loader
The Haryana Story | राज्यपाल ने पुलिस कुश्ती समूह प्रतियोगिता का किया उद्घाटन, इस मौके पर DGP शत्रुजीत कपूर ने की बड़ी घोषणा

राज्यपाल ने पुलिस कुश्ती समूह प्रतियोगिता का किया उद्घाटन, इस मौके पर DGP शत्रुजीत कपूर ने की बड़ी घोषणा

राज्यपाल ने दो अलग-अलग कार्यक्रमों में शिरकत की, सबसे पहले सेक्टर-13 स्थित राजकीय स्मार्ट प्राथमिक पाठशाला का दौरा किया बच्चों की कॉपियाँ देखीं और प्रोटीन बार भी वितरित किए, इसके बाद राज्यपाल पुलिस परिसर मधुबन वच्छेर स्टेडियम पहुंचे

हरियाणा के राज्यपाल असीम कुमार घोष ने शनिवार को करनाल में दो अलग-अलग कार्यक्रमों में शिरकत की और शिक्षा व खेलों के महत्व पर जोर दिया।राज्यपाल ने सबसे पहले सेक्टर-13 स्थित राजकीय स्मार्ट प्राथमिक पाठशाला का दौरा किया। यहाँ उन्होंने छात्र-छात्राओं, अध्यापकों और अभिभावकों से संवाद करते हुए कहा कि प्राथमिक स्तर पर दी जाने वाली शिक्षा ही भविष्य की नींव है। इसलिए अध्यापक बच्चों की शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें और उन्हें अच्छे संस्कार व स्वच्छता के प्रति जागरूक करें। राज्यपाल ने बच्चों से कक्षा में जाकर बातचीत की, उनकी कॉपियां देखीं और प्रोटीन बार भी वितरित किए। उन्होंने बच्चों के नाखून चेक कर स्वच्छता का संदेश दिया। इस दौरान राज्यपाल ने स्कूल की सुविधाओं के लिए अपने ऐच्छिक कोष से 50 हजार रुपये देने की घोषणा की और स्कूल के शौचालयों व परिसर की स्वच्छता की भी सराहना की। 

हरियाणा खेलों की दृष्टि से हमेशा अग्रणी रहा

इसके बाद राज्यपाल पुलिस परिसर मधुबन वच्छेर स्टेडियम पहुँचे, जहाँ उन्होंने 74वें अखिल भारतीय पुलिस कुश्ती समूह 2025-26 का उद्घाटन किया। मशाल जलाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए उन्होंने कहा कि खेल हर व्यक्ति के जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं और पुलिस बल में अनुशासन बनाए रखने में इनकी विशेष भूमिका है। राज्यपाल ने कहा कि हरियाणा खेलों की दृष्टि से हमेशा अग्रणी रहा है और इस उपलब्धि में आम नागरिकों के साथ-साथ पुलिस जवानों का भी अहम योगदान है। उन्होंने गर्व जताया कि हरियाणा पुलिस के अनेक खिलाड़ी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुके हैं और उन्होंने देश व प्रदेश का नाम रोशन करने के साथ-साथ पुलिस विभाग का गौरव भी बढ़ाया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस तरह की प्रतियोगिताएँ भविष्य में भी लगातार आयोजित की जाएगी और युवाओं को खेलों की ओर आकर्षित करेंगी। 

प्रतियोगिता और नई भर्ती की घोषणा

यह प्रतियोगिता 20 से 24 सितम्बर तक चलेगी, जिसमें 35 टीमें आर्म रेसलिंग, बॉडी बिल्डिंग, बॉक्सिंग और कुश्ती में पदक के लिए मुकाबला करेंगी। इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने घोषणा की कि जल्द ही राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर के होनहार खिलाड़ियों को हरियाणा पुलिस में भर्ती किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस का कार्य कठिन है, लेकिन इसके बावजूद पुलिस जवान खेलों के प्रति अपनी लगन बनाए रखते हैं और प्रदेश व विभाग का गौरव बढ़ा रहे हैं। दोनों कार्यक्रमों में राज्यपाल की धर्मपत्नी मित्रा घोष, विधायक जगमोहन आनंद, जिला प्रशासन के अधिकारी, पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, गणमान्य व्यक्ति व बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

Join The Conversation Opens in a new tab
×