loader
The Haryana Story | भाजपा की सीएम आवास पर हुई तीन महत्वपूर्ण बैठकें, विस चुनाव-2024 में हारे 42 प्रत्याशियों को दिया होमवर्क, वोट प्रतिशत बढ़ाने पर फोकस

भाजपा की सीएम आवास पर हुई तीन महत्वपूर्ण बैठकें, विस चुनाव-2024 में हारे 42 प्रत्याशियों को दिया होमवर्क, वोट प्रतिशत बढ़ाने पर फोकस

बैठक प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष और जिला प्रभारियों के साथ हुई, जिसमें कार्यक्रमों पर चर्चा करने के साथ-साथ अब तक हुए कार्यक्रमों की समीक्षा भी की

भारतीय जनता पार्टी की सीएम आवास पर 3 महत्वपूर्ण बैठकें हुई, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा ने पहली बैठक प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष और जिला प्रभारियों के साथ की और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा करने के साथ-साथ अब तक हुए कार्यक्रमों की समीक्षा भी की। इसके बाद दूसरी बैठक विधानसभा 2024 के चुनाव लड़ चुके उन 42 प्रत्याशियों के साथ हुई जो चुनाव हार गए थे।

बेहतर काम के लिए पदाधिकारियों की पीठ भी थपथपाई

बैठक में इन नेताओं के साथ मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और संगठन मंत्री ने विधानसभा में पार्टी को और मजबूत किए जाने पर जोर दिया। इन बैठकों में मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष ने बेहतर काम के लिए पदाधिकारियों की पीठ भी थपथपाई। राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़, प्रदेश महामंत्री एवं कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी, प्रदेश महामंत्री डा. अर्चना गुप्ता और सुरेंद्र पूनिया की उपस्थिति में आगामी जनसंपर्क अभियानों की रूपरेखा भी तैयार की गई। विधानसभा चुनाव 2024 में चुनाव लड़ चुके 42 प्रत्याशियों को होमवर्क में दिया गया और भाजपा का वोट प्रतिशत बढ़ाने पर फोकस करने को कहा गया।

कार्यकर्ताओं की मेहनत से 2029 में भी और बड़ी ऐतिहासिक जीत होगी

विधानसभा चुनाव 2024 में भाजपा को 39.94 फीसदी वोट मिले थे। भाजपा का लक्ष्य 2029 के विधानसभा चुनाव तक इसे बढ़ाकर 50 प्रतिशत से अधिक करना है। बैठक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को धरातल पर और अधिक प्रभावी ढंग से लागू करने व आगामी रणनीति को लेकर उपस्थित सभी पदाधिकारियों में नई दिशा एवं ऊर्जा का संचार किया। बेहतर फीडबैक से विश्वास से भरे मुख्यमंत्री ने पदाधिकारियों से बातचीत में विश्वास जताया कि जनता के आशीर्वाद और कार्यकर्ताओं की मेहनत से 2029 में भी और बड़ी ऐतिहासिक जीत होगी। उन्होंने कहा कि टीम हरियाणा 3 गुणा गति से काम करते हुए एक भारत श्रेष्ठ भारत की संकल्पना को सार्थक करने में जुटी है। 

विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भाजपा सरकार ने हर वर्ग को सरकारी योजनाओं से जोड़ा है। हमने न केवल हर फसल पर एमएसपी दी, बल्कि हम एमएसपी बढ़ाकर भी दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार पर हमारी सरकार ने अंकुश लगाया है। स्वयं सहायता समूहों को भी बढ़ावा दिया है। मुख्यमंत्री ने उपस्थित पदाधिकारियों को कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को जनता के बीच लेकर जाएं और सरकार की उपलब्धियां भी गिनाएं। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है। भाजपा सरकार की योजनाओं से देश और प्रदेश की जनता खुश है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि आज की बैठक में आगामी योजनाओं और जनसंपर्क अभियानों की रूपरेखा तैयार की गई है। 

चुनाव लड़ चुके 42 प्रत्याशी बेहतर तालमेल के साथ संगठन को और अधिक मजबूत करेंगे

सरकार और संगठन से जुड़े मुद्दों पर गहन चर्चा हुई है। बड़ौली ने कहा कि 42 विधानसभाओं में 12 मंत्रियों और 30 विधायकों को प्रभारी नियुक्त किया गया है। चुनाव लड़ चुके 42 प्रत्याशी बेहतर तालमेल के साथ संगठन को और अधिक मजबूत करेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर भाजपा 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा चलाएगी। इस दौरान भाजपा के कार्यकर्ता स्वच्छता अभियान के तहत धार्मिक एवं शहीदों के स्थलों पर साफ-सफाई करेंगे। 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती है जो पूरे प्रदेश में मनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि वोकल फॉर लोकल और संगठन की मजबूती को लेकर भी अभियान चलेंगे। 

गांधी जयंती पर खादी अभियान चलाया जाएगा

2 अक्टूबर को गांधी जयंती पर खादी अभियान चलाया जाएगा। मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि आज एक राष्ट्र, एक चुनाव अभियान को लेकर भी बैठक में व्यापक चर्चा हुई है। इस अभियान को जनसंपर्क के माध्यम से गांव-गांव, शहर-शहर तक ले जाया जाएगा ताकि आम जनता को देशहित में इसकी अनिवार्यता से अवगत करवाया जा सके। बड़ौली ने कहा कि बार-बार चुनाव से केवल आर्थिक नुकसान ही नहीं, बल्कि विकास कार्यों में बाधा आती है। उन्होंने कहा कि यदि देश में एक साथ चुनाव होंगे शासन व्यवस्था अधिक स्थिर और योजनाबद्ध हो सकेगी।

Join The Conversation Opens in a new tab
×