loader
The Haryana Story | संसद न चलने पर सीएम सैनी बोले- विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं, राहुल और कांग्रेस को सिख समाज पर टिप्पणी के लिए मांगनी चाहिए माफी

संसद न चलने पर सीएम सैनी बोले- विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं, राहुल और कांग्रेस को सिख समाज पर टिप्पणी के लिए मांगनी चाहिए माफी

उन्होंने कहा कि सरदार की पगड़ी उसका सम्मान होती है और इस तरह की भाषा बेहद दुर्भाग्यपूर्ण

प्रतीकात्मक तस्वीर

कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा सिख समाज से जुड़े बयान को लेकर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। करनाल स्थित जेल अकादमी में आयोजित दीक्षांत परेड समारोह के दौरान मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी और पूरी कांग्रेस को सिख समाज से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरदार की पगड़ी उसका सम्मान होती है और इस तरह की भाषा बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि 1984 में कांग्रेस ने निहत्थे सिखों पर अत्याचार किए थे, जबकि उनकी सरकार ने सिख दंगों के पीड़ितों को सम्मान और न्याय दिलाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सोच और व्यवहार आज भी उसी मानसिकता को उजागर करता है। 

प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को बधाई

करनाल स्थित जेल अकादमी में वीरवार को आयोजित दीक्षांत परेड समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षण पूरा करने वाले प्रशिक्षु जेल अधिकारियों और कर्मचारियों की परेड की सलामी ली तथा उनके अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि दीक्षांत समारोह केवल प्रमाण पत्र प्राप्त करने का अवसर नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा के लिए नए जीवन की शुरुआत का प्रतीक है। उन्होंने जेल कर्मियों से ईमानदारी, निष्ठा और सेवा भावना के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया। 

जेलों को सुधार गृह के रूप में विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार जेल सुधारों को लेकर लगातार कार्य कर रही है और जेलों को सुधार गृह के रूप में विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। साथ ही कैदियों के पुनर्वास और कौशल विकास के लिए विभिन्न योजनाएं भी संचालित की जा रही हैं।

कांग्रेस के डीएनए में ही यह विषय छुपा हुआ

कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा रवनीत बिट्टू को गद्दार कहने के सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के डीएनए में ही यह विषय छुपा हुआ है। उन्होंने कहा कि 1984 में कांग्रेस ने निहत्थे लोगों पर अत्याचार किया, हमारी सरकार ने उन सिख दंगों में पीड़ित लोगों को सम्मान देने की बात कही है, लेकिन उनका व्यवहार आज भी इस बात को उजागर कर रहा है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है, राहुल गांधी और पूरी कांग्रेस को इस पर माफी मांगनी चाहिए। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि आज कांग्रेस के पास ना कोई मुद्दा है ना इंडी गठबंधन के पास कोई विषय है। वह लगातार मोदी के नेतृत्व में देश जो विकसित भारत की ओर बढ़ रहा है उसे विपक्ष मुझे लगता है रोकने की कोशिश कर रहा है। 

विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं

संसद न चलने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत की ओर तेजी से बढ़ रहा है और विपक्ष उस प्रगति को रोकने की कोशिश कर रहा है।

Join The Conversation Opens in a new tab
×