loader
The Haryana Story | मंत्री श्रुति चौधरी ने की 'मुख्यमंत्री' की तारीफ, बोलीं- मुख्यमंत्री की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं

मंत्री श्रुति चौधरी ने की 'मुख्यमंत्री' की तारीफ, बोलीं- मुख्यमंत्री की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं

श्रुति चौधरी ने प्रदेश की मातृशक्ति की ओर से मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा शुरू की गई दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना महिलाओं के सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य बनाने में मील का पत्थर साबित होगी

कुरुक्षेत्र में पोषण माह की 8वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में वर्ष 2018 में झुंझुनू (राजस्थान) से प्रारंभ हुआ पोषण अभियान व्यापक जनांदोलन का रूप ले चुका है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य 0 से 6 वर्ष आयु तक के बच्चों, किशोरियों तथा गर्भवती महिलाओं को संतुलित आहार एवं उचित देखभाल उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि मिशन पोषण 2.0 और सक्षम आंगनबाड़ी अभियान के माध्यम से पूरे देश में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

इस वर्ष पोषण माह की थीम जीवनशैली में बदलाव पर केंद्रित है जिसमें तेल एवं चीनी की खपत कम करना, स्थानीय व मोटे अनाज को बढ़ावा देना, सेवाओं का डिजिटलीकरण तथा महिलाओं-बच्चों की देखभाल में पुरुषों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना शामिल है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं से लाखों लाभार्थी जुड़ रहे हैं। वर्तमान में लगभग 10.47 लाख बच्चे और 2.67 लाख गर्भवती एवं स्तनपान कराने वाली महिलाएं पूरक पोषण कार्यक्रम से लाभान्वित हो रही हैं।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत करोड़ों की राशि सीधे महिलाओं के खातों में हस्तांतरित की गई है। अप्रैल, 2024 से अगस्त, 2025 तक प्रधानमंत्री मातृ वंदना पोर्टल पर दर्ज 2.95 लाख महिलाओं को 100 करोड़ से अधिक की राशि का लाभ मिला है। मुख्यमंत्री मातृत्व सहायता योजना के अंतर्गत 59 हजार से अधिक गर्भवती महिलाओं को 29 करोड़ से अधिक की राशि वितरित की गई है। उन्होंने कहा कि राज्य में 4,000 आंगनबाड़ी केंद्रों को प्ले स्कूल में अपग्रेड किया गया है जिनमें 50,309 बच्चे पंजीकृत हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा बजट 2025-26 में 2,000 अतिरिक्त प्ले स्कूल खोलने की घोषणा की गई है।

उन्होंने 64 नए आंगनबाड़ी केंद्रों और 500 नवीनीकृत आंगनबाड़ी भवनों का लोकार्पण करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। श्रुति चौधरी ने प्रदेश की मातृशक्ति की ओर से मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा शुरू की गई दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना महिलाओं के सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य बनाने में मील का पत्थर साबित होगी। यह दिखता है कि मुख्यमंत्री की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है। उन्होंने कहा कि हम सबका संकल्प है कि हर बच्चा पोषित हो, हर महिला स्वस्थ हो और हर परिवार सशक्त बने। जब परिवार स्वस्थ होंगे, तभी प्रदेश और देश प्रगति की नई ऊंचाइयों को छुएगा।

Join The Conversation Opens in a new tab
×