loader
The Haryana Story | 16 फरवरी तक मौसम रहेगा सामान्य, 17 से गरज चमक के साथ होगी बरसात

16 फरवरी तक मौसम रहेगा सामान्य, 17 से गरज चमक के साथ होगी बरसात

मौसम विभाग ने 12 से लेकर 16 फरवरी तक मौसम के सामान्य रहने की संभावना जताई हैं, उसके बाद 17 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण गरज चमक के साथ बारिश की संभावना

पिछले कई दिनों से तापमान में बढ़ोतरी हो रही हैं जिसके कारण दिन का तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया हैं। वहीं पर अब मौसम विभाग ने 12 से लेकर 16 फरवरी तक मौसम के सामान्य रहने की संभावना जताई हैं। उसके बाद 17 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण गरज चमक के साथ बारिश की संभावना है। जिससे रात्रि के तापमान में गिरावट आ सकती हैं। एक ओर जहां पर ठंड कम होने के कारण राहत मिली है, दूसरी ओर तापमान बढ़ने से किसानों को चिंता सता रही है।

उत्तर व उत्तर पश्चिमी हवाएं चलने की संभावना

कृषि मौसम विज्ञान विभाग चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के डा. मदन खीचड़ ने बताया कि प्रदेश में मौसम आमतौर पर 16 फरवरी तक खुश्क परंतु परिवर्तनशील रहने की संभावना है, जबकि इस दौरान उत्तर व उत्तर पश्चिमी हवाएं चलने की संभावना है, जिससे विशेषकर रात्रि तापमान में हल्की गिरावट परंतु दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी संभावना है। परंतु 16 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण राज्य के मौसम में बदलाव आने की संभावना है, जिससे राज्य में 16 फरवरी की रात व 17 फरवरी को आंशिक बादलवाई रहने तथा हवाएं व गरज चमक के साथ कहीं कहीं बूंदाबांदी या हल्की बारिश की संभावना बन रही है।

कई जिलों में बूंदाबांदी के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, इस पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने के बाद एक और पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव देखने को मिलेगा, जिससे तेज हवाएं चलने की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। वहीं कई जिलों में बूंदाबांदी के आसार बने हुए है। 12 फरवरी को मौसम सामान्य रहेगा। तापमान लगभग 25-26 और रात में 7-10 तक गिर सकता है। 13 फरवरी को बादल छाए रहने की संभावना है, वहीं हवाएं चलेंगी, जिससे तापमान में हल्की गिरावट आएगी। 14 फरवरी को धुंधला मौसम रहेगा और धूप-बादल दोनों का मिश्रण रहेगा।

17 फरवरी के बाद एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा

15 फरवरी को ठंडक कम होने का संकेत देगा। दिन का तापमान लगभग 26 और रात का लगभग 14 रहने की संभावना है। 16 फरवरी को दिन में मौसम धूप-भरा रहने की संभावना है और तापमान लगभग 25-27 तक पहुंच सकता है। रात का तापमान लगभग 10-11 रहेगा। वहीं 17 फरवरी के बाद एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।

Join The Conversation Opens in a new tab
×