loader
The Haryana Story | इस बार दिवाली बनी 'बचत उत्सव', जीएसटी रिफॉर्म का लाभ दिलाने के लिए करने होंगे अधिक प्रयास

इस बार दिवाली बनी 'बचत उत्सव', जीएसटी रिफॉर्म का लाभ दिलाने के लिए करने होंगे अधिक प्रयास

भाजपा जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट ने जीएसटी कर सुधार योजना का लाभ जनता को दिलवाने का किया कार्यकर्ताओं से अनुरोध

हरियाणा के पानीपत के स्थानीय आर्य पीजी कॉलेज के सभागार में वस्तु एवं सेवा कर संरचना को सरल बनाने पर जीएसटी बचत उत्सव पर प्रबुद्धजन सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय ऊर्जा, आवास और शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट ने की। कार्यक्रम संयोजक संजय अग्रवाल ने कार्यक्रम के बारे में विस्तार से जानकारी दी। जिला महामंत्री सुनील कंसल ने सभी का स्वागत किया। केंद्रीय मंत्री प्रतिनिधि गजेन्द्र सलूजा ने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का शुभारम्भ वंदे मातरम से हुआ।

इस बार की दिवाली को भी देश की जनता बचत का त्यौहार मनाएगी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि जीएसटी कर सुधार के बाद भारत की कर व्यवस्था में एक ऐतिहासिक बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद कर प्रणाली में यह एक बड़ा सुधार है जिससे नई आर्थिक क्रांति का शुभारम्भ हो गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 21 सितम्बर को राष्ट्र को संबोधित करते हुए इस सुधार को जीएसटी बचत उत्सव की संज्ञा दी थी। उन्होंने कहा कि इस बार की दिवाली को भी देश की जनता बचत का त्यौहार मनाएगी।

भाजपा सरकार ने देश की कमान संभाली थी तो देश की अर्थव्यवस्था ठीक नहीं थी

उन्होंने कहा कि 2014 में जब देश में भाजपा सरकार ने देश की कमान संभाली थी तो देश की अर्थव्यवस्था ठीक नहीं थी। इसी के दृष्टिगत 2017 में जीएसटी अप्रत्यक्ष कर प्रणाली लागू की गई थी लेकिन अब देश की अर्थव्यवस्था इतनी मजबूत है कि भारत विश्व की चौथी आर्थिक शक्ति बन गया है और सरकार ने पहले आय कर की सीमा बढ़ाकर 12 लाख 75 हजार रुपये वार्षिक तक किया और अब जीएसटी में भारी कर सुधार करते हुए केवल दो ही स्लैब रखे हैं जिनमें 5 और 18 प्रतिशत लागू किया गया है जिससे देश का उपभोक्ता वर्ग बड़ी राहत महसूस कर रहे हैं। यही नहीं जीएसटी कटौती से त्यौहारी बिक्री भी 25 प्रतिशत से अधिक बढ़ गई है।

उपभोक्ताओं को जीएसटी सुधार का लाभ दिलवाने के लिए प्रयासरत रहें भाजपा कार्यकर्ता : मनोहर लाल

मनोहर लाल ने कहा कि जीएसटी कर सुधार का लाभ सभी उपभोक्ताओं को दिलवाने के लिए भाजपा के पदाधिकारियों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को अधिक प्रयास करने होंगे। वहीं व्यापारी और दुकानदार भी ग्राहकों को इसका पूरा लाभ दें। उन्होंने कहा कि नए जीएसटी कर सुधार से जहां देश के उद्योगपतियों, व्यापारियों, कर्मचारियों को लाभ हुआ है वही कृषि और किसान कल्याण राष्ट्रीय समृद्धि का आधार बनने जा रहा है। उन्होंने उपस्थित जन समूह से अपील की कि वे इस जीएसटी बचत उत्सव का लाभ जन-जन तक पहुँचाने के लिए उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को और अधिक जागरूक करें। 

सुझावों पर अमल भी करने का आश्वासन दिया

भाजपा जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट ने जहां सभी अतिथियों का स्वागत किया वहीँ उन सभी लोगों का भी आभार व्यक्त किया जिन्होंने इस कार्यक्रम को सफल बनाने में यथा योग्य सहयोग दिया। कार्यक्रम में डीईटीसी गौरव चहल और ईटीओ योगेश भारद्वाज ने उपस्थित व्यापारियों के जीएसटी से जुड़े सवालों के जवाब भी दिए और उन द्वारा दिए गए सुझावों पर अमल भी करने का आश्वासन दिया। उपायुक्त डॉक्टर वीरेंद्र कुमार दहिया ने केंद्रीय ऊर्जा आवास एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल का पुष्प गुच्छ देकर जिला प्रशासन की ओर से स्वागत किया। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह, एसडीएम पानीपत मनदीप कुमार भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने ग्रीन पानीपत मिशन के तहत परिसर में पौधारोपण भी किया और लोगों से अपील की कि वे पानीपत को हरा भरा बनाने के लिए ज्यादा से ज्यादा पेड़ पौधे लगाएं।

Join The Conversation Opens in a new tab
×