गुरुग्राम में शुक्रवार को राज्य स्तरीय वन्यजीव सप्ताह समारोह 2025 का आयोजन किया गया। वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता सुरक्षा और पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम मानेसर स्थित अरावली क्षेत्र में राम मंदिर परिसर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता हरियाणा के पर्यावरण, वन एवं वन्य जीव मंत्री राव नरबीर सिंह ने की। केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने अपने संबोधन में गुरुग्रामवासियों से आह्वान किया कि वे हर रविवार सुबह कम से कम 1 घंटे के समय का योगदान अरावली के ग्रीन अरावली अभियान में दें।
अपने घरों, मोहल्लें और स्कूल के आस-पास के खाली स्थानों में पौधे लगाएं
इस छोटे प्रयास से पूरे शहर में हरियाली बढ़ाने, प्रदूषण को कम करने और पर्यावरण को स्वस्थ बनाए रखने में बड़ी भूमिका निभाई जा सकती है। यदि प्रत्येक नागरिक इस अभियान में नियमित रूप से भागीदारी निभाए, तो गुरुग्राम न केवल राष्ट्रीय स्तर पर बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी एक हरा-भरा, स्वच्छ और विकसित शहर बनने की दिशा में अग्रसर होगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने घरों, मोहल्लें और स्कूल के आस-पास के खाली स्थानों में पौधे लगाएं और उनकी देखभाल करें।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि यह सिर्फ वृक्षारोपण का कार्य नहीं है, बल्कि समाज और प्रकृति के बीच एक मजबूत जुड़ाव और जिम्मेदारी का संदेश भी है। गुरुग्राम के नागरिक सामूहिक रूप से इस अभियान में भाग लेंगे, तो यह शहर भारत का मॉडल शहर बनकर उभरेगा, जहां हरियाली, स्वच्छता और पर्यावरण सुरक्षा का आदर्श स्थापित होगा। उन्होंने आग्रह किया कि यह प्रयास केवल वर्तमान पीढ़ी के लिए नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी पर्यावरणीय स्थिरता और स्वच्छ जीवन सुनिश्चित करने का माध्यम बने।
बेजुबान पशु-पक्षियों की देखभाल करे
हरियाणा के वन, पर्यावरण एवं वन्य जीव मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि दुनिया की सबसे प्राचीन पर्वतमाला अरावली हमारी धरोहर है। यह केवल पर्वतमाला ही नहीं, बल्कि ऋषि-मुनियों की तपस्थली और जैव विविधता का आधार भी रही है। जब तक हमारे वन सुरक्षित रहेंगे, तब तक वन्य जीव-जंतु भी सुरक्षित रहेंगे। जीव-जंतु और पक्षी हमारे पर्यावरण के अभिन्न अंग हैं। यदि हम उनकी रक्षा नहीं करेंगे तो पृथ्वी का संतुलन बिगड़ जाएगा। इसलिए हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह बेजुबान पशु-पक्षियों की देखभाल करे और वनों की सुरक्षा को अपना संकल्प बनाए।
500 एकड़ क्षेत्र में वृक्षारोपण कार्य का शुभारंभ भी किया गया
वन्य जीव सप्ताह का उल्लेख करते हुए राव नरबीर सिंह ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य जन-जन को जागरूक करना है ताकि समाज में यह संदेश पहुंचे कि वन्य जीवों की रक्षा केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें हर व्यक्ति को योगदान देना होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक पेड़ मां के नाम अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि पेड़ केवल लगाना ही नहीं, बल्कि उनकी पाँच साल तक एक बच्चे की तरह देखभाल करना भी जरूरी है।
जब पेड़ बड़े होंगे तो वे पशु-पक्षियों के लिए आश्रय स्थल बनेंगे और प्रकृति का संतुलन भी ठीक रहेगा। नमो वन में 750 पौधे रोपे, 500 एकड़ में वृक्षारोपण अभियान का किया शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथियों, विद्यार्थियों, ग्रामीणों और प्रतिभागियों द्वारा प्रस्तावित नमो वन में 750 पौधों का रोपण किया गया। इसके साथ ही 500 एकड़ क्षेत्र में वृक्षारोपण कार्य का शुभारंभ भी किया गया।
जैव विविधता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी कई महत्वपूर्ण पुस्तकों व प्रकाशनों का विमोचन
इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने संकल्प लिया कि लगाए गए पौधों की देखभाल बच्चे की तरह की जाएगी, ताकि आने वाले वर्षों में यह क्षेत्र हरा-भरा बनकर पर्यावरण संरक्षण का उदाहरण प्रस्तुत कर सके। कार्यक्रम के दौरान मानेसर स्थित शनि मंदिर परिसर में अरावली स्पीशीज नर्सरी का शिलान्यास भी किया गया। यह नर्सरी अरावली पर्वत श्रृंखला में स्थानीय प्रजातियों के पौधों और वृक्षों की पैदावार, संरक्षण और पुन:रोपण के लिए एक केंद्र के रूप में कार्य करेगी। यहां उगाए गए पौधे ग्रीन अरावली अभियान के तहत विभिन्न क्षेत्रों में लगाए जाएंगे, जिससे न केवल हरा-भरा वातावरण बनेगा, बल्कि वन्य जीवों के लिए आश्रय और जैव विविधता का संरक्षण भी सुनिश्चित होगा। कार्यक्रम के दौरान हरियाणा की जैव विविधता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी कई महत्वपूर्ण पुस्तकों व प्रकाशनों का केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव तथा कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह द्वारा विमोचन किया गया।
related
'डोंट डिजायर बट डिजर्व इट’ : विज बोले - मैं 2014 में 'सीनियर मोस्ट' था और अब भी 'सीनियर मोस्ट' हूं... लेकिन मैंने कभी कुछ नहीं चाहा
पांच साल पुराने मर्डर केस में विज का सख़्त रुख : जांच CBI को सौंपने की सिफारिश, पुलिस कर्मचारी के खिलाफ FIR के आदेश