चंडीगढ़ स्थित राजभवन में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश शील नागू ने उन्हें शपथ दिलाई। घोष ने अपनी शपथ का भाषण अंग्रेजी में पढ़ा। शपथ ग्रहण समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी और पंजाब के गवर्नर व चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया भी मौजूद रहे। घोष को बंडारू दत्तात्रेय की जगह राज्यपाल बनाया गया है। 14 जुलाई 2025 को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उनके नाम की घोषणा की थी।
अशीम ने पश्चिम बंगाल में संघ और बीजेपी की जड़ें जमाने में अहम भूमिका निभाई
घोष पश्चिम बंगाल में भाजपा के अध्यक्ष रह चुके हैं। अशीम ने पश्चिम बंगाल में संघ और बीजेपी की जड़ें जमाने में अहम भूमिका निभाई है। अभी पश्चिम बंगाल में पार्टी के मार्गदर्शक मंडल में रहकर घोष भाजपा की नीतियों को आगे बढ़ाने का काम कर रहे थे। तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की कैबिनेट में मंत्री रहे तपन सिकंदर अशीम को राजनीति में लाए थे। वाजपेयी ने ही घोष की निपुणता को देखते हुए पश्चिम बंगाल में भाजपा की कमान सौंपी थी। पार्टी के भीतर एक बुद्धिजीवी चेहरे के रूप में घोष की पहचान है।
पार्टी में उनकी छवि एक सम्मानित और मार्गदर्शक व्यक्ति के रूप में बनी रही
20 साल से सक्रिय राजनीति से दूर घोष उत्तर कोलकाता के श्री शिक्षायतन कॉलेज में प्रोफेसर रहे हैं। उन्हें पश्चिम बंगाल भाजपा के उथल-पुथल वाले दौर में एक अनुशासित और वैचारिक रूप से स्पष्ट सोच रखने वाले बुद्धिजीवी के रूप में जाना जाता है। हालांकि उन्होंने सक्रिय राजनीति करीब 20 साल पहले छोड़ दी थी, फिर भी पार्टी में उनकी छवि एक सम्मानित और मार्गदर्शक व्यक्ति के रूप में बनी रही।
प्रो. अशीम कुमार घोष ने सोमवार को राज्य के 19वें राज्यपाल के रूप में शपथ ली
हरियाणा के नवनियुक्त राज्यपाल प्रो. अशीम कुमार घोष ने सोमवार को राज्य के 19वें राज्यपाल के रूप में शपथ ली। हरियाणा राजभवन में आयोजित समारोह में पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति शील नागू ने प्रो. अशीम कुमार घोष को पद एवं निष्ठा की शपथ दिलाई। राज्यपाल प्रो. अशीम कुमार घोष, एक प्रतिष्ठित शिक्षाविद और अनुभवी राजनेता हैं, जो लगभग चार दशकों तक कोलकाता के एक प्रतिष्ठित कॉलेज में राजनीति विज्ञान विभाग के अध्यक्ष रहे। उन्होंने अकादमिक शोध और राजनीतिक विमर्श में सक्रिय योगदान सहित यूजीसी और आईसीएसएसआर परियोजनाओं पर भी काम किया है और उनके कई लेख प्रमुख प्रकाशनों में प्रकाशित हुए है।
हरियाणा आर्म्ड पुलिस की स्पेशल टुकड़ी ने राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर दिया
शपथ ग्रहण समारोह में पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की गरिमामयी उपस्थिति रही। इनके अलावा, राज्यपाल की धर्मपत्नी मित्रा घोष, मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी सुमन सैनी सहित राज्यपाल के परिवार के सदस्य भी उपस्थित रहे। समारोह में हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण, कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार, महीपाल ढांडा, डॉ. अरविंद शर्मा, श्याम सिंह राणा, रणबीर गंगवा, कृष्ण कुमार बेदी, श्रुति चौधरी, राज्य मंत्री राजेश नागर और गौरव गौतम, मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, राज्यपाल के सचिव अतुल द्विवेदी, विधायकगण, विश्वविद्यालयों के कुलपति और वरिष्ठ अधिकारीगण मौजूद रहे। राज्यपाल प्रो. अशीम कुमार घोष ने शपथ ग्रहण समारोह में आए महानुभावों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की और उनकी बधाई स्वीकार की। इस दौरान हरियाणा आर्म्ड पुलिस की स्पेशल टुकड़ी ने राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर दिया।
related
'डोंट डिजायर बट डिजर्व इट’ : विज बोले - मैं 2014 में 'सीनियर मोस्ट' था और अब भी 'सीनियर मोस्ट' हूं... लेकिन मैंने कभी कुछ नहीं चाहा
पांच साल पुराने मर्डर केस में विज का सख़्त रुख : जांच CBI को सौंपने की सिफारिश, पुलिस कर्मचारी के खिलाफ FIR के आदेश