हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने कहा कि अधिकारी और कर्मचारी जनता के सेवक हैं, वे अपने आप को जनता का सेवक समझकर ही उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के साथ समाधान करें। यदि किसी आमजन के साथ कोई धोखाधड़ी या ज्यादती होती है तो पुलिस विभाग ठोस कार्रवाई करे, ताकि दोषी को सजा मिल सके। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी मामले में पीड़ित व्यक्ति के साथ न्याय न करने वाले और उसे परेशान करने वाले संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
कुल 15 परिवादों में से 9 का मौके पर ही समाधान किया
शिक्षा मंत्री ढांडा भिवानी के पंचायत भवन में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में परिवादों का निपटारा करने के दौरान अपना संदेश दे रहे थे। शिक्षा मंत्री ने बैठक में रखे गए कुल 15 परिवादों में से 9 का मौके पर ही समाधान किया तथा शेष के लिए संबंधित विभागों को गहनता से जांच के आदेश दिए। शिक्षा मंत्री ने कहा कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य को लेकर प्रदेश में स्कूलों के आधारभूत ढ़ांचों में तेज गति से सुधार किया जा रहा है।
छुट्टियों के दौरान सभी सरकारी स्कूलों की छतों की सफाई व मरम्मत करवाएं
जून के महीने में होने वाली छुट्टियों के दौरान शिक्षा विभाग और पंचायत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे सभी सरकारी स्कूलों की छतों की सफाई व मरम्मत करवाएं ताकि स्कूलों की छत सही हो। उन्होंने कहा कि यह बड़ी खुशी की बात है कि प्रदेश में सरकारी स्कूलों का परिणाम प्राईवेट स्कूलों से बेहतर आया है। शिक्षा विभाग 9वीं से 12वीं तक की कक्षा के लिए एक ऐसा कौशल पूर्ण विषय तैयार करने पर जुटा हुआ है, जिससे 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने के बाद बच्चों को नौकरी की तरफ न भागना पड़े और वे स्वयं का कोई कार्य कर सकें।
नई शिक्षा नीति को शिक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार की दिशा में निर्णायक कदम
हरियाणा में नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी-2020) के सफल क्रियान्वयन पर सर्व कर्मचारी वेलफेयर एसोसिएशन आफ इंडिया ने प्रदेश के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा का वीरवार को भिवानी पहुंचने पर गांव बामला टोल प्लाजा पर स्वागत करते हुए आभार प्रकट किया। शिक्षा मंत्री का स्वागत सर्व कर्मचारी वेलफेयर एसोसिएशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय संयोजक आनंद घणघस के नेतृत्व में संगठन के अन्य पदाधिकारियों ने किया तथा नई शिक्षा नीति (NEP) को शिक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार की दिशा में निर्णायक कदम बताया। नई शिक्षा नीति लागू करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का धन्यवाद किया।
हरियाणा देश का पहला ऐसा प्रदेश है जिसने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 लागू को सबसे पहले लागू किया
शिक्षा मंत्री ने कहा कि हरियाणा देश का पहला ऐसा प्रदेश है जिसने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 (NEP-2020) लागू को सबसे पहले लागू किया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग द्वारा जिलों के आला प्रशासनिक अधिकारियों को स्कूलों का निरीक्षण करने, बच्चों व शिक्षकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानने के निर्देश दिए गए हैं। इस अवसर पर भिवानी विधायक घनश्याम सर्राफ, बवानी खेड़ा से विधायक कपूर वाल्मीकी, डीसी महावीर कौशिक , पुलिस अधीक्षक मनबीर सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
related
'डोंट डिजायर बट डिजर्व इट’ : विज बोले - मैं 2014 में 'सीनियर मोस्ट' था और अब भी 'सीनियर मोस्ट' हूं... लेकिन मैंने कभी कुछ नहीं चाहा
पांच साल पुराने मर्डर केस में विज का सख़्त रुख : जांच CBI को सौंपने की सिफारिश, पुलिस कर्मचारी के खिलाफ FIR के आदेश