loader
The Haryana Story | सीएम सैनी ने किया सूरजकुंड दिवाली मेला का शुभारंभ, मेले की थीम 'आत्मनिर्भर भारत – स्वदेशी मेला'

सीएम सैनी ने किया सूरजकुंड दिवाली मेला का शुभारंभ, मेले की थीम 'आत्मनिर्भर भारत – स्वदेशी मेला'

सीएम बोले - इस आयोजन से शिल्पकारों को प्रोत्साहन मिलेगा, पारंपरिक उत्पाद और कलाकृतियाँ बढ़ावा पाएंगी

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विजयदशमी के पावन अवसर पर सूरजकुंड दिवाली मेला का शुभारंभ किया। इस वर्ष मेले की थीम 'आत्मनिर्भर भारत – स्वदेशी मेला' रखी गई है। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उनके चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस आयोजन से शिल्पकारों को प्रोत्साहन मिलेगा, पारंपरिक उत्पाद और कलाकृतियाँ बढ़ावा पाएंगी, तथा 'वोकल फॉर लोकल' के माध्यम से विकसित भारत के सपनों को साकार करने का मार्ग प्रशस्त होगा। यह मेला 7 अक्तूबर तक चलेगा और सभी के लिए संस्कृति, परंपरा और आत्मनिर्भरता का संदेश लेकर आएगा।

देश की समृद्धि को भी स्वदेशी उत्पादों से शक्ति मिलेगी

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सूरजकुंड में दिवाली मेला का शुभारंभ करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य रखा है। विकसित भारत का मार्ग वोकल फॉर लोकल, आत्मनिर्भरता और स्वदेशी से होकर जाता है। उन्होंने विजय दशमी की बधाई देते हुए राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री को उनकी जयंती पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस वर्ष दिवाली मेला का थीम आत्मनिर्भर भारत-स्वदेशी मेला और वी यूनाइट फैमिलीज रखा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन की तरह देश की समृद्धि को भी स्वदेशी उत्पादों से शक्ति मिलेगी।

यह मेला न केवल उत्सव और मनोरंजन का मंच है, बल्कि...

मेले में प्रदर्शित कलाकृतियां, उत्पाद, गीत और संगीत लघु भारत की झलक प्रस्तुत करते हैं और ग्रामीण उत्पादकों को शहरी उपभोक्ताओं की पसंद जानने का अवसर प्रदान करते हैं। सहकारिता, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि स्वदेशी अपनाकर देश को आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प लेना चाहिए। मेले में 450 स्थलों पर स्वदेशी उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। यह मेला न केवल उत्सव और मनोरंजन का मंच है, बल्कि स्थानीय व्यापार, संस्कृति और कला को बढ़ावा देने का भी महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है। इस अवसर पर विपुल गोयल, राजेश नागर, मूलचंद शर्मा, कला रामचंद्रन, डॉ. शालीन और उपायुक्त विक्रम सिंह यादव सहित गणमान्य उपस्थित रहे।

Join The Conversation Opens in a new tab
×