हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश ने अतुलनीय युग में प्रवेश किया है। यह 11 वर्ष केवल शासनकाल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का वह दौर है जिसमें भारत ने अपनी प्राचीन सांस्कृतिक विरासत पर गर्व करते हुए आधुनिक विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है। खेल राज्य मंत्री आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने पर मानेसर में प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान पटौदी की विधायक बिमला चौधरी मौजूद रहीं।
जल जीवन मिशन से 15 करोड़ ग्रामीण घरों में नल से जल पहुंचा
मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि गरीब, किसान, महिला और युवा ये चार स्तंभ मोदी सरकार के सुशासन के केंद्र बिंदु हैं। अंत्योदय उत्थान के लक्ष्य के साथ पिछले 11 वर्षों में 29 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाया गया है। जल जीवन मिशन से 15 करोड़ ग्रामीण घरों में नल से जल पहुंचा है। प्रधानमंत्री आवास योजना से 4 करोड़ परिवारों को पक्के घर दिए गए हैं। हमारी मातृशक्ति के सम्मान को बरकरार रखने के लिए स्वच्छ भारत मिशन के तहत देश खुले में शौच से मुक्त होने की दिशा में आगे बढ़ा है। प्रधानमंत्री मोदी के निर्णयों में दृढ़ता और देशहित सर्वोपरि रहा है।
भारत को विश्व की अग्रणी टेक्नोलॉजी शक्ति बना दिया
चाहे जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने की बात हो, पुलवामा हमले के बाद सर्जिकल स्ट्राइक हो, या फिर हाल ही में चिनाब ब्रिज के जरिए कश्मीर घाटी को देश से जोड़ना, उनका हर निर्णय एक नए भारत की नींव रखता है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पूर्व देश में भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और निराशा का माहौल था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पारदर्शिता, तकनीकी नवाचार और विकास की नीति को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई, जिसका परिणाम आज विश्व मंच पर भारत की सशक्त उपस्थिति के रूप में सामने है। उन्होंने कहा कि चंद्रयान, मंगलयान और डिजिटल इंडिया जैसे अभियानों ने भारत को विश्व की अग्रणी टेक्नोलॉजी शक्ति बना दिया है।
भारतीय अर्थव्यवस्था आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी और सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था बन गई
वर्ष 2014 में 10वीं स्थान पर रही भारतीय अर्थव्यवस्था आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी और सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था बन गई है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने नारी शक्ति को राष्ट्र शक्ति बनाने का संकल्प लिया है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हरियाणा से शुरू हुआ बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान व निर्धारित लक्ष्यों के तहत उसके परिणाम इन्हीं सार्थक प्रयासों का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश में विश्वविद्यालयों की संख्या 490 थी जोकि अब बढ़ कर 1213 हो गयी है।
2014 में जहां देश में मात्र 74 एयरपोट थे, आज उनकी संख्या बढ़ कर 160 हो गई
उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 में जहां देश में मात्र 74 एयरपोट थे, आज उनकी संख्या बढ़ कर 160 हो गई है। पीएम गतिशक्ति, भारतमाला और सागरमाला परियोजनाओं ने देश के इंफ्रास्ट्रक्चर को नई दिशा दी है। खेल राज्य मंत्री ने विकास की इस महत्वपूर्ण यात्रा में हरियाणा के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य ने किसानों के कल्याण, औद्योगिक निवेश, खिलाड़ियों की उपलब्धियों और युवाओं को रोजगार से जोड़ने में अग्रणी भूमिका निभाई है।
related
'डोंट डिजायर बट डिजर्व इट’ : विज बोले - मैं 2014 में 'सीनियर मोस्ट' था और अब भी 'सीनियर मोस्ट' हूं... लेकिन मैंने कभी कुछ नहीं चाहा
पांच साल पुराने मर्डर केस में विज का सख़्त रुख : जांच CBI को सौंपने की सिफारिश, पुलिस कर्मचारी के खिलाफ FIR के आदेश