धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में आयोजित अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के तहत सोमवार केशव पार्क में वैश्विक सामूहिक गीता पाठ आयोजित किया गया, जिसमें 21 हजार बच्चों ने एक स्वर में गीता के श्लोकों का उच्चारण कर ऐसा दिव्य दृश्य प्रस्तुत किया, जिसने पूरे वातावरण को ज्ञान, भक्ति और अध्यात्म से सराबोर कर दिया। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी कार्यक्रम में शिरकत की। इसके अलावा योग गुरु बाबा रामदेव और गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज भी इस अवसर पर उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री सैनी ने आज 21 हजार विद्यार्थियों द्वारा अष्टादशी श्लोकों के जाप से आकाश गूंज उठा। उन्होंने कहा, यह गर्व की बात है कि भारत के विभिन्न क्षेत्रों के अलावा आज अनेक देशों में भी एक साथ इन श्लोकों के स्वर गूंज रहे हैं।
गीता पाठ का महत्व केवल धार्मिक नहीं बल्कि वैज्ञानिक भी
सीएम सैनी ने भगवान श्री कृष्ण से नागरिकों के जीवन को ज्ञान के आलोक से आलोकित करने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा, इसी शुभ तिथि पर 5163 वर्ष पूर्व भगवान श्रीकृष्ण द्वारा अर्जुन को श्रीमद्भगवद् गीता का दिव्य उपदेश दिया गया था। उन्होंने कहा, आज भी संपूर्ण मानवता के लिए गीता का संदेश पथ प्रदर्शक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गीता पाठ का महत्व केवल धार्मिक नहीं बल्कि वैज्ञानिक भी है। वेद, उपनिषद और गीता के मंत्रों के उच्चारण से उत्पन्न होने वाली सकारात्मक ध्वनि तरंगें मन और मस्तिष्क को शांति प्रदान करती हैं, विचारों में नैतिकता लाती हैं और व्यक्ति को नई ऊर्जा प्रदान करती हैं।
उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से ही हम गीता जयंती समारोह को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मनाते हैं। उन्होंने वर्ष 2014 में अमेरिका की अपनी प्रथम यात्रा के दौरान 19 सितम्बर, 2014 को अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति बराक ओबामा को श्री महादेव देसाई द्वारा लिखित पुस्तक ‘द गीता अकॉडिंग टू गांधी’ भेंट की थी। इस अद्भुत पहल से प्रेरित होकर 2016 से हम वार्षिक गीता जयंती समारोह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मनाने लगे हैं। इसमें कई देशों के प्रतिभागी और लाखों श्रद्धालु भाग लेते हैं।
पवित्र ग्रंथ गीता में हर समस्या का समाधान
गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने देशवासियों का गीता जयंती की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कुरुक्षेत्र की पावन धरा पर भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन को कर्म करने का संदेश दिया। यह सौभाग्य है कि आज के ही दिन कुरुक्षेत्र की भूमि पर गीता जयंती मनाई जा रही है और भगवान श्रीकृष्ण ने भी इसी पावन धरा को उपदेश स्थली के रूप में चयनित किया। पिछले 10 सालों से अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव को बड़े स्तर पर मनाया जा रहा है। इसका श्रेय केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को जाता है।
आज गीता जयंती के दिन कुरुक्षेत्र के केशव पार्क से जहां 21 हजार विद्यार्थी वैश्विक गीता पाठ कर रहे हैं, वहीं हरियाणा के 114 खंडों के 1 लाख 800 विद्यार्थी, 50 से ज्यादा देशों में भी वैश्विक गीता पाठ को लाखों-करोड़ों लोग देख रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि आमजन मानस तक पवित्र ग्रंथ गीता के उपदेशों को पहुंचाया जाए, क्योंकि पवित्र ग्रंथ गीता में हर समस्या का समाधान है और यह ग्रंथ कर्म करने का संदेश देता है।
related
'डोंट डिजायर बट डिजर्व इट’ : विज बोले - मैं 2014 में 'सीनियर मोस्ट' था और अब भी 'सीनियर मोस्ट' हूं... लेकिन मैंने कभी कुछ नहीं चाहा
पांच साल पुराने मर्डर केस में विज का सख़्त रुख : जांच CBI को सौंपने की सिफारिश, पुलिस कर्मचारी के खिलाफ FIR के आदेश