पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा करनाल में एक पूर्व विधायक के बेटे की शादी समारोह में शिरकत करने के लिए पहुंचे। उसके बाद उन्होंने मीडिया से बात करते हुए भारतीय जनता पार्टी पर जमकर हमला बोला है। कई मुद्दों पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा भारतीय जनता पार्टी को निशाने पर लेते हुए दिखाई दिए। उन्होंने कहा है कि हरियाणा की बीजेपी सरकार किसी भी क्षेत्र में जनता की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर रही है। आज किसान अपनी फसलों के लिए उचित मूल्य और आम जनता सुरक्षा के लिए तरस रही है। हुड्डा करनाल के सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल होने आए थे।\
बीजेपी सरकार आज मुंह छिपाकर घूम रही
इस दौरान पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि 24 फसलों पर MSP देने का दावा करने वाली बीजेपी सरकार आज मुंह छिपाकर घूम रही है। क्योंकि हरियाणा में मुख्यतः खरीफ की फसलें धान, बाजरा, कपास, मूंग समेत तमाम फसलें MSP से 300 से 1200 रुपये कम कीमत पर पिट रही हैं। हुड्डा ने कहा, "हम सरकार से बार-बार पूछ रहे हैं कि हरियाणा में वे कौन-सी 24 फसलें हैं, जिन पर MSP दिया जा रहा है? जो फसलें खेतों से मंडियों तक पहुंच रही हैं, उन्हें MSP नहीं मिल रहा।
फसल बुआई के लिए पिछले सालों की तरह खाद के लिए मारामारी चल रही
कोई भी व्यक्ति मंडी जाकर इसकी सच्चाई देख सकता है।" उन्होंने आगे कहा कि इस सरकार ने फसल बेचने से लेकर मुआवजा प्राप्त करने तक की प्रक्रियाओं को इतना जटिल कर दिया है कि किसान इनमें ही उलझकर रह जाते हैं। उन्हें न तो फसल का उचित दाम मिलता है और न ही मुआवजा। बहरहाल रबी की फसल बुआई के लिए पिछले सालों की तरह खाद के लिए मारामारी चल रही है। कई जगह तो किसानों और महिलाओं पर लाठीचार्ज तक कि ख़बर मिल रही है।
हरियाणा देश का सबसे असुरक्षित राज्य बन गया
कानून व्यवस्था पर टिप्पणी करते हुए हुड्डा ने कहा कि हरियाणा देश का सबसे असुरक्षित राज्य बन गया है। केंद्र सरकार की रिपोर्ट और आंकड़े इसकी पुष्टि करते हैं। हरियाणा में संगठित अपराध चरम पर है। यहाँ 80 से अधिक बदमाशों की गैंग सक्रिय हैं, जो हत्या, लूट, डकैती और फिरौती जैसी वारदातों को अंजाम दे रही हैं। हालात इतने खराब हैं कि कानून की रक्षा करने वाले पुलिसकर्मियों को भी अपनी जान गंवानी पड़ रही है। IPS पूरण कुमार और संदीप लाठर की मौत के मामले में हाई कोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में CBI से निष्पक्ष जाँच करवाई जानी चाहिए।
मेरे पिता चौधरी रणबीर सिंह हुड्डा उस संविधान सभा के सदस्य थे
बीजेपी के केंद्रीय ऊर्जा मंत्री द्वारा बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर पर की गई विवादित टिप्पणी पर भी हुड्डा ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "किसी को भी इस बात में संदेह नहीं होना चाहिए कि देश के संविधान का निर्माण डॉ. भीमराव अंबेडकर ने किया था। मुझे गर्व है कि मेरे पिता चौधरी रणबीर सिंह हुड्डा उस संविधान सभा के सदस्य थे, जिसके अध्यक्ष डॉ. अंबेडकर थे। डॉ. अंबेडकर के बारे में किसी को भी ओछी टिप्पणी नहीं करनी चाहिए।"
related
'डोंट डिजायर बट डिजर्व इट’ : विज बोले - मैं 2014 में 'सीनियर मोस्ट' था और अब भी 'सीनियर मोस्ट' हूं... लेकिन मैंने कभी कुछ नहीं चाहा
पांच साल पुराने मर्डर केस में विज का सख़्त रुख : जांच CBI को सौंपने की सिफारिश, पुलिस कर्मचारी के खिलाफ FIR के आदेश