loader
The Haryana Story | भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सरकार पर साधा निशाना, कहा- 3100 का वादा, मिल रहे 1800-2100, किसानों पर दोहरी मार

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सरकार पर साधा निशाना, कहा- 3100 का वादा, मिल रहे 1800-2100, किसानों पर दोहरी मार

मेरी फसल मेरा ब्यौरा, वेरिफिकेशन, गेट पास और ट्रक उठान जैसी प्रक्रियाओं ने किसानों को उलझा रखा

हरियाणा के नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने रविवार को करनाल जिले के घरौंडा और पिपली अनाज मंडियों का दौरा किया और किसानों व आढ़तियों से संवाद किया। उन्होंने आरोप लगाया कि मंडियों में किसानों की फसल को लूटा जा रहा है और सरकार के दावे जमीनी हकीकत से कोसों दूर हैं। हुड्डा ने कहा कि सरकार ने धान 3100 रुपये प्रति क्विंटल खरीदने की बात कही थी, लेकिन हकीकत में किसानों को 1800 से 2100 रुपये तक ही रेट मिल रहा है। कई जगह तो एमएसपी से 300 से 400 रुपये प्रति क्विंटल कम दाम पर खरीद हो रही है।

बरसात की वजह से फसलों में स्वाभाविक नमी बढ़ी

उन्होंने कहा कि किसान पोर्टल की परेशानियों में फंसे हुए हैं। मेरी फसल मेरा ब्यौरा, वेरिफिकेशन, गेट पास और ट्रक उठान जैसी प्रक्रियाओं ने किसानों को उलझा रखा है। मंडी में धान का नमी प्रतिशत अधिक बताकर किसानों का नुकसान किया जा रहा है। हुड्डा ने किसानों की शिकायत पर मौके पर ही मंडी अधिकारियों से धान की ढेरियों में नमी की जांच भी करवाई। उन्होंने कहा कि सरकार को नमी सीमा 17% से बढ़ाकर 22-24% करनी चाहिए, क्योंकि बरसात की वजह से फसलों में स्वाभाविक नमी बढ़ी है। उन्होंने यह भी कहा कि मॉस्चर और काले दाने के नाम पर किसानों की फसल अस्वीकृत की जा रही है, जिससे उन्हें भारी नुकसान झेलना पड़ रहा है। 

लाडो लक्ष्मी योजना और मुआवजे पर भी साधा निशाना

हुड्डा ने कहा कि सरकार लाडो लक्ष्मी योजना के नाम पर महिलाओं को गुमराह कर रही है। चुनाव के समय भाजपा ने ₹2100 देने का वादा किया था, लेकिन अब शर्तों में उलझाकर महिलाओं को धोखा दिया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ने किसानों को मुआवजा और बोनस देने का वादा किया था, लेकिन आज तक कोई राहत नहीं दी गई। किसान मौसम और नीतियों दोनों की मार झेल रहे हैं। 

सद्भावना यात्रा और विपक्षी दलों पर टिप्पणी

पूर्व सांसद बिजेंद्र सिंह की सद्भावना यात्रा के पोस्टर में हरियाणा के नेताओं की फोटो न लगाने पर हुड्डा ने कहा कि हर व्यक्ति अपने तरीके से काम करता है, सबका उद्देश्य कांग्रेस को मजबूत करना है। अपने पुराने सहयोगी कुलदीप शर्मा के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए हुड्डा ने कहा, मैं पहले ही मंडी दौरा तय कर चुका था, लेकिन दशहरे के कारण देरी हुई। इनेलो की रैली पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि इनेलो की रोहतक रैली खोदा पहाड़, निकली चुहिया साबित हुई है। 

हुड्डा ने पराग गाबा के कार्यों की सराहना

करनाल दौरे के दौरान भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष (शहरी) पराग गाबा के निवास स्थान एवं कार्यालय पर पहुंचकर भेंट की। यह उनका नेता प्रतिपक्ष बनने के बाद करनाल का पहला दौरा था। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में किसी प्रकार की गुटबाजी नहीं है। संगठनों के गठन के बाद पार्टी और अधिक मज़बूत हुई है।

उन्होंने पराग गाबा के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वे लगातार निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ पार्टी को मजबूत करने में जुटे हैं। इस अवसर पर राजेश वैद, दियांशु बुधिराजा, सुमिता सिंह, भीमसेन मेहता, सुल्तान जंडोला, राजेश चौधरी, राकेश कम्बोज, धर्मपाल गोंदर, कमला मान, पंकज गाबा, सचिन बुधनपुर, अमित ब्राणा, रोहित जोशी, गुरविंदर कौर, लाड़ी संधू, नवनीत रंधावा, आनंद बैन्स, ललित आहूजा, शेऱा सिंह, रामफल कलामपुरा सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे। वही कार्यकर्ताओं में इस मौके पर उत्साह और ऊर्जा देखने को मिली।

Join The Conversation Opens in a new tab
×