loader
The Haryana Story | 803 ठिकानों पर छापेमारी, 39 खूंखार अपराधी समेत 173 गिरफ्त्तार

803 ठिकानों पर छापेमारी, 39 खूंखार अपराधी समेत 173 गिरफ्त्तार

पुलिस ने इस विशेष अभियान के दौरान 173 असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार किया और विभिन्न धाराओं के तहत 75 नए मामले दर्ज किए

अपराध और नशा तस्करी के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के मिशन के तहत हरियाणा पुलिस ने शनिवार को ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन के तहत राज्यव्यापी कार्रवाई को नई गति दी। 13 दिसंबर 2025 को चलाए गए इस व्यापक अभियान में पुलिस टीमों ने एक साथ 803 चिह्नित नशा और जुआ हॉटस्पॉट्स पर दबिश दी। इस ऑपरेशन ने फरार और हिंसक अपराधियों की गिरफ्तारी में बड़ी सफलता हासिल की, जिससे राज्य की कानून-व्यवस्था और भी मजबूत हुई। पुलिस ने इस विशेष अभियान के दौरान 173 असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार किया और विभिन्न धाराओं के तहत 75 नए मामले दर्ज किए।

पुलिस ने 39 फरार हिंसक अपराधियों को भी सलाखों के पीछे पहुंचाया

इनमें आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज तीन मामले भी शामिल हैं, जिनमें चार आरोपियों को अवैध हथियार रखने के जुर्म में सजा हुई है। साथ ही, पुलिस ने 39 फरार हिंसक अपराधियों को भी सलाखों के पीछे पहुंचाया, जो लंबे समय से कानून की गिरफ्त से बाहर थे। पड़ोसी राज्यों की पुलिस के साथ 30 महत्वपूर्ण इंटेलिजेंस रिपोर्ट साझा की गईं, जबकि विदेश में छिपे अपराधियों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (छडउ) भी जारी किया गया। इस अभियान के दौरान अपराधियों पर आर्थिक प्रहार करते हुए पुलिस ने नकदी, नशीले पदार्थ और अवैध वाहन बड़ी मात्रा में जब्त किए। कुल 28,68,430 रुपये की नकदी बरामद की गई, जिसमें पलवल जिले से 20 लाख रुपये और सिरसा से 8 लाख रुपये की बड़ी बरामदगी शामिल है। पुलिस ने 12.12 किलोग्राम गांजा,150 ग्राम अफीम, 220 ग्राम चरस/सुल्फा और 453 ग्राम हेरोइन जब्त की। 

ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन केवल अपराधियों की धरपकड़ तक सीमित नहीं रहा

इसके अलावा अपराध में प्रयुक्त 2 कार, 4 मोटरसाइकिल, 3 स्कूटी/एक्टिवा, 1 ई-रिक्शा और 7 मोबाइल फोन व सिम कार्ड भी जब्त किए गए। साथ ही, पुलिस ने 2 देसी कट्टे, 1 पिस्टल और 5 ज़िंदा कारतूस भी बरामद किए। कड़ी कार्रवाई के बीच पुलिस ने मानवीय दायित्वों का निर्वहन करते हुए जरूरतमंदों की सहायता भी की। ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन केवल अपराधियों की धरपकड़ तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसमें पुलिस का संवेदनशील रूप भी झलका। गश्त और चेकिंग के दौरान पुलिस कर्मियों ने सड़कों व सार्वजनिक स्थानों पर मिले 708 जरूरतमंद और विपत्तिग्रस्त व्यक्तियों की मदद की। इनमें गुरुग्राम में 219, पंचकूला में 150 और सिरसा में 73 लोगों को तत्काल सहायता प्रदान की गई। हरियाणा पुलिस ने साइबर अपराधों पर लगाम कसने के लिए ऑपरेशन साइबर प्रहार को भी जोरदार गति दी।

Join The Conversation Opens in a new tab
×