loader
The Haryana Story | अहीरवाल की 'सियासी जंग' तेज़: राव नरवीर ने नायब सैनी को दिया 'मास्टरस्ट्रोक' सुझाव, राव इंद्रजीत पर साधा कड़ा निशाना

अहीरवाल की 'सियासी जंग' तेज़: राव नरवीर ने नायब सैनी को दिया 'मास्टरस्ट्रोक' सुझाव, राव इंद्रजीत पर साधा कड़ा निशाना

ना अहीर मुख्यमंत्री, ना SYL का पानी...राव नरवीर का अपनी ही पार्टी के दिग्गजों पर बड़ा कटाक्ष, क्या बदल जाएगी दक्षिण हरियाणा की सियासत? आरती राव की सीएम महत्वाकांक्षा पर भी किया 'चुटीला' प्रहार

कैबिनेट मंत्री राव नरवीर सिंह

हरियाणा की राजनीति में अहीरवाल के 'मुख्यमंत्री' पद को लेकर चल रही दशकों पुरानी टीस एक बार फिर कैबिनेट मंत्री राव नरवीर सिंह के तीखे बयानों से गरमा गई है। रेवाड़ी में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर आयोजित एक समारोह में राव नरवीर सिंह ने अपनी ही पार्टी के दिग्गज नेता और केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह पर परोक्ष रूप से बड़ा सियासी हमला बोला। यह पूरा वाकया रेवाड़ी में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह के दौरान हुआ। यहाँ राव नरवीर सिंह बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे थे, जहाँ उन्होंने युवाओं और प्रतिभावान बच्चों को सम्मानित किया और समाज में बाबा साहेब के योगदान को याद किया।

अहीरवाल के सीएम सपने पर 'व्यंग्य'

राव नरवीर सिंह ने दक्षिण हरियाणा (अहीरवाल) की भावनाओं को सहलाते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को एक अनोखा सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि अगर नायब सैनी अगली बार चुनाव अहीरवाल की किसी सीट से लड़कर मुख्यमंत्री बनते हैं, तो भले ही प्रदेश को 'अहीर' मुख्यमंत्री न मिले, लेकिन 'अहीरवाल का मुख्यमंत्री' बनने का जनता का बरसों पुराना सपना जरूर पूरा हो जाएगा। 

राव इंद्रजीत और आरती राव पर निशाना

बिना नाम लिए राव नरवीर ने केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह और उनकी बेटी, स्वास्थ्य मंत्री आरती राव पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा में चुनाव हमेशा दो ही मुद्दों पर सिमट जाते हैं, SYL का पानी जो आज तक कोई नहीं ला सका और मुख्यमंत्री पद का सपना। उन्होंने याद दिलाया कि 1967 में राव बीरेंद्र सिंह मात्र 13 महीने के लिए सीएम बने थे, उसके बाद से यह पद अहीरवाल की पहुंच से दूर है। आरती राव के सीएम बनने की महत्वाकांक्षा पर उन्होंने कहा कि "इच्छाएं कभी खत्म नहीं होतीं और हर व्यक्ति को इच्छा रखने का अधिकार है।" कहा अब नारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को मोदी सरकार में पहले से अधिक मिलेगा सम्मान, विपक्ष भले ही कुछ कहे।

रेवाड़ी को सौगात: इसी वर्ष शुरू होगा IMT प्रोजेक्ट

सियासी बयानबाजी के बीच राव नरवीर ने विकास का एजेंडा भी सामने रखा। उन्होंने घोषणा की कि रेवाड़ी में आई.एम.टी. (IMT) प्रोजेक्ट इसी वर्ष शुरू हो जाएगा। इससे क्षेत्र में औद्योगिक विकास और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

नारी वंदन योजना और विपक्ष पर प्रहार

मोदी सरकार की नीतियों की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि नारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को अब पहले से कहीं अधिक सम्मान और अधिकार मिल रहे हैं। उन्होंने विपक्ष की आलोचनाओं को दरकिनार करते हुए कहा कि सरकार का ध्यान केवल अंत्योदय और महिला सशक्तिकरण पर है। राव नरवीर सिंह का यह बयान अहीरवाल की आंतरिक राजनीति में मचे घमासान को दर्शाता है। एक तरफ जहाँ राव इंद्रजीत सिंह का खेमा खुद को अहीरवाल का सबसे बड़ा पैरोकार मानता है, वहीं राव नरवीर सिंह ने नायब सैनी को अहीरवाल से जोड़कर एक नई राजनीतिक बिसात बिछा दी है।

Join The Conversation Opens in a new tab
×