हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम शहर की स्वच्छता को बनाए रखने और इसे निरंतर बेहतर बनाने के लिए निगम पार्षदों की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए पार्षदों से आह्वान किया कि वे निगम अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर शहर की सफाई व्यवस्था को मजबूत करें। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार के स्तर पर किसी भी प्रकार की संसाधनों की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने पार्षदों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि यदि कोई अधिकारी जनसमस्याओं के समाधान में कोताही बरतता है, तो वे सीधे मुख्यमंत्री से फोन पर संपर्क कर सकते हैं।
आगामी बैठक में स्टेटस रिपोर्ट लेकर आने के निर्देश दिए
मुख्यमंत्री बुधवार को गुरुग्राम में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, पटौदी की विधायक बिमला चौधरी, सोहना के विधायक तेजपाल तंवर और गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा भी मौजूद रहे। बैठक में 18 परिवाद रखे गए, मुख्यमंत्री ने 15 शिकायतों का निपटारा करते हुए तीन मामलों को आगामी बैठक तक लंबित रखने के निर्देश दिए और संबंधित अधिकारियों से आगामी बैठक में स्टेटस रिपोर्ट लेकर आने के निर्देश दिए।
प्रत्येक परिवादी से समाधान की स्थिति के बारे में जानकारी ली
नायब सिंह सैनी ने बैठक के दौरान अपने चिर-परिचित संवेदनशील अंदाज में उन परिवादियों से स्वयं फोन पर संपर्क किया, जिनके मामले पहले ही निपटाए जा चुके थे, किंतु वे बैठक में उपस्थित नहीं हो सके थे। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक परिवादी से समाधान की स्थिति के बारे में जानकारी ली और यह सुनिश्चित किया कि वे सरकार की कार्रवाई से संतुष्ट हैं। बैठक में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति के पूर्व सदस्य एडवोकेट रविन्द्र जैन ने बताया कि सदर बाजार में जैन मंदिर के नजदीक जमा कूड़े को उठाने के लिए कई बार सफाई कर्मियों को संपर्क किया गया, लेकिन अभी भी समस्या का निवारण नहीं हुआ है।
अधिकारी जनता की समस्याओं के निवारण के लिए अपनी कार्यशैली में बदलाव करें
मुख्यमंत्री ने निगम कर्मियों की कार्यशैली से नाराजगी जताते हुए संबंधित क्षेत्र के सैनेटरी इंस्पेक्टर के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए कहा कि अधिकारी जनता की समस्याओं के निवारण के लिए अपनी कार्यशैली में बदलाव करें, अन्यथा कार्रवाई के लिए तैयार रहें। बैठक में गांव बहोड़ा कला से आए एक शिकायतकर्ता ने बताया कि गांव में किसी व्यक्ति ने श्मशान घाट के सरकारी रास्ते पर कब्जा किया है, जिससे ग्रामीणों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।
related
'डोंट डिजायर बट डिजर्व इट’ : विज बोले - मैं 2014 में 'सीनियर मोस्ट' था और अब भी 'सीनियर मोस्ट' हूं... लेकिन मैंने कभी कुछ नहीं चाहा
पांच साल पुराने मर्डर केस में विज का सख़्त रुख : जांच CBI को सौंपने की सिफारिश, पुलिस कर्मचारी के खिलाफ FIR के आदेश