loader
The Haryana Story | ''एक भारत, श्रेष्ठ भारत'' के संकल्प के साथ यूनिटी मार्च को केंद्रीय मंत्री ने दिखाई हरी झंडी

''एक भारत, श्रेष्ठ भारत'' के संकल्प के साथ यूनिटी मार्च को केंद्रीय मंत्री ने दिखाई हरी झंडी

बोले - सरदार पटेल की शिक्षाएं आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत

केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने शनिवार को गवालड़ा से किवाना तक “यूनिटी मार्च” (पैदल यात्रा) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल ने स्वतंत्र भारत के निर्माण में जो योगदान दिया, वह सदैव अमर रहेगा। कार्यक्रम में पहुंचने पर जिला उपायुक्त डॉक्टर विरेंदर कुमार दहिया व पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने बुके देकर अभिनंदन किया। केंद्रीय मंत्री ने आत्मनिर्भर भारत की मौजूद लोगों को शपथ भी दिलाई।

सरदार पटेल की निर्णय लेने की क्षमता अचूक थी

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पटेल का उद्देश्य एकता, अखंडता और सशक्त भारत का निर्माण करना था। उन्होंने रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर देश की नींव को मजबूत किया। यही भावना आज भी हर भारतीय के भीतर जीवित है। मनोहर लाल ने कहा कि सरदार पटेल की निर्णय लेने की क्षमता अचूक थी। वे राष्ट्रहित में कभी विचलित नहीं हुए। तीन वर्ष पूर्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने भी उसी लौह संकल्प को आगे बढ़ाते हुए धारा 370 हटाकर ऐतिहासिक निर्णय लिया, जिससे देश की एकता और अखंडता और सुदृढ़ हुई। 

पटेल की विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा “स्टैच्यू ऑफ यूनिटी” एकता का प्रतीक

मंत्री ने बताया कि गुजरात में सरदार पटेल की विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा “स्टैच्यू ऑफ यूनिटी” एकता का प्रतीक है। वहां सरकार ने 1500 गज भूमि पर धर्मशाला निर्माण का निर्णय लिया है, ताकि देशभर से आने वाले पर्यटकों को ठहरने की उत्तम सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि पटेल जयंती के उपलक्ष्य में दो माह तक देशभर में पैदल यात्राएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम और राष्ट्रगीत “वंदे मातरम्” से जुड़े आयोजन किए जाएंगे। इस मौके पर हरियाणा के पंचायत एवं खनन मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि राज्य सरकार संतों, महापुरुषों और शहीदों को विशेष सम्मान दे रही है। शहीद सैनिकों के परिवारों को एक करोड़ रुपये की सहायता राशि और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जा रही है। 

केंद्रीय मंत्री स्वयं युवाओं के साथ पैदल चले

उन्होंने कहा कि सरकार हर गांव में फिरनी पक्की करने, युवाओं के लिए ओपन जिम, अमृत सरोवर, ई-लाइब्रेरी जैसी योजनाओं पर तेजी से कार्य कर रही है। केंद्रीय मंत्री स्वयं युवाओं के साथ पैदल चले और उन्हें “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के निर्माण में भागीदार बनने का आह्वान किया। युवाओं ने राष्ट्रध्वज थामे देशभक्ति के नारों के साथ मार्च में उत्साहपूर्वक भाग लिया। समालखा विधायक मनमोहन भढ़ाना ने वल्लभभाई पटेल के जीवन पर प्रकाश डाला वह बताया कि उनके सपने को साकार करने के लिए सरकार प्रयास कर रही है लोगों का जन समर्थन सरकार को व्यापक स्तर पर मिल रहा है।

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट, गजेंद्र सलूजा, उपायुक्त डॉ. विरेंद्र कुमार दहिया, पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह, एसडीएम इसराना नवदीप नैन, एसडीएम समालखा अमित कुमार, डीएसपी नरेंद्र कादयान, डीएसपी सुरेश सैनी, डीडी पीओ राजेश शर्मा , धर्मपाल जागलान,रोशन लाल माहला, अनिल पंवार ,टेकराम रामेहर मलिक, हरपाल मलिक,सरपंच दीपक शर्मा, रंजीता कौशिक, रेखा राजपूत, चेयरमैन मीना देवी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।

Join The Conversation Opens in a new tab
×