से प्रमोद कुमार विज, खरखौदा से पवन खरखौदा, सोनीपत से निखिल मदान, रानिया से शीशपाल कंबोज उकलाना से अनूप धानक, हांसी से विनोद भयाना, हिसार से कमल गुप्ता, नलवा से रणधीर पनिहार, बाढड़ा से उमेद पटवास, दादरी से सुनील सांगवान, भिवानी से घनश्याम सराफ, बादशाहपुर से राव नरबीर सिंह, गुडगांव से मुकेश शर्मा, और पृथला से टेकचंद शर्मा शामिल हैं। इनमें अलग अलग कार्यक्रमों में केन्द्रीय मंत्री मनोहरलाल खट्टर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहनलाल बड़ौली, चुनाव प्रदेश चुनाव सह-प्रभारी बिप्लब कुमार देब सहित अन्य शीर्ष भाजपा नेता उपस्थित रहेंगे।
related
'डोंट डिजायर बट डिजर्व इट’ : विज बोले - मैं 2014 में 'सीनियर मोस्ट' था और अब भी 'सीनियर मोस्ट' हूं... लेकिन मैंने कभी कुछ नहीं चाहा
पांच साल पुराने मर्डर केस में विज का सख़्त रुख : जांच CBI को सौंपने की सिफारिश, पुलिस कर्मचारी के खिलाफ FIR के आदेश