loader
The Haryana Story | सीएम सैनी ने बाढ़ प्रभावित पंजाब-हिमाचल के लिए सहायता सामग्री के 25 ट्रकों को झंडी दिखाकर किया रवाना

सीएम सैनी ने बाढ़ प्रभावित पंजाब-हिमाचल के लिए सहायता सामग्री के 25 ट्रकों को झंडी दिखाकर किया रवाना

प्रदेश सरकार द्वारा जम्मू-कश्मीर और पंजाब में बाढ़ पीड़ितों को राहत के लिए 5-5 करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की गई थी, अब सरकार ने हिमाचल के लिए भी 5 करोड़ रुपये की सहायता राशि भेजी

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हाल ही में प्रदेश सरकार द्वारा जम्मू-कश्मीर और पंजाब में बाढ़ पीड़ितों को राहत के लिए 5-5 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई थी। इसी क्रम में आज हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और बाढ़ से हुए नुकसान को देखते हुए हरियाणा सरकार द्वारा 5 करोड़ रुपये की सहायता राशि हिमाचल प्रदेश मुख्यमंत्री राहत कोष में भेजी गई है। मुख्यमंत्री ने यह बात आज मंत्रिमंडल की अनौपचारिक बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही। उन्होंने बताया कि सभी मंत्रीगण, पार्टी के विधायकों तथा समर्थित विधायकों से एक माह का वेतन मुख्यमंत्री राहत कोष में देने का अनुरोध किया गया है ताकि बचाव और पुनर्वास कार्यों को गति प्रदान करते हुए परिवारों को त्वरित राहत प्रदान की जा सके। 

इनमें 15 ट्रक पंजाब के लिए और 10 ट्रक हिमाचल प्रदेश के लिए शामिल

इसके साथ साथ हरियाणा प्रदेश के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से भी आग्रह किया गया है कि वह अपनी इच्छा अनुसार मुख्यमंत्री राहत कोष में मदद करें। इसके साथ ही दो पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भाजपा प्रदेश कार्यालय (पंचकमल), पंचकूला से बाढ़ प्रभावित पंजाब व हिमाचल प्रदेश के लिए सहायता सामग्री के 25 ट्रकों को झंडी दिखाकर रवाना किया। इनमें 15 ट्रक पंजाब के लिए और 10 ट्रक हिमाचल प्रदेश के लिए शामिल हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री ने माता मनसा देवी मंदिर में पूजा अर्चना की और महामायी का आशीर्वाद लिया। पंचकमल में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज इन ट्रकों के माध्यम से पंजाब व हिमाचल के बाढ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को रोजमर्रा की जरूरी चीजें पंहुचाई जा रही हैं ताकि आपदा के इस समय में उन्हें किसी प्रकार की दिक्कत ना हो।

पंजाब के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश में भी प्राकृतिक आपदा से काफी नुकसान हुआ

उन्होंने कहा कि पड़ोसी राज्य पंजाब के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश में भी प्राकृतिक आपदा से काफी नुकसान हुआ है। कई जगह गांव के गांव प्रभावित हुए हैं और लोगों के साथ साथ पशु धन भी इसकी चपेट में आया है। ऐसी स्थिति में लोगों की मदद करना हमारा दायित्व बनता है। लोगों को राहत पहुंचाने के लिए हरियाणा सरकार के साथ-साथ पार्टी भी प्रभावित क्षेत्रों में लगातार राहत सामग्री पंहुचा रही है। प्रतिदिन हरियाणा से पंजाब के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए राहत सामग्री के ट्रक भेजे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह व भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के निर्देशानुसार सेवा ही संगठन की भावना से कार्य करते हुए सरकार पार्टी के साथ मिलकर प्राकृतिक आपदा में लोगों को राहत पहुँचाने का कार्य कर रही है। हरियाणा के संबंध में पूछे गए प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में निचले इलाकों में जलभराव हुआ है। हमने जलभराव से ग्रस्त क्षेत्रों में तुरंत राहत के लिए प्राथमिकताएं तय की हैं और राहत कार्य निरंतर चल रहा है।

किसी भी प्रकार के सामान व संसाधन की आवश्यकता है तो वे निसंकोच बताएं

एक अन्य प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस दिन पंजाब में प्राकृतिक आपदा आई थी उस दिन उन्होंने पड़ोसी सूबे के मुख्यमंत्री को पत्र लिखा था, जिसमें उन्होंने कहा था कि आपदा की इस स्थिति में किसी भी प्रकार के सामान व संसाधन की आवश्यकता है तो वे निसंकोच बताएं। हरियाणा की ओर से तुरंत सहायता पंहुचाई जाएगी। नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा की ओर से पंजाब को निरंतर राहत सामग्री भेजी जा रही है। आज भी पंजाब के लिए राहत सामग्री से भरे 15 ट्रक भेजे गए हैं। हिमाचल बीजेपी अध्यक्ष राजीव बिंदल ने आपदा ग्रस्त हिमाचल को राहत सामग्री भेजने के लिए मुख्यमंत्री नायब सैनी का आभार व्यक्त किया।

चंबा जिला के प्रत्येक प्रभावित परिवार को राहत सामग्री वितरित की जाएगी

उन्होंने कहा कि 10 ट्रकों के माध्यम से चंबा जिला के प्रत्येक प्रभावित परिवार को राहत सामग्री वितरित की जाएगी। इसमें रोजमर्रा में उपयोग होने वाली खाद्य सामग्री जैसे चावल, आटा, चीनी, दालों के अलावा त्रिपाल, कंबल, बिस्तर इत्यादि शामिल हैं। इस अवसर पर पूर्व मंत्री असीम गोयल, कालका विधायक शक्ति रानी शर्मा, मेयर कुलभूषण गोयल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, जिलाध्यक्ष अजय मितल, बीजेपी प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया, उपायुक्त मोनिका गुप्ता, पुलिस उपायुक्त सृष्टि गुप्ता, अतिरिक्त उपायुक्त निशा यादव, एसडीएम चंद्रकांत कटारिया सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Join The Conversation Opens in a new tab
×