loader
The Haryana Story | दीपेंद्र हुड्डा बोले - भाजपा के पास तंत्र, यंत्र, षड्यंत्र और धनबल है, लेकिन म्हारा हौसला थारे से है और थारा हौसला म्हारे से

दीपेंद्र हुड्डा बोले - भाजपा के पास तंत्र, यंत्र, षड्यंत्र और धनबल है, लेकिन म्हारा हौसला थारे से है और थारा हौसला म्हारे से

सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में राजनीतिक बेईमानी, साम दाम दंड भेद, भ्रष्टाचार से अर्जित काले धन के मैनेजमेंट से बीजेपी सरकार बनी

सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने रविवार को नारनौंद में नवनिर्मित कांग्रेस कार्यालय का उद्घाटन किया और अनाज मंडी में आयोजित विशाल रैली को संबोधित किया। इस दौरान सांसद जय प्रकाश जेपी व सांसद सतपाल ब्रह्मचारी उपस्थित रहे। रैली में उमड़े जनसैलाब से उत्साहित सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में राजनीतिक बेईमानी, साम दाम दंड भेद, भ्रष्टाचार से अर्जित काले धन के मैनेजमेंट से बीजेपी सरकार बनी है और जो सरकार काले धन के मैनेजमेंट से बनी हो, वो जनता की परवाह नहीं करती। जनता के खिलाफ चलने वाली बीजेपी सरकार के पास तंत्र, यंत्र, षड्यंत्र का बल है, धनबल है लेकिन हमारे पास जनता का दिया हौसले का बल है। म्हारा हौसला थारे से है और थारा हौसला म्हारे से है।

षड्यंत्रकारियों का सारा सच धीरे-धीरे जनता के सामने आ गया

भाजपा के षड्यंत्र में वो सभी शामिल थे जो पर्दे के पीछे भाजपा से मिले हुए थे। बीजेपी की बी टीम इनेलो, जेजेपी का एक ही लक्ष्य था कि किसी तरह कांग्रेस की वोट में सेंध लगाएं। लेकिन, षड्यंत्रकारियों का सारा सच धीरे-धीरे जनता के सामने आ गया। पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, पूर्व मंत्री गोपाल कांडा के वायरल हुए वीडियो ने इस बात को स्पष्ट कर दिया कि कांग्रेस को रोकने के लिये इनेलो, जेजेपी भी बीजेपी से मिले हुए थे। दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि काले धन की शक्ति को नारनौंद ने जनशक्ति से हराने का काम किया। सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने जनता से पूछा कि क्या वो जनविरोधी बीजेपी सरकार के खिलाफ संघर्ष के लिए तैयार हैं तो जनता ने दोनों हाथ उठाकर उनका साथ देने का वादा किया।

आज गली चौराहे तक पर दनादन गोलियां चल रही

सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि देश में सबसे ज्यादा बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, पलायन, अपराध, नशाखोरी हरियाणा में है। हरियाणा का नौजवान कहां जाए। इंटरनेशनल एयरपोर्ट, रेल कोच फैक्ट्री, रक्षा विश्वविद्यालय जैसे बड़े-बड़े प्रोजेक्ट हमने मंजूर कराए वो हरियाणा से बाहर के प्रदेशों में चले गये। एचपीएससी में जो भर्तियां आती हैं उसमें भी हरियाणा के बाहर के बच्चे लग रहे हैं। मुख्यमंत्री नायब सैनी पंजाब में जाकर पंजाब को अपराध मुक्त करने और पंजाब को विकास में नंबर 1 बनाने की बात कह रहे हैं। जबकि उनको हरियाणा की जनता ने वोट दिया है तो हरियाणा को नंबर 1 बनाना चाहिए हरियाणा को पहले अपराध मुक्त बनाना चाहिए। लेकिन आज गली चौराहे तक पर दनादन गोलियां चल रही हैं।

वरिष्ठ नेता व गणमान्य लोग मौजूद रहे

इस अवसर पर प्रमुख रूप से सांसद जय प्रकाश, सांसद सतपाल ब्रह्मचारी, विधायक नरेश सेलवाल, विधायक इंदुराज नरवाल, विधायक बलराम दांगी, विधायक देवेन्द्र हंस, पूर्व विधायक सुभाष गांगोली, पूर्व मंत्री सुभाष गोयल, पूर्व मंत्री रामभज लोधर, पूर्व विधायक बलबीर बाल्मिकी, हांसी विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी रहे राहुल मक्कड़ राजेंद्र सूरा, पवन गोयल, रणदीप लोहान, सतेन्द्र सहारण, रोहित दलाल, एससी सेल के जिलाध्यक्ष रतन बड़गुज्जर, तेलूराम जांगड़ा, विकास, सुमन शर्मा, मोहित मलिक, राजेन्द्र चहल, प्रमोद कुहाड़, भरत सोनी समेत बड़ी संख्या में स्थानीय वरिष्ठ नेता व गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Join The Conversation Opens in a new tab
×