loader
The Haryana Story | अभय सिंह चौटाला का बड़ा बयान, बोले - विपक्ष सत्ता पक्ष के हाथों में खेल रहा, आज विपक्ष कमजोर है..इनेलो 'सबसे मजबूत' संगठन

अभय सिंह चौटाला का बड़ा बयान, बोले - विपक्ष सत्ता पक्ष के हाथों में खेल रहा, आज विपक्ष कमजोर है..इनेलो 'सबसे मजबूत' संगठन

पूरे देश में किसी राजनीतिक दल का बूथ स्तर तक कोई संगठन है तो वो इनेलो पार्टी का है, किन्हीं कारणों से पार्टी में बिखराव हुआ लेकिन अब हम नए सिरे से पार्टी को बूथ स्तर तक ले जाकर खड़ा करेंगे

अभय सिंह चौटाला

इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. अभय सिंह चौटाला ने बताया कि पार्टी का नया संगठन बनाया गया है और संगठन में जिन नए लोगों को शामिल किया है उनको नई जिम्मेदारी से अवगत करवाने के लिए और कैसे संगठन को आगे लेकर जाना है, संगठन में किस की क्या जिम्मेवारी है उसके लिए प्रशिक्षण शिविर लगाया है। हरियाणा को तीन जोन में बांटा है। गुरूग्राम जोन जिसमें 8 जिले हैं, हिसार जोन और अंबाला जोन में 7-7 जिले हैं। इनेलो के युथ, महिला, कर्मचारी, अनुसूचित जाति, पिछड़ी जाति, किसान, खेल समेत 17 प्रकोष्ठ हैं उनके भी संयोजक आए हैं। हम तीन-तीन गांव के दस बूथ का एक जोन बनाएंगे जिसके बारे में आज सभी को जानकारी दी जाएगी।

भूपेंद्र हुड्डा और उसके बेटे ने तीसरी बार भाजपा की सरकार बनवा दी

चौ. ओमप्रकाश चौटाला जब पहली दफा अध्यक्ष बने थे तब उन्होंने इनेलो पार्टी का संगठन खड़ा किया था और उसकी चर्चा थी कि अगर पूरे देश में किसी राजनीतिक दल का बूथ स्तर तक कोई संगठन है तो वो इनेलो पार्टी का है। किन्हीं कारणों से पार्टी में बिखराव हुआ लेकिन अब हम नए सिरे से पार्टी को बूथ स्तर तक ले जाकर खड़ा करेंगे। अभय सिंह चौटाला ने कहा कि विपक्ष सत्ता पक्ष के हाथों में खेल रहा है। भूपेंद्र हुड्डा पूर्ण रूप से भाजपा के एजेंट के रूप में काम कर रहे हैं। आज प्रदेश में आम चर्चा है कि लोग भाजपा को सत्ता से बाहर करना चाहते थे लेकिन भूपेंद्र हुड्डा और उसके बेटे ने तीसरी बार भाजपा की सरकार बनवा दी। 

राष्ट्रीय नेता को दखल देना पड़ रहा है उसके बाद भी आजतक संगठन नहीं बना

आज कांग्रेस हाशिए पर है। संगठन बनाने के लिए राहुल गांधी चंडीगढ़ में 30 जून की डेडलाइन देकर आए थे आज 5 जुलाई हो गई। कांग्रेस की हालत इतनी खराब है कि जिला के अध्यक्ष बनाने के लिए राष्ट्रीय नेता को दखल देना पड़ रहा है उसके बाद भी आजतक संगठन नहीं बना है। राहुल गांधी ने स्वयं ये कहा है कि कुछ लोग कांग्रेस में ऐसे हैं जो बीजेपी से मिले हुए हैं। इसी का नतीजा है कि प्रदेश की जनता परेशान है। अगर प्रदेश में विपक्ष मजबूत हो तो सरकार कोई भी फैसला लेने से पहले दस बार सोचेगी। विपक्ष कमजोर होने के कारण बिजली के बिल बढ़ा दिए, हमारे हिस्से का पानी पंजाब ने रोक दिया। 

कांग्रेस चुप है....

आज विपक्ष कमजोर है उसकी वजह से गरीब आदमी को सरसों का 2 लीटर तेल 40 रुपए में मिलता था उसे 100 रूपए कर दिया है। किसानों के लिए खाद नहीं है, बीज नहीं है, डीजल की दिक्कत है। कांग्रेस चुप है। कांग्रेस के किसी एक भी नेता का कोई ऐसा बयान नहीं आया कि वो जनता की लड़ाई सडकों पे आकर लड़ेंगे। इनेलो पार्टी चौ. देवीलाल का लगाया हुआ पौधा है। 

इनेलो पार्टी ही ऐसी पार्टी है जो जनता की लड़ाई सडकों पर आकर लड़ती है

केवल इनेलो पार्टी ही ऐसी पार्टी है जो सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ जनता की लड़ाई सडकों पर आकर लड़ती है। पानी के मुद्दे पर हम लड़े और पंजाब सरकार को अल्टीमेटम दिया था कि 25 तारीख तक अगर हमारा पानी नहीं दिया तो हरियाणा से जाने वाले पंजाब के सभी रास्ते बंद कर देंगे उसका नतीजा यह निकला कि 23 तारीख को पानी छोड़ दिया। बिजली के मुद्दे पर भी हमने पंचकूला में प्रदेश स्तरीय प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिया। 

बिजली के दाम नहीं घटाए तो उसके लिए सडकों पर उतर कर जनता की लड़ाई लड़ेंगे

अगर सरकार ने बिजली के दाम नहीं घटाए तो उसके लिए सडकों पर उतर कर जनता की लड़ाई लड़ेंगे। अभय सिंह चौटाला ने कहा कि हम संगठन मजबूत करने पर गंभीरता से काम कर रहे हैं। अगर हमारा संगठन मजबूत होगा तो हम सरकार को जनविरोधी निर्णय नहीं लेने देंगे। बहुत सारे लोग पार्टी ज्वाइन कर रहे है और 25 सितंबर को स्वर्गीय चौ. देवीलाल के जन्मदिवस पर बड़ी संख्या में शामिल होंगे। जो लोग हमें छोडकर गए थे उन्हें बहकाया गया था और जो उन्हें लेकर गए थे उनका राजनीतिक भविष्य खत्म हो गया है। अब लोगों का भरोसा केवल इनेलो पर है। उन्होंने दावा किया कि संगठन के बलबूते से भाजपा को सत्ता से बाहर करेंगे।

बीजेपी का मुख्यमंत्री हट सकता है लेकिन ये भ्रष्ट वीसी नहीं हटेगा

तलवंडी राणा के लोग रास्ते को लेकर धरने पर बैठे थे हमने उनकी आवाज उठाई तो सरकार ने रास्ता दिया। अब 2 किलोमीटर का रास्ता नहीं बन रहा है उसके लिए हमारे दोनो विधायक विधानसभा में उनकी आवाज उठाएंगे। एचएयू के वीसी को न हटाए जाने पर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए अभय चौटाला ने कहा कि वीसी संघ का आदमी है। बीजेपी का मुख्यमंत्री हट सकता है लेकिन ये भ्रष्ट वीसी नहीं हटेगा। 

ये रहे मौजूद

इस कार्यक्रम में हिसार जोन के कार्यक्रम में मुख्य वक्ताओं में राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला, प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा, राष्ट्रीय प्रधान महासचिव प्रकाश भारती, राज्य संगठन सचिव एवं विधायक आदित्य चौटाला, राष्ट्रीय संगठन सचिव उमेद सिंह लोहान, महिला प्रकोष्ठ प्रभारी सुनैना चौटाला, प्रदेश अध्यक्ष महिला प्रकोष्ठ तनुजा कश्यप, राज्य प्रवक्ता डॉ. सतवीर सैनी, जिला प्रधान सतपाल काजला, आईएसओ प्रदेशाध्यक्ष साहिल दीप कस्वां, हिसार के सभी हलका प्रधान ऑफिस इंचार्ज बलबीर सिहाग एवं जिला प्रवक्ता विनोद कस्वां एडवोकेट मौजूद रहे।

Join The Conversation Opens in a new tab
×