loader
The Haryana Story | डा. अंबेडकर के सम्मान में आयोजित गोष्ठी में कांग्रेस पर जमकर बरसे  भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ, लगाए बड़े आरोप

डा. अंबेडकर के सम्मान में आयोजित गोष्ठी में कांग्रेस पर जमकर बरसे भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ, लगाए बड़े आरोप

कहा - कांग्रेस की चार पीढ़ियों ने संविधान और संविधान निर्माता डा. अंबेडकर के साथ अन्याय किया, कांग्रेस ने अपने भ्रष्टाचार और अहंकार के लिए 75 बार संविधान में संशोधन किया

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरूण चुघ

संविधान और संविधान निर्माता डा. भीम राव अंबेडकर के साथ कांग्रेस की चार पीढ़ियों ने 7 दशकों तक अन्याय किया है। भारत की पहली कैबिनेट में पंडित नेहरू ने डा. अंबेडकर का बहुत विरोध किया इसके बावजूद बाबा साहेब कैबिनेट में पहुंचे। नेहरू और कांग्रेस ने मकड़जाल बनाकर बाबा साहेब के खिलाफ पूरा षड़यंत्र रचा।

उक्त बातें भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरूण चुघ ने सोमवार को गुरुग्राम स्थित पार्टी कार्यालय गुरुकमल में बाबा साहेब भीम राव अंबेडकर के सम्मान में आयोजित विचार गोष्ठी को सम्बोधित करते हुए कही। गोष्ठी को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली, संसदीय बोर्ड की सदस्य डा. सुधा यादव ने भी संबोधित किया। इससे पहले कार्यालय पहुंचने पर जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी, जिला अध्यक्ष अजीत यादव ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।  

अंत्येष्ठि के लिए दिल्ली में चार गज जमीन तक नहीं दी

तरुण चुघ ने कहा कि कांग्रेस पार्टी बाबा साहेब का घोर अपमान करने वाली पार्टी है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने तो बाबा साहेब के अंत्येष्ठि के लिए दिल्ली में चार गज जमीन तक नहीं दी। जबकि भारतीय जनता पार्टी ने बाबा साहेब के पांच प्रमुख स्थलों को पंचतीर्थ का नाम दिया। मोदी सरकार ने 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में घोषित कर डा. अंबेडकर के संविधान निर्माण में योगदान को राष्ट्रीय स्मृति में स्थान दिया।

बाबा साहेब के बारे में बोलते हुए भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री ने कहा कि भारतीय संविधान के शिल्पकार डा. अंबेडकर को कांग्रेस शासन में लगातार उपेक्षा और विरोध का सामना करना पड़ा। 1951 में कांग्रेस द्वारा हिंदू कोड बिल का समर्थन नहीं करने पर अंबेडकर ने देश के पहले कानून मंत्री के पद से इस्तीफा देना पड़ा। 1952 में प्रधानमंत्री नेहरू ने डा. अंबेडकर की चुनाव में हार की साजिश रची।

भारत रत्न के हकदार बाबा साहेब को कांग्रेस ने किनारे रखा

तरुण चुघ ने कहा कि बाबा साहब के सपनों को भाजपा साकार कर रही है। कांग्रेस व नेहरू परिवार ने अपने आपको खुद भारत रत्न दिया, लेकिन सही मायने में भारत रत्न के हकदार बाबा साहेब को कांग्रेस ने किनारे रखा। चुघ ने कहा कि भाजपा सरकार ने ही बाबा साहेब को भारत रत्न देकर सम्मान किया। कांग्रेस को घेरते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने भ्रष्टाचार, अहंकार के लिए 75 बार संविधान में संशोधन किया।

तरुण चुघ ने कहा कि बाबा साहेब अंबेडकर ने वंचितों, दलितों और महिलाओं के उत्थान का जो सपना देखा था उसे मोदी सरकार पूरा कर रही है। मोदी सरकार 80 करोड़ लोगों को निशुल्क राशन दे रही है ताकि कोई भूखा ना सोए। हर घर नल से जल, शौचालय और गरीबों को आवास देकर मोदी सरकार बाबा साहेब के बताए मार्ग पर चलकर हर वर्ग का उत्थान कर रही है। 

बाबा साहेब का अपमान करने वाली कांग्रेस की पोल जनता के बीच जाकर खोले

विचार गोष्ठी में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि सभी कार्यकर्ता बाबा साहेब का अपमान करने वाली कांग्रेस की पोल जनता के बीच जाकर खोले। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब द्वारा किए गए कार्यों को लोगों को बताएं। बड़ौली ने कहा कि हरियाणा के सभी जिलों में बाबा साहेब की जयंती के उपलक्ष्य में गोष्ठियां और शानदार कार्यक्रम हुए हैं।

इन सभी कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक करने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने प्रदेश के सभी कार्यकर्ताओं का आभार जताया। बड़ौली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबा साहेब के सम्मान को बढ़ाने का काम किया है। बाबा साहेब से जुड़े स्थानों को पंचतीर्थ के रूप विकसित किया। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि अपने बच्चों को पंचतीर्थ स्थान पर लेकर जाएं और बाबा साहेब के योगदान को अधिक से अधिक लोगों को बताकर कांग्रेस के षड़यंत्रों की पोल खोले। 

चुनाव में कांग्रेस ने बाबा साहेब को हराने के लिए षड़यंत्र रचे

संसदीय बोर्ड की सदस्य डॉ. सुधा यादव ने कहा कि कांग्रेस ने संविधान और संविधान निर्माता बाबा साहेब को कभी सम्मान नहीं दिया। कांग्रेस ने राष्ट्र को गुमराह करने का काम किया। डा. सुधा यादव ने कहा कि चुनाव में कांग्रेस ने बाबा साहेब को हराने के लिए षड़यंत्र रचे। खुद जवाहरलाल नेहरू ने माउंटबेटन को गर्व से पत्र लिखते हुए कहा था कि कैसे उन्होंने डा. अंबेडकर को संसद में चुने जाने से रोकने में भूमिका निभाई। डा. यादव ने कहा कि अर्थशास्त्र में पीएचडी धारक होने के बावजूद कांग्रेस ने डा. अंबेडकर को आर्थिक नीतियों और कैबिनेट संस्थानों से दूर रखने हर संभव प्रयास किया। डा. सुधा यादव ने कहा कि कांग्रेस सरकारों ने दशकों तक डा. अंबेडकर के योगदानों की उपेक्षा की। 

बाबा साहेब के जीवन के बारे में पढ़ें और दूसरों को भी बताएं

उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने सामाजिक न्याय, समानता, स्वतंत्रता और वंचित व गरीबों के बौद्धिक विकास पर जोर दिया। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि आप लोग अधिक से अधिक बाबा साहेब के जीवन के बारे में पढ़ें और दूसरों को भी बताएं। विचार गोष्ठी में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरूण चुघ के अलावा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली, संसदीय बोर्ड की सदस्य डा. संधा यादव, संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया, विधायक मुकेश शर्मा, जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी, जिला अध्यक्ष अजीत यादव, पूर्व विधायक सत्य प्रकाश जरावता, एस सी मोर्चा अध्यक्ष धर्मबीर सिंह सहित भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Join The Conversation Opens in a new tab
×