loader
The Haryana Story | हरियाणा की छात्राओं ने संभाली तिरंगा यात्रा की कमान, कश्मीर के ऐतिहासिक लाल चौक तक जाएगी यात्रा, सीएम ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

हरियाणा की छात्राओं ने संभाली तिरंगा यात्रा की कमान, कश्मीर के ऐतिहासिक लाल चौक तक जाएगी यात्रा, सीएम ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने संत कबीर कुटीर, चंडीगढ़ से तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने संत कबीर कुटीर, चंडीगढ़ से तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जोकि पंजाब से होते हुए कश्मीर के ऐतिहासिक लाल चौक तक जाएगी। मीडिया छात्र संघ द्वारा आयोजित इस यात्रा का उद्देश्य देशभर में एकता के संदेश को बढ़ावा देना, राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान को बढ़ाना और भाईचारे के बंधन को मजबूत करना है। यह यात्रा 18 अगस्त को समाप्त होगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस अवसर पर एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सदस्यों, विशेषकर यात्रा में भाग लेने वाली 100 से अधिक छात्राओं को बधाई दी।

ऑपरेशन सिंदूर भारत की अपनी संप्रभुता की रक्षा के संकल्प का प्रमाण

इस पूरी यात्रा का नेतृत्व और प्रबंधन छात्राओं द्वारा किया जा रहा है। जब हमारी बेटियां किसी भी अभियान का नेतृत्व करती हैं तो उसमें संवेदनशीलता, दृढ़ संकल्प कई गुना बढ़ जाता है। उन्होंने कहा यह यात्रा न केवल हरियाणा की बेटियों के साहस को दर्शाती है, बल्कि पूरे देश की महिलाओं की शक्ति का भी प्रतिनिधित्व करती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार द्वारा 11 वर्षों में महिला सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। हाल ही में किया गया ऑपरेशन सिंदूर भारत की अपनी संप्रभुता की रक्षा के संकल्प का प्रमाण है। 

तिरंगा हमारे दिलों में है, हमारे कार्यों में है और यह हमारा गौरव

उन्होंने कहा कि भारत की 2 बेटियों विंग कमांडर व्योमिका सिंह और कर्नल सोफिया कुरैशी ने आगे बढ़कर नेतृत्व किया और साहस और गर्व के साथ देश को ऑपरेशन सिंदूर के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह दृढ़ संकल्प है कि जो कोई भी भारत को नुकसान पहुंचाने की हिमाकत करेगा, उसे हमारे बहादुर सैनिकों द्वारा उचित जवाब दिया जाएगा। आज का भारत एक नया भारत है जो मजबूत, आत्मनिर्भर और प्रधानमंत्री के नेतृत्व में तीव्र गति से आगे बढ़ रहा है। नायब सिंह सैनी ने कहा कि तिरंगा हमारे दिलों में है, हमारे कार्यों में है और यह हमारा गौरव है। 

पूर्वजों के त्याग और देशभक्ति की अमूल्य विरासत

यह हमारे पूर्वजों के त्याग और देशभक्ति की अमूल्य विरासत है। उन्होंने कहा कि 3 दिन बाद राष्ट्र 15 अगस्त को बड़े उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ अपना स्वतंत्रता दिवस मनाएगा। उन्होंने सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं। मुख्यमंत्री ने इस दौरान भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि भी अर्पित किए। कार्यक्रम में भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद के देशभक्तिपूर्ण नारे गूंज उठे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के ओएसडी भारत भूषण भारती, मीडिया छात्र संघ के सदस्य तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Join The Conversation Opens in a new tab
×