विधानसभा के बजट सत्र के चौथे दिन पानीपत शहर के विधायक प्रमोद विज ने मॉडल टाउन के शिवाजी स्टेडियम में आधुनिक सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक बिछवाने की मांग उठाई। विधानसभा सत्र के दौरान बोलते हुए उन्होंने कहा कि शिवाजी स्टेडियम शहर का बेहतरीन खेल स्टेडियम है जहाँ जिले भर से खिलाड़ी प्रतियोगिताओं के लिए तैयारी करते हैं। विश्व में भारत और हरियाणा का नाम रोशन करने वाले ओलंपियन खिलाड़ी नीरज चोपड़ा भी इसी मैदान में अभ्यास करते थे। खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध करवाना जरूरी है।
ताकि खिलाड़ियों को असुविधा का सामना न करना पड़े
विधायक ने सदन में अपने संबोधन के दौरान कहा कि पानीपत के खिलाड़ी बहुत प्रतिभा है| शिवाजी स्टेडियम में सिंथेटिक ट्रैक का निर्माण होने से लड़के और लड़कियों को सुविधा मिलेगी| खिलाड़ी जिला और राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में अच्छा प्रदर्शन कर पाएंगे। उन्होंने मांग रखी कि आने वाले बजट में खिलाड़ियों के हित में इस बात का विशेष ध्यान रख प्रावधान किया जाए ताकि खिलाड़ियों को असुविधा का सामना न करना पड़े। विधायक ने यह भी कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार में हर क्षेत्र में हर वर्ग के लिए विकास कार्य तेज गति से हो रहे हैं। क्षेत्र के युवाओं को खेलों के माध्यम से आगे बढ़ाने और उन्हें बेहतर बुनियादी ढांचा उपलब्ध करवाने के लिए वह प्रतिबद्ध हैं एवं इसके लिए हमेशा प्रयासरत रहेंगे।
विधानसभा में उठाया पालिका बाजार एवं राजीव कॉलोनी का मुद्दा
विधायक प्रमोद विज ने आज हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के तीसरे दिन विधानसभा में अपने संबोधन के दौरान पानीपत के विकास कार्यों एवं आगामी आवश्यकताओं को प्रमुखता से उठाया। विधायक विज ने प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सैनी तथा पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का विशेष धन्यवाद करते हुए कहा पिछले छह वर्षों में पानीपत के विकास में पूर्ण सहयोग एवं मार्गदर्शन मिला है। विधायक प्रमोद विज ने पानीपत में विकास कार्यों की श्रृंखला के अंतर्गत मदर एंड चाइल्ड हॉस्पिटल, इंडोर स्टेडियम, ऑडिटोरियम, फायर स्टेशन, दो रेलवे ओवरब्रिज, पांच रेलवे अंडरपास, दो फ्लाईओवर, गोहाना रोड, असंध रोड एवं जाटल रोड की फोर लेनिंग, जर्जर स्कूल भवनों का भव्य पुनर्निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्यों हेतु मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
शहर के विकास हेतु कुछ महत्वपूर्ण मांगें भी रखीं
विधायक विज ने अपने संबोधन में कहा कि पानीपत एक औद्योगिक नगरी है, जहां लाखों की संख्या में अन्य प्रदेशों से प्रवासी भाई रोजगार हेतु आते हैं, जिसके कारण शहर की अपनी कुछ विशेष समस्याएं हैं। विज ने कहा कि मुख्यमंत्री के आशीर्वाद से इन समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। विज ने शहर के विकास हेतु कुछ महत्वपूर्ण मांगें भी रखीं, जिनमें एग्जीबिशन सेंटर, जीरो लिक्विड डिस्चार्ज प्लांट, कॉमन बॉयलर, ओल्ड इंडस्ट्रियल एरिया की समस्याओं का समाधान, महिला कॉलेज, बायपास, एलिवेटेड बस स्टॉप, वकीलों के लिए अतिरिक्त चैंबर्स, यूएचबीवीएन के लिए नए कार्यालय का निर्माण तथा पानीपत नगर निगम कर्मचारियों के लिए आवासीय सुविधा शामिल हैं।
परियोजनाओं में तेजी लाने हेतु अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएं : विज
इसके अतिरिक्त, विधायक विज ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि कुछ परियोजनाओं में तेजी लाने हेतु अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएं। इनमें ओल्ड एज होम, वर्किंग वूमेन हॉस्टल, अनाथालय (बालक एवं बालिकाएं), लेबर हॉस्टल, बिशन स्वरूप कॉलोनी का टेंडर, टाउनशिप बैंक्वेट हॉल, रैनी वेल जल आपूर्ति परियोजना, ब्लाइंड स्कूल भवन निर्माण, सेक्टर 11-12 हुड्डा में सीवरेज एवं स्टॉर्म वाटर निकासी समस्या का समाधान, ऑटोमोबाइल मार्केट, नाइट शेल्टर तथा निर्माणाधीन दो लाइब्रेरी के निर्माण, पालिका बाजार के दुकानदारों की समस्याओं के समाधान एवं राजीव कॉलोनी वासियों के मालिकाना हक की भी मांग विधायक ने विधानसभा के पटल पर रखी। विधायक प्रमोद विज ने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार के सहयोग से पानीपत को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा और नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
related
ट्रेड डील के खिलाफ SKM ने किया संयुक्त संघर्ष का ऐलान, टिकैत बोले - ट्रैक्टर भी तैयार और किसान भी तैयार
स्वच्छता सर्वे में फिसड्डी शहर, सरकार के दावों की खुली पोल, सैलजा बोलीं -'गार्बेज’ के नाम पर घोटाला रोके सरकार
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने विधानसभा में उठाया IDFC बैंक घोटाला और मनरेगा का मुद्दा, बोले- यह बेहद ही गंभीर मामला
Latest stories
मुख्यमंत्री नायब सैनी के जन्मदिन पर हवन का आयोजन, दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना
ट्रेड डील के खिलाफ SKM ने किया संयुक्त संघर्ष का ऐलान, टिकैत बोले - ट्रैक्टर भी तैयार और किसान भी तैयार
युवती ने कारोबारी को इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर जाल में फंसाया, हरिद्वार जाते होटल में दिया बड़े 'कांड' को अंजाम