loader
The Haryana Story | कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह का करनाल में हुआ भव्य स्वागत, भाजपा पर जमकर बरसे राव नरेंद्र

कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह का करनाल में हुआ भव्य स्वागत, भाजपा पर जमकर बरसे राव नरेंद्र

बोले - खतरे में देश का संविधान और लोकतंत्र, वोट चोरी से बना रही है भाजपा सरकार

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह का सोमवार को करनाल पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। नीलकंठ स्टार पर आयोजित स्वागत समारोह में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपिंद्र लाठर (भुप्पी) कार्यक्रम संयोजक रहे। ढोल-नगाड़ों की थाप और आतिशबाजी के बीच कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर प्रदेश अध्यक्ष का उत्साहपूर्ण स्वागत किया।

कांग्रेस एक बार फिर मज़बूती से वापसी करेगी

इस मौके पर भूपिंद्र लाठर ने राव नरेंद्र सिंह को पुष्पगुच्छ, शॉल भेंटकर सम्मानित किया और लड्डू खिलाकर बधाई दी। कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेतृत्व के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि नए अध्यक्ष के नेतृत्व में हरियाणा में कांग्रेस एक बार फिर मज़बूती से वापसी करेगी। प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने अपनी नियुक्ति पर कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व सोनिया गांधी, राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे व संघर्ष के प्रतीक लोकप्रिय नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल व हरियाणा प्रभारी बी.के. हरिप्रसाद का आभार जताया।

आज वोटों की चोरी कर सरकारें बनाई जा रही

वहीं पत्रकारों से बातचीत में राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि वे हरियाणा की जनता और कांग्रेस नेतृत्व का धन्यवाद करते हैं जिन्होंने एक साधारण कार्यकर्ता पर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि “हम सब मिलकर कांग्रेस को मजबूत करेंगे, क्योंकि देश का संविधान और लोकतंत्र खतरे में है। आज वोटों की चोरी कर सरकारें बनाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य राहुल गांधी के हाथों में सुरक्षित है, जो संघर्ष की राह पर हैं और यह संघर्ष अंततः लोकतंत्र की जीत में परिणत होगा। राव नरेंद्र सिंह ने बताया कि राहुल गांधी के निर्देशानुसार देशभर में कांग्रेस संगठन सृजन अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत गुजरात, मध्यप्रदेश के बाद अब हरियाणा में संगठन का पुनर्गठन पूरा हुआ है।

संगठन बनने से आने वाले चुनावों पर सकारात्मक असर पड़ेगा

उन्होंने कहा कि संगठन बनने से आने वाले चुनावों पर सकारात्मक असर पड़ेगा। कांग्रेस का लक्ष्य हर वर्ग और 36 बिरादरियों को साथ लेकर आगे बढ़ना है। राव नरेंद्र ने स्पष्ट किया कि पार्टी में कोई गुटबाजी नहीं है। सभी वरिष्ठ नेता एकजुट होकर कांग्रेस को सत्ता तक ले जाने के लिए काम कर रहे हैं। भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वोट चोरी के माध्यम से भाजपा ने सरकार बनाई है। ईवीएम के जरिये जनता का जनादेश छीना गया, पर आने वाले समय में जनता कांग्रेस के पक्ष में अपना निर्णायक फैसला देगी। उन्होंने कहा कि संविधान की रक्षा करने और देश को बचाने के लिए कांग्रेस को सत्ता में लाना ही होगा। 

बीरेंद्र सिंह द्वारा निकाली जा रही सद्भाव यात्रा पर बोले 'यह उनका व्यक्तिगत निर्णय'

बीरेंद्र सिंह द्वारा निकाली जा रही सद्भाव यात्रा पर प्रतिक्रिया देते हुए राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि यह उनका व्यक्तिगत निर्णय है, लेकिन “हम सबका उद्देश्य एक ही है — कांग्रेस को मजबूत करना। इस मौके पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि आने वाले चुनावों में हरियाणा में कांग्रेस का परचम फिर लहराया जाएगा। इस अवसर पर कार्यक्रम के संयोजक एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता भूपिंद्र लाठर (भुप्पी), प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष सुरेश गुप्ता, पूर्व विधायक शमशेर गोगी, बलराम रावल, विमल गुप्ता, संजीव गोस्वामी, ललित बुटाना, राजिंद्र बल्ला, सुखराम बेदी, हरपाल रोड़, ओमप्रकाश सलूजा, जयपाल मान, रघुबीर संधु, नरेंद्र शर्मा, अनुज रावल, अंकित रावल, अश्वनी कल्याण, कुलदीप और मनदीप सरपंच,राज सरपंच, सुनेहरा वाल्मीकि, एनपीएस चौहान, दीपक चौधरी और सरपंच साहिबान सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Join The Conversation Opens in a new tab
×