loader
The Haryana Story | धर्मनगरी में 10वें अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का शुभारम्भ, पहली बार 21 दिन चलेगा महोत्सव

धर्मनगरी में 10वें अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का शुभारम्भ, पहली बार 21 दिन चलेगा महोत्सव

25 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गीता महोत्सव में होंगे शामिल, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ब्रह्म सरोवर के सर्वेश्वर महादेव मंदिर परिसर में पत्रकारों को दी जानकारी

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि 10वां अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव धर्मक्षेत्र-कुरुक्षेत्र में 15 नवंबर से शुरू हो रहा है और 5 दिसंबर तक चलेगा। पहली बार 21 दिन तक चलने वाले इस महोत्सव में संस्कृति, ज्ञान और आध्यात्मिकता का अलग ही संगम देखने को मिलेगा। 25 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गीता महोत्सव में शामिल हो रहे हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शुक्रवार को कुरुक्षेत्र के ब्रह्म सरोवर के सर्वेश्वर महादेव मंदिर परिसर में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल कौशिक, सांसद नवीन जिंदल, पूर्व राज्य मंत्री सुभाष सुधा भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज के प्रयासों से गीता का प्रसार बढ़ा है।

देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती जा रही

भारत ही नहीं, अपितु मॉरीशस, ब्रिटेन, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, लंका और जापान समेत अनेक देशों में अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव का भव्य आयोजन हो चुका है। उन्होंने कहा कि धर्मक्षेत्र-कुरुक्षेत्र की इस पावन भूमि को भारतीय संस्कृति की क्रीड़ा स्थली होने का गौरव प्राप्त है। इसी भूमि में पावन सरस्वती के तटों पर वेदों, उपनिषदों और पुराणों की रचना हुई और इसी भूमि को 'श्रीमद्भगवद्गीता' की जन्मस्थली होने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि भगवानकृष्ण ने 'श्रीमद्भगवद्गीता' का जो शाश्वत उपदेश दिया था, इस वर्ष उस उपदेश को दिए हुए 5,163 वर्ष हो जाएंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि वर्ष 2016 में अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव को बड़े स्तर पर मनाया जा रहा है। गीता की जन्मस्थली धर्मक्षेत्र- कुरुक्षेत्र में हर साल अन्तर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती जा रही है। इसलिए हर साल प्रबंध भी व्यापक स्तर पर किये जाते हैं। 

गीता महोत्सव में मध्यप्रदेश सहयोगी राज्य की भूमिका में रहेगा

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि इस बार अन्तरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में मध्यप्रदेश सहयोगी राज्य की भूमिका में रहेगा। मध्यप्रदेश अपनी समृद्ध धार्मिक व आध्यात्मिक संस्कृति के लिए विख्यात है। ऐसे महान सांस्कृतिक परंपराओं वाले राज्य का अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में सहयोगी राज्य बनने से इस महोत्सव की गरिमा और गौरव कई गुणा बढ़ेगा। मध्यप्रदेश द्वारा ब्रह्मसरोवर पर स्थित पुरुषोत्तम पुरा बाग में सांस्कृतिक पैवेलियन बनाया जा रहा है। इसमें उनकी संस्कृति, शिल्प, खान- पान इत्यादि से सम्बन्धित स्टाल आकर्षण का केन्द्र रहेंगे। उन्होंने कहा कि 24 नवम्बर को ब्रह्मसरोवर पर गीता यज्ञ एवं पूजन के साथ अन्तरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का विधिवत शुभारंभ होगा। इसके साथ ही 24 नवंबर को ही कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय अन्तरराष्ट्रीय गीता संगोष्ठी का शुभारम्भ भी किया जाएगा। इस संगोष्ठी में आॅनलाइन माध्यम से भी देश-विदेश के गीता मर्मज्ञ, विद्वान एवं शोधार्थी अपने शोधपत्र प्रस्तुत करेंगे। 

51 देशों में गीता महोत्सव के कार्यक्रम भी आयोजित होंगे, जिनका लाइव प्रसारण रहेगा

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि इस वर्ष भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के माध्यम से अन्तरराष्ट्रीय गीता संगोष्ठी में 16 देशों के 25 विद्वानों की उपस्थिति रहेगी। विदेश मंत्रालय के माध्यम से 51 देशों में गीता महोत्सव के कार्यक्रम भी आयोजित होंगे, जिनका लाइव प्रसारण रहेगा। उन्होंने कहा कि विदेश मंत्रालय द्वारा दूसरे देशों में विभिन्न भाषाओं में अनुवाद की गई श्रीमद्भागवत गीता की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। फिजी और त्रिनिदाद एवं टोबेगो से 20 पंडित 2 दिन के लिए कुरुक्षेत्र आ रहे हैं, जोकि महोत्सव के दौरान आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। इसके अलावा 7 देशों के 25 शिल्पकारों द्वारा अपनी शिल्प का प्रर्दशन महोत्सव के दौरान किया जाएगा। 

गीता पर आधारित प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि इस बार कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के अतिरिक्त एनआईडी, एनआईटी तथा आयुष विश्वविद्यालय कुरुक्षेत्र द्वारा 24 नवम्बर से 1 दिसम्बर की अवधि के दौरान गीता सेमिनार का आयोजन किया जाएगा। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय द्वारा भी गीता पर आधारित प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि 26 नवम्बर से 30 नवम्बर तक पुरुषोत्तमपुरा बाग में पद्म विभूषित रामभ्रदाचार्य जी द्वारा जीयो गीता के तत्वावधान में कथा का आयोजन किया जाएगा। 

29 नवम्बर को पुरुषोत्तमपुरा बाग में सन्त सम्मेलन का आयोजन होगा

इसी तरह 29 नवम्बर को पुरुषोत्तमपुरा बाग में सन्त सम्मेलन का आयोजन होगा, जिसमें देश के प्रख्यात सन्त मिलकर गीता एवं अध्यात्म विषय पर चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि 30 नवम्बर को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के सिनेट हाल में अखिल भारतीय देवस्थानम सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस सम्मेलन में भारत वर्ष की विभिन्न संस्थाओं के प्रमुखों की उपस्थिति रहेगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि महोत्सव के दौरान सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग, हरियाणा द्वारा एक यू-टूब चैनल चलाया जाएगा। इसमें विभिन्न श्रद्धालुमद्भगवद गीता में 'मेरा पंसदीदा श्लोक' एवं उस श्लोक से उनके जीवन में आए बदलाव पर अपना अनुभव सांझा करेंगे।

Join The Conversation Opens in a new tab
×