पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने हाल ही में भाजपा सरकार द्वारा बुजुर्गों की बुढ़ापा पेंशन और गरीबों के राशन कार्ड काटे जाने के मुद्दे पर कड़ा विरोध जताया है। बुजुर्गों की बुढ़ापा पेंशन काटे जाने पर कड़ी आपत्ति जताते हुए हुड्डा ने कहा कि तीसरी बार सत्ता मिलने का नशा भाजपा के सिर इस कदर चढ़ गया है कि वह धड़ल्ले से लाखों गरीबों के राशन कार्ड और बुजुर्गों की पेंशन काट रही है। अकेले अंबाला जिले में करीब 54,000 परिवारों के बीपीएल राशन कार्ड और पेंशन काटे जा चुके हैं। यह बयान हुड्डा ने अपने निवास पर पत्रकारों से बातचीत में दिया।
अहंकार से चूर सरकार दावा कर रही - किसी बुजुर्ग की पेंशन नहीं काटी गई
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के आंकड़ों के अनुसार, हरियाणा विधानसभा चुनाव में वोट लिए और अब 14 लाख से अधिक राशन कार्ड काट दिए हैं, जो देश में सर्वाधिक है। इसी तरह हजारों-लाखों बुजुर्गों की पेंशन पर भी कैंची चलाई जा रही है। हुड्डा ने कहा कि एक तरफ बुजुर्ग अपनी पेंशन दोबारा बनवाने के लिए सरकारी दफ्तरों में जाकर बार-बार गुहार लगा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ अहंकार से चूर सरकार दावा कर रही है कि किसी बुजुर्ग की पेंशन नहीं काटी गई।
जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा
यह लोगों के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है। हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने बुढ़ापा पेंशन को 300 रुपये से बढ़ाकर 1,500 रुपये किया था, यानी 5 गुना (400%) की बढ़ोतरी की थी। वहीं भाजपा सरकार ने 11 साल में इसमें सिर्फ 2 गुना (100%) ही बढ़ोतरी की है। जबकि महंगाई तीन-चार गुना बढ़ चुकी है। इतना ही नहीं, कांग्रेस कार्यकाल में बुजुर्गों की आय निर्धारित करने के लिए फैमिली आईडी जैसे सिस्टम का कोई अड़ंगा नहीं लगाया जाता था, कांग्रेस पार्टी बुढ़ापा पेंशन को बुजुर्गों के सम्मान से जोड़कर बुढ़ापा सम्मान भत्ता देती थी।
फैमिली आईडी का पूरा नियंत्रण सरकार के हाथ में
लेकिन अब सम्मान भत्ते को सरकार की मेहरबानी बना दिया गया है, फैमिली आईडी का पूरा नियंत्रण सरकार के हाथ में है। नेता प्रतिफक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने किसान से लेकर कर्मचारी, गरीब मजदूर से लेकर गृहिणी, दलित-पिछड़े से लेकर अगड़े, स्कूली बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, हर वर्ग के साथ अन्याय किया है। चुनाव से पहले इस सरकार ने लाखों लोगों के राशन कार्ड बनवाए और उनके वोट लिए। लेकिन चुनाव जीतते ही आंख मूंदकर गरीब परिवारों के भी राशन कार्ड व पेंशन काटने का काम शुरू कर दिया।
related
'डोंट डिजायर बट डिजर्व इट’ : विज बोले - मैं 2014 में 'सीनियर मोस्ट' था और अब भी 'सीनियर मोस्ट' हूं... लेकिन मैंने कभी कुछ नहीं चाहा
पांच साल पुराने मर्डर केस में विज का सख़्त रुख : जांच CBI को सौंपने की सिफारिश, पुलिस कर्मचारी के खिलाफ FIR के आदेश