loader
The Haryana Story | मुख्यमंत्री सैनी ने किया ज्योतिसर तीर्थ स्थित अनुभव केंद्र का निरीक्षण, बोले - देश की सांस्कृतिक विरासत को मजबूती मिली

मुख्यमंत्री सैनी ने किया ज्योतिसर तीर्थ स्थित अनुभव केंद्र का निरीक्षण, बोले - देश की सांस्कृतिक विरासत को मजबूती मिली

इसी विरासत को सहेजने के लिए सरकार की तरफ से ज्योतिसर में महाभारत थीम पर आधारित प्रोजेक्ट तैयार किया जा रहा

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सांस्कृतिक विरासत को मजबूती मिली है। इसी विरासत को सहेजने के लिए सरकार की तरफ से ज्योतिसर में महाभारत थीम पर आधारित प्रोजेक्ट तैयार किया जा रहा है। इसके तहत गीता स्थली ज्योतिसर को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करते हुए विश्व का सबसे दर्शनीय ऐतिहासिक स्थल बनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री जिला कुरुक्षेत्र में ज्योतिसर तीर्थ स्थित अनुभव केंद्र का निरीक्षण कर रहे थे। इस मौके पर विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, ज्ञानानंद महाराज और मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी भी उपस्थित रहे।

पर्यटकों को कुरुक्षेत्र के इतिहास के जीवंत दर्शन होंगे

मुख्यमंत्री ने अनुभव केंद्र में स्वागत कक्ष, महाकाव्य का सृजन कक्ष, प्राचीन महाभारत, कुरु वंशावली, गीता श्लोक, कृष्ण भूमिका, दशव अवतार सहित अन्य कक्षों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ज्योतिसर अनुभव केंद्र में देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को कुरुक्षेत्र के इतिहास के जीवंत दर्शन होंगे। इस दौरान विरासत एवं पर्यटन विभाग की प्रधान सचिव कला रामचंद्रन ने मुख्यमंत्री को पीपीटी प्रस्तुतिकरण के माध्यम से अनुभव केंद्र की बारीकियों से अवगत करवाया। मुख्यमंत्री ने निर्देश देते हुए कहा कि तमाम विकास कार्यों को जल्द पूरा किया जाए ताकि ज्योतिसर अनुभव केंद्र में पर्यटक महाभारत और कुरुक्षेत्र के इतिहास के दर्शन कर सकें। 

ज्योतिसर में विकास कार्यों को तेज गति के साथ किया जा रहा

सीएम ने कहा कि भगवान कृष्ण ने कुरुक्षेत्र की धरा से गीता के उपदेश दिए। इस धरा के इतिहास को जहन में रखते हुए सरकार की तरफ से ज्योतिसर में विकास कार्यों को तेज गति के साथ किया जा रहा है। इस मौके पर पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, सूचना, जनसंपर्क भाषा एवं संस्कृति विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित अग्रवाल, महानिदेशक के. मकरंद पांडुरंग, पर्यटन विभाग के निदेशक डॉ. शालीन, उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा, केडीबी के मानद सचिव उपेंद्र सिंघल, चेयरमैन मदन मोहन छाबड़ा आदि उपस्थित थे।

Join The Conversation Opens in a new tab
×