loader
The Haryana Story | नायब सरकार ने बजुर्गों को दिया दिवाली का तोहफा, बुढ़ापा पेंशन में इज़ाफ़ा, 1 नवंबर से होगी लागू

नायब सरकार ने बजुर्गों को दिया दिवाली का तोहफा, बुढ़ापा पेंशन में इज़ाफ़ा, 1 नवंबर से होगी लागू

नायब सैनी सरकार का एक साल हुआ पूरा, सरकार ने प्रदेश के बुजुर्गों की बुढ़ापा पेंशन 3,000 से बढ़ाकर 3,200 रुपए की

हरियाणा सरकार ने प्रदेश के बुजुर्गों की पेंशन में 200 रुपए का इजाफा किया है। अब उन्हें मासिक बुढ़ापा पेंशन 3,200 रुपए मिलेगी। बता दें कि नायब सैनी सरकार का एक साल पूरा हो गया है और इसी उपलक्ष्य में सरकार ने प्रदेश के बुजुर्गों की बुढ़ापा पेंशन 3,000 से बढ़ाकर 3,200 रुपए कर दी है जोकि 01 नवंबर से लागू होगी। शुक्रवार को पंचकूला में राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सीएम सैनी ने यह ऐलान किया। इससे पहले प्रदेश सरकार ने 01 जनवरी, 2024 को पेंशन 2,750 से बढ़ाकर 3,000 रुपए की थी। पंचकूला में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि बुढ़ापा पेंशन और सरकारी नौकरी हरियाणा के 2 अहम् मुद्दे हैं।

मासिक खर्चों में आसानी होगी और उनकी जीवनशैली में सुधार आएगा

उन्होंने कहा कि बुढ़ापा पेंशन में यह वृद्धि बुजुर्गों के लिए विशेष राहत और आर्थिक सहयोग का काम करेगी। इससे उन्हें मासिक खर्चों में आसानी होगी और उनकी जीवनशैली में सुधार आएगा। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना 2.0 के लाभार्थियों को अलॉटमेंट लेटर भी वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की उपलब्धियां भी गिनवाई। उन्होंने कहा कि अपने पहले ही साल में हरियाणा सरकार ने विधानसभा चुनाव से पहले जनता से किए 217 में से 46 संकल्प पूरे कर लिए हैं। उन्होंने दावा किया कि 158 वादों पर काम प्रगति पर है। सीएम सैनी ने कहा कि प्रदेश विकास की नॉनस्टॉप रफ्तार पर और इस वित्त वर्ष में 90 से ज्यादा संकल्प पूरे कर लिए जाएंगे। कार्यक्रम में कालका की विधायक शक्ति रानी शर्मा भी मौजूद रहीं। 

सत्याग्रहियों की पेंशन 15 हजार से बढ़ाकर 20 हजार की गई

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने पहले ही विधानसभा सत्र में अनुबंधित कर्मचारियों, तकनीकी शिक्षा, अतिथि संकाय और कॉलेजों के एक्सटेंशन लेक्चरर व अतिथि अध्यापकों को सेवा सुरक्षा प्रदान की सौगात दी। सभी फसलों को एमएसपी खरीद की अधिसूचना जारी की। किसानों को 48 घंटे के भीतर डीबीटी के माध्यम से फसल खरीद का भुगतान दिया गया। इसके अलावा, ई-खरीद एप्लीकेशन के माध्यम से घर बैठे गेट पास बनाने की सुविधा, पट्टेदारों को भूमि का मालिकाना हक, सत्याग्रहियों की पेंशन 15 हजार से बढ़ाकर 20 हजार की गई।

प्रदेशभर में लगभग 9,000 पात्र लाभार्थियों को 50-100 गज के प्लॉट आवंटित किए गए

हरियाणा सरकार के तीसरे कार्यकाल का एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को फरीदाबाद में जिला स्तरीय जन विश्वास-जन विकास समारोह का आयोजन किया गया। इसमें केंद्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह की शुरूआत मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना 2.0 के तहत लाभार्थियों को 50-100 वर्ग गज के प्लॉट आवंटन पत्र वितरित करके की गई। मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा प्रदेशभर में लगभग 9,000 पात्र लाभार्थियों को 50-100 गज के प्लॉट आवंटित किए गए हैं।

जरूरतमंद परिवारों को स्थायी आवास उपलब्ध करवाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया

उन्होंने कहा कि यह योजना राज्य सरकार की विशेष पहल है जिसके माध्यम से गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को स्थायी आवास उपलब्ध करवाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी की राज्य सरकार ने मिलकर 11 वर्षों में विकास और सुशासन के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि बिना पर्ची, बिना खर्ची की भर्ती प्रक्रिया, भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस और स्वामित्व योजना जैसी पहले सुशासन की मिसाल हैं।

Join The Conversation Opens in a new tab
×