loader
The Haryana Story | छठे राष्ट्रीय जल पुरस्कार-2024 में हरियाणा को मिला तृतीय स्थान, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंत्री श्रुति चौधरी को किया सम्मानित

छठे राष्ट्रीय जल पुरस्कार-2024 में हरियाणा को मिला तृतीय स्थान, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंत्री श्रुति चौधरी को किया सम्मानित

मंत्री बोलीं - हमारा प्रयास है कि अंतिम टेल तक पानी अच्छे तरीके से पहुंचे

भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय द्वारा घोषित छठे राष्ट्रीय जल पुरस्कार, 2024 में हरियाणा को ‘सर्वश्रेष्ठ राज्य’ (तृतीय स्थान) पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह प्रतिष्ठित सम्मान राज्य की अनुकरणीय उपलब्धियों और एकीकृत एवं सतत जल प्रबंधन में निरंतर नेतृत्व को उजागर करता है। यह पुरस्कार हरियाणा की सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी ने राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से विज्ञान भवन, नई दिल्ली में आयोजित पुरस्कार समारोह में प्राप्त किया। इस अवसर पर समारोह में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल, केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री वी. सोमन्ना भी उपस्थित रहे।

जल सरंक्षण में और ज्यादा अच्छे परिणाम देखने को मिलेंगे

श्रुति चौधरी ने कहा कि हरियाणा की यह उपलब्धि उसके मजबूत और दूरदर्शी एकीकृत जल संसाधन प्रबंधन दृष्टिकोण से प्रेरित है जो दीर्घकालिक जल सुरक्षा के लिए वैज्ञानिक योजना, सामुदायिक भागीदारी और तकनीकी प्रगति को संरेखित करता है। प्रदेश में जल संरक्षण के लिए एकीकृत प्लान बनाया गया है। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण को लेकर हम सभी का दायित्व बनता है कि इसको एक जनांदोलन के रूप में लेकर चलना चाहिए। जब हर व्यक्ति जागरूक होगा तो जल सरंक्षण में और ज्यादा अच्छे परिणाम देखने को मिलेंगे। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि अंतिम टेल तक पानी अच्छे तरीके से पहुंचे, इसको लेकर कार्य चलता रहता है।

ये हमारे लिए प्रोत्साहित करने वाला क्षण

हमारे विभाग पर प्रमुखता से ध्यान दिया योजनाओं को क्रियान्वित करने हेतु हर सहायता दी, विशेष आभार मनोहर लाल जी का जिनके मार्गदर्शन एवं तैयार किये रोड मैप के अनुरूप आज काम करके हमें टॉप 3 पुरस्कार मिला है। ये हमारे लिए प्रोत्साहित करने वाला क्षण है। अब दुगुनी प्रतिबद्धता से जल संरक्षण के लिए कार्य करेंगे। राष्ट्रीय जल पुरस्कार में हरियाणा को तीसरा स्थान प्राप्त होना सम्मान की बात है। महामहिम राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू जी द्वारा दिया गया ये सम्मान हरियाणा की जनता की जागरूकता और हमारे किसानों की मेहनत को समर्पित है। हरियाणा सरकार की योजनाओं ने इसे सम्भव किया है और स्वर्गीय चौधरी बंसीलाल जी व सुरेंद्र सिंह जी के सपनों को साकार किया है। हम मिलकर जल संरक्षण की दिशा में एक नई मिसाल कायम कर रहे हैं। बधाई हरियाणा! ये आपका पुरस्कार है। 

ग्राउंड वाटर रिचार्ज पूरे विश्व के लिए महत्वपूर्ण

उन्होंने कहा कि सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन के लिए भी सराहना व्यक्त करता है जिनके नेतृत्व ने स्थायी और समावेशी जल संसाधन प्रबंधन की दिशा में राज्य के सामूहिक प्रयासों को और मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि ग्राउंड वाटर रिचार्ज पूरे विश्व के लिए महत्वपूर्ण है, इसके लिए और ज्यादा मेहनत करनी जरूरी चाहिए। प्रदेश का सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए जल शक्ति मंत्रालय के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करता है।

मंत्रालय की ग्राउंड ट्रूथिंग टीम द्वारा इसका विस्तृत मूल्यांकन किया गया था

जल स्थिरता के प्रति हरियाणा की दृढ़ प्रतिबद्धता को स्वीकार करने के लिए केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल को धन्यवाद देता है। छठे राष्ट्रीय जल पुरस्कार 2024 के लिए नामांकन सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग, हरियाणा द्वारा फरवरी, 2025 में प्रस्तुत किया गया था और मंत्रालय की ग्राउंड ट्रूथिंग टीम द्वारा इसका विस्तृत मूल्यांकन किया गया था। इस अवसर पर समारोह में सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग अग्रवाल और प्रमुख अभियंता डॉ. सतबीर सिंह कादियान भी उपस्थित थे।

Join The Conversation Opens in a new tab
×