loader
The Haryana Story | करनाल जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक: 13 शिकायतों में 7 का मौके पर निपटारा, पटवारी निलंबित

करनाल जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक: 13 शिकायतों में 7 का मौके पर निपटारा, पटवारी निलंबित

6 मामलों में अधिकारियों को अगली बैठक तक प्रोग्रेस रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए गए

जिला कष्ट निवारण समिति के बैठक में कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने  एक पटवारी को सस्पेंड करने के आदेश दिए। पटवारी की लापरवाही से एक व्यक्ति ने गांव अमूपर की गैर मुमकिन पंचायती भूमि का रजिस्ट्रेशन मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर किया था और धान की फसल बेची थी। मंत्री ने संबंधित व्यक्ति से रिकवरी करने के निर्देश भी दिए। बुधवार को कारण के पंचायत भवन में हरियाणा के जनस्वास्थ्य एवं लोक निर्माण (भवन एवं सड़कें) मंत्री रणबीर सिंह गंगवा की अध्यक्षता में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक आयोजित की गई।

पटवारी को निलंबित करने के आदेश

बैठक में 6 लंबित और 7 नई शिकायतें शामिल हुईं। कुल 13 शिकायतों में से 7 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि 6 मामलों में अधिकारियों को अगली बैठक तक प्रोग्रेस रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए गए। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में मंत्री रणबीर गंगवा ने बताया कि गांव साम्भली में कृषि भूमि पर अवैध लाभ लेने के मामले में संबंधित पटवारी को निलंबित करने के आदेश दिए गए हैं। ईश्वर नामक व्यक्ति ने पंचायत की जमीन पट्टे पर लेकर गैर-कृषि भूमि को लॉक न होने का फायदा उठाते हुए मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर फसल पंजीकरण किया और तीन वर्ष तक नाजायज लाभ उठाया। मंत्री गंगवा ने ईश्वर से रिकवरी करने के भी निर्देश दिए।

पंजाब के मुख्यमंत्री असंवैधानिक बयानबाजी करते

एसवाईएल मुद्दे पर मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री असंवैधानिक बयानबाजी करते है। एसवाईएल हरियाणा का अधिकार है और यह हमें बहुत पहले ही मिल जाना चाहिए था। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर हरियाणा को उसके हिस्से का पानी मिलना चाहिए।

हमने विरोधियों का तो सुपड़ा ही साफ कर दिया  

कांग्रेस द्वारा लगातार वोट चोरी के मुद्दे पर किए जा रहे प्रदर्शन पर गंगवा ने कहा कि कांग्रेस ने अपने राज में जो कारनामे किए उससे गरीब और किसान वर्ग कांग्रेस से हटकर भाजपा के साथ चला गया लेकिन कांग्रेस इसे वोट चोरी कहती है। कांग्रेस पार्टी ने अपने वायदे पूरे नहीं किए जबकि भाजपा सरकार अपने वादे पूरे करती है  और इसलिए जनता हमारे साथ है । उन्होंने बिहार का नाम लेते हुए बताया किस तरह से बिहार में हमने विरोधियों का तो सुपड़ा ही साफ कर दिया उन्होंने कहा प्रधानमंत्री मोदी जी जिस तरह से कार्य कर रहे हैं और योजना जनता के हित में लेकर आ रहे हैं इसके लेकर जनता भाजपा के साथ है।

व्हाइट स्ट्रिप और रिफ्लेक्टर लगाने का कार्य तेज गति से जारी

लाडो लक्ष्मी योजना की दूसरी किस्त जारी होने पर गंगवा ने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए कदम उठा रहीं है। महिलाओं के लिए कई निर्णय उनकी सरकार ने लिए है । म्हारी सड़क पोर्टल के बारे में मंत्री ने बताया कि करीब 7 हजार शिकायतें मिली थी जिनमें से 4 हजार दूर कर दी गई है। बाकी शिकायतों पर कार्रवाई की जा रही है । धुंध के मौसम को देखते हुए सड़कों के दोनों ओर व्हाइट स्ट्रिप और रिफ्लेक्टर लगाने का कार्य तेज गति से जारी है। हाल ही में 9,410 करोड़ रुपये की लागत से सड़क मरम्मत कार्यों का शुभारंभ भी किया गया है। सड़कों की गुणवत्ता जांचने के लिए विजिलेंस टीम गठित की गई है कोई निर्माण में गड़बड़ी करता है उसके खिलाफ एक्शन किया जाता है।

अभय सिंह चौटाला द्वारा Z सिक्योरिटी की मांग पर गंगवा बोले -जांच का विषय

अभय सिंह चौटाला द्वारा Z सिक्योरिटी की मांग पर उन्होंने कहा कि यह तो जांच का विषय है जो उनको धमकी मिली है और इन सब को लेकर जांच की जाती है डायरेक्शन होती है और उसी हिसाब से आगे काम होता है। बैठक में नीलोखेड़ी के विधायक भगवानदास कबीरपंथी, करनाल के विधायक जगमोहन आनंद, असंध के विधायक योगेंद्र राणा, उपायुक्त उत्तम सिंह, एसपी गंगाराम पूनिया, मेयर रेणु बाला गुप्ता, जिला भाजपा अध्यक्ष प्रवीण लाठर, ग्रीवेंस कमेटी के सदस्य और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Join The Conversation Opens in a new tab
×