loader
भविष्य उज्जवल बनाने के लिए पूरे प्रदेश को अब सिर्फ कांग्रेस शासन का इंतजार : चाणक्य पंडित

भविष्य उज्जवल बनाने के लिए पूरे प्रदेश को अब सिर्फ कांग्रेस शासन का इंतजार : चाणक्य पंडित

महेंद्र सिंह कादियान बोले, हमारा जनता से वादा, कांग्रेस राज में जनता की सभी समस्याओं का समाधान होगा

प्रतीकात्मक तस्वीर

करनाल लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस के सांसद पद के दावेदार चाणक्य पंडित ने रविवार को कांग्रेस के “घर-घर कांग्रेस, हर घर कांग्रेस अभियान” के तहत पानीपत ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता महेंद्र सिंह कादियान के साथ हलके की ऊंझा रोड एकता विहार कालोनी, वार्ड-6 में गुरुनानक पुरा आदि कालोनियों में जोर-शोर से जनसभाओं को संबोधित किया। इस दौरान चाणक्य पंडित ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस पार्टी ने पहले “हाथ से हाथ जोड़ो सफल अभियान” का समापन किया था। अब कांग्रेस ने एक नया अभियान “घर-घर कांग्रेस, हर घर कांग्रेस” चलाया है। इससे हम पार्टी के कांग्रेस शासन के काम को और जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का काम करेंगे। हमारा यह काम मौजूदा सरकार को हराने में मील का पत्थर साबित होगा।

पूरा हरियाणा कांग्रेस शासन के इंतजार में

उन्होंने कहा कि पूरा हरियाणा कांग्रेस शासन के इंतजार में है। उन्होंने कहा कि यदि आप सब साथ हैं तो हम पूरी मजबूती के साथ लड़ेगे। उन्होंने कहा कि महेंद्र सिंह कादियान ने उन्हें बचपन से उंगली पकड़कर चलना सिखाया। वे उनके चाचा जैसे हैं। पानीपत ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता महेंद्र सिंह कादियान ने कहा कि भाजपा सरकार से हर वर्ग त्रस्त है। हलके के लोगों की समस्याएं सुनने वाला कोई नहीं। भाजपा के नेताओं को लोगों से सिर्फ वोट चाहिए, लेकिन जीतने के बाद समस्याएं सुनना तो दूर कोई नेता इधर आने की भी नहीं सोचता। यदि हलके की समस्याएं कोई हल करा सकता है तो वह सिर्फ कांग्रेस है। इसलिए आपसे विनम्र आग्रह है कि इस बार अपने चहेते नेता महेंद्र सिंह कादियान और चाणक्य पंडित को जिताएं। हमारा जनता से वादा है कि क्षेत्र में सभी समस्याओं का समाधान होगा। उन्होंने साफ कहा कि इस बार कॉलोनियों की जनता किसी के बहकावे में नहीं आएगी और कांग्रेस पार्टी को वोट देकर एक बार फिर प्रदेश में कांग्रेस का शासन लाने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि वहीं देश और प्रदेश तरक्की करता है, जिसमें शिक्षा का स्तर बेहतर हो।

भाजपा के धोखे से बचना है तो कांग्रेस को लाना जरूरी

उन्होंने कहा कि चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा के राज में चारो ओर खुशहाली थी। हर किसी की सुनी जाती थी। जात-पात का कहीं कोई बोलबाला नहीं था। राम के नाम पर राजनीति भाजपा को खा जाएगी। राम सबके हैं और रहेंगे। भाजपा वाले कौन होते हैं राम को लाने वाले, बल्कि राम ही सबको लाएं हैं। भाजपा राज में आज हर बच्चा करीब डेढ़ लाख का कर्ज लेकर पैदा हो रहा है। यदि भाजपा को गद्दी से जल्द नहीं उतारा गया तो देश को कंगाल होने से कोई नहीं रोक सकता। भाजपा राज में भ्रष्टाचार चरम पर है। धीरे-धीरे सब कुछ आडाणी और अंबानी के हवाले किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने जनता को सब्जबाग दिखाकर सत्ता हासिल की, लेकिन 10 साल बाद भी जनता को कुछ हासिल नहीं हुआ। आज जनता खुद को पूरी तरह ठगा हुआ महसूस कर रही है। भाजपा के धोखे से बचना है तो देश और प्रदेश में कांग्रेस को लाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि चाणक्य पंडित के दादा पंडित चिरंजी लाल शर्मा और उनके पुत्र कुलदीप शर्मा कई बार करनाल लोकसभा क्षेत्र से सांसद रहे और बेहतरीन काम किया।

Join The Conversation Opens in a new tab
×