प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने देश के व्यापारियों और उपभोक्ताओं को बड़ा तोहफा दिया है। सरकार ने 12% और 28% वाले जीएसटी (जीएसटी) स्लैब को पूरी तरह खत्म कर दिया है, जबकि कई वस्तुओं पर टैक्स घटाकर केवल 5% और 18% कर दिया गया है। इस ऐतिहासिक फैसले का सीधा लाभ आम जनता और कारोबारी वर्ग को मिलेगा। इसी कड़ी में हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने बाबरपुर मंडी पहुंचकर व्यापारियों से मुलाकात की और जीएसटी सुधारों पर विस्तार से चर्चा की।
इस अवसर पर मंडी के व्यापारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया और कहा कि यह कदम व्यापार और ग्राहकों दोनों के लिए राहत लेकर आया है। नये जीएसटी स्लैब से किसानों को भी सीधे तौर पर लाखों रुपये का फायदा मिल रहा है , केंद्र सरकार ने किसानों को बड़ी राहत देते हुए ट्रैक्टर और उसके पार्ट्स पर जीएसटी 12% से घटकर 5% कर दी है, 35 एचपी से लेकर 55 एचपी तक के ट्रैक्टर खरीदने वाले किसानों को 35,000 से 60,000 रुपए तक की सीधी बचत होगी।
न केवल व्यापार को गति मिलेगी बल्कि बाजारों में रौनक भी बढ़ेगी
ढांडा ने कहा कि जीएसटी के नए स्लैब सरकार की दूरदर्शी आर्थिक नीतियों का प्रमाण है। 12% और 28% स्लैब हटाकर टैक्स को सरल बनाना तथा अधिकांश वस्तुओं को 5% और 18% स्लैब में लाना व्यापारी और उपभोक्ता दोनों के लिए वरदान है। इससे न केवल व्यापार को गति मिलेगी बल्कि बाजारों में रौनक भी बढ़ेगी। बाबरपुर मंडी के एक दुकानदार ने कहा – “पहले 28% जीएसटी की वजह से ग्राहकों पर बोझ बढ़ता था और बिक्री भी प्रभावित होती थी, अब उन्ही वस्तुओं पर 18% व 5% तक की दर होने से ग्राहक भी राहत महसूस करेंगे और हमें भी कारोबार में आसानी होगी। इसके लिए हम प्रधानमंत्री मोदी जी का धन्यवाद करते हैं।” एक अन्य दुकानदार ने कहा –जीएसटी घटने से अब आम ग्राहकों को सभी सामान सस्ते मूल्य पर मिल सकेंगे। त्योहारों के सीजन में यह फैसला बाजार की रौनक बढ़ाने वाला साबित होगा।”
छोटे दुकानदार और फुटकर व्यापारी बहुत राहत महसूस कर रहे
वही एक अन्य थोक व्यापारी ने कहा – “जीएसटी घटने से छोटे दुकानदार और फुटकर व्यापारी बहुत राहत महसूस कर रहे हैं। अब ग्राहकों को भी कम दाम पर सामान मिलेगा, जिससे बिक्री में बढ़ोतरी होगी। यह सचमुच जनता के लिए उपहार है।” शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने कहा कि भाजपा सरकार का उद्देश्य हमेशा "कम टैक्स – आसान टैक्स" के सिद्धांत को लागू करना रहा है। यह फैसला देश की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती देगा और व्यापारियों के विश्वास को और मजबूत करेगा। शिक्षा मंत्री ने कहा कि सभी व्यापारी इस राहत का लाभ ग्राहकों तक पहुंचाएं और देश व प्रदेश के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। इस अवसर पर उनके साथ मार्किट कमेटी चेयरमैन अवतार सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष अत्तर सिंह, बिट्टू सरदार, राजिंदर बजाज,जसविंदर चहल, गुरदेव, राजीव जैन, संजय त्यागी, राजपाल हरिनगर, अनिल शर्मा, राजबीर मलिक,जितेन्द्र अहलावत आदि मौजूद रहे।
related
Latest stories
महाराजा सूरजमल की मूर्ति से 'जाट' शब्द हटाने पर बवाल, जाट समाज की नाराज़गी और प्रशासन का तर्क, पढ़ें पूरी ख़बर
हरियाणा में रेल कनेक्टिविटी का नया दौर : HORC टनल का 61 फीसदी कार्य पूरा, कुरुक्षेत्र एलिवेटेड ट्रैक लॉन्च के लिए तैयार
मन की बात : एकजुटता की अपील, अफवाहों से सावधान रहने की चेतावनी, 'टीम इंडिया' के रूप में काम करने का आह्वान