टोहाना रेलवे स्टेशन पर शनिवार को एक ऐतिहासिक क्षण सामने आया जब रायपुर हरियाणा से वाया टोहाना, नरवाना, कैथल, कुरुक्षेत्र, अंबाला होते हुए चंडीगढ़ जाने वाली अम्ब-अन्दौरा मेमू ट्रेन (64563 और 64564) का ठहराव शुरू हुआ। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने टोहाना स्टेशन पर दैनिक रेल यात्री संघ द्वारा आयोजित समारोह में उपस्थित जनसमूह की मौजूदगी में ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
टोहाना क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि
सांसद बराला ने इस अवसर को टोहाना क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि करार दिया और कहा कि यह ठहराव न केवल स्थानीय लोगों को राहत देगा, बल्कि यह क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास में भी सहायक सिद्ध होगा। इस मौके पर सांसद ने इस ट्रेन को भाखड़ा विस्थापित परिवारों को समर्पित करते हुए कहा कि उनके बलिदान और योगदान की वजह से आज टोहाना और इसके आसपास के क्षेत्र में सिंचाई की समुचित सुविधा उपलब्ध है। सांसद ने भावुक होते हुए कहा कि वर्षों पहले भाखड़ा परियोजना के लिए अपने घर छोड़ने वाले परिवारों ने इस क्षेत्र के लिए जो त्याग किया, उसे भुलाया नहीं जा सकता। यह ट्रेन उनके सम्मान और टोहाना क्षेत्र की तरक्की की दिशा में केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
इस ट्रेन को शुरू करवाने की मांग उन्होंने ही संसद में उठाई थी
उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही सरकार संकल्प से सिद्धि के मार्ग पर चल रही है और वह हर वायदे को निभा रही है। सांसद बराला ने कहा कि यह ठहराव टोहाना क्षेत्र के लिए केवल एक ट्रेनों की सुविधा नहीं बल्कि विकास की नई पटरी पर एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि इस ट्रेन को शुरू करवाने की मांग उन्होंने ही संसद में उठाई थी और इसे लेकर सरकार के साथ निरंतर बातचीत की। ट्रेन शुरू होने के बाद टोहाना में इसका ठहराव नहीं हुआ तो टोहाना क्षेत्र के लोगों की मांग पर इस ट्रेन का ठहराव टोहाना में सुनिश्चित किया जा रहा है।
चंडीगढ़ तक की यात्रा अब पहले से कहीं अधिक सुलभ हो जाएगी
इससे न केवल टोहाना बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को भी सीधा लाभ मिलेगा, और चंडीगढ़ तक की यात्रा अब पहले से कहीं अधिक सुलभ हो जाएगी। सांसद ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में रेलवे के बुनियादी ढांचे में अभूतपूर्व विकास हुआ है। रेलवे के आधुनिकीकरण, नई ट्रेनों की शुरूआत, स्टेशनों के पुनर्विकास और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को लगातार सशक्त किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि आज विपक्ष भी केंद्र सरकार द्वारा रेलवे में किए जा रहे सुधारों और प्रगति की सराहना करने को मजबूर है। उन्होंने कहा कि टोहाना और जाखल क्षेत्र में रेलवे को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
सांसद ने विश्वास दिलाया कि आने वाले समय में क्षेत्र को और बेहतर रेल सुविधाएं दी जाएंगी
रेल ओवरब्रिज, अंडरपास, नई ट्रेनों के ठहराव, स्टेशन सुविधाओं में सुधार जैसे कई कार्य केंद्र सरकार और रेल मंत्रालय के सहयोग से पूरे किए जा रहे है। सांसद ने विश्वास दिलाया कि आने वाले समय में क्षेत्र को और बेहतर रेल सुविधाएं दी जाएंगी। सांसद बराला ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार जन कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। सरकार का उद्देश्य केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि वायदों को धरातल पर उतारना है। संकल्प से सिद्धि की नीति के अंतर्गत टोहाना क्षेत्र को निरंतर विकास की राह पर अग्रसर किया जा रहा है।
related
'डोंट डिजायर बट डिजर्व इट’ : विज बोले - मैं 2014 में 'सीनियर मोस्ट' था और अब भी 'सीनियर मोस्ट' हूं... लेकिन मैंने कभी कुछ नहीं चाहा
पांच साल पुराने मर्डर केस में विज का सख़्त रुख : जांच CBI को सौंपने की सिफारिश, पुलिस कर्मचारी के खिलाफ FIR के आदेश