दिल्ली के टैक्सी चालक की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। इस ब्लाइंड मर्डर को पुलिस ने कुछ ही घंटे में सुलझा दिया जिसमें पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के द्वारा लूटपाट के इरादे से टैक्सी चालक की हत्या की गई थी। करनाल में पश्चिमी यमुना नहर की पटरी के पास स्टौण्डी गांव के क्षेत्र में झाड़ियों के बीच ड्राइवर शाहरूख खान का शव मिला था । पुलिस की स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने करनाल के कैमला गांव के प्रवीन उर्फ पिन्ना और सोनीपत जिला के ज्वारा निवासी जतिन को गिरफ्तार कर लिया है।
तीन दिन के रिमांड पर
डीएसपी राजीव ने प्रेसवार्ता में खुलासा किया है कि दोनों आरोपियों ने दिल्ली के जहांगीरपुरी से कैमला के लिए कैब बुक की थी, ये दोनों कैब में सवार होकर आए और बाद में इनके मन में लूटपाट का इरादा आया। जिसके बाद ये गाड़ी को स्टौंडी के पास लेकर गए, जहां पर इन्होंने कपड़े की मदद से शाहरूख की हत्या कर दी और गाड़ी व अन्य सामान लेकर फरार हो गए। प्रवीन उर्फ पिन्ना को शिमला से बीती रात करीब डेढ़ बजे गिरफ्तार किया गया है, जिसको कोर्ट में पेश किया गया और तीन दिन के रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान ही दूसरे आरोपी जतिन का नाम सामने आया और जतिन को पानीपत के अहर गांव के गिरफ्तार किया गया है। अब इसे भी कोर्ट में पेश किया जाएगा और रिमांड पर लिया जाएगा। दोनों से रिमांड के दौरान गाड़ी, सामान और हत्या में प्रयोग किए गए कपड़े की रिकवरी की जाएगी।
शाहरुख खान उबर ड्राइवर के रूप में काम करता था
दिल्ली के भलस्वा डेयरी निवासी शाहरुख खान (22) उबर ड्राइवर के रूप में काम करता था। वह 23 फरवरी को सवारी लेकर कैमला गांव गया था और उसके बाद से लापता था। 24 फरवरी को उसका शव स्टौंडी गांव के पास झाड़ियों में पड़ा मिला था। मृतक के बड़े भाई शौकीन खान ने बताया कि 23 फरवरी को दोपहर 1 बजकर 04 मिनट पर शाहरुख ने उबर राइड लेकर करनाल के पास कैमला गांव के लिए प्रस्थान किया था। उबर ऐप के अनुसार, राइड 3 बजकर 06 मिनट पर पूरी हो गई थी। इसके बाद शाहरुख का मोबाइल फोन बंद हो गया और उसने किसी का कॉल रिसीव नहीं किया। शाहरुख सफेद रंग की अर्टिगा कार चला रहा था, जो अरबाज खान पुत्र जाबिर निवासी भलस्वा डेयरी दिल्ली की थी।
शाहरुख से संपर्क करने की कोशिश की तो फोन बंद मिला
अरबाज खान ने जब शाहरुख से संपर्क करने की कोशिश की तो फोन बंद मिला। उन्होंने मोबाइल ऐप से लोकेशन ट्रेस की, जो पहले कैमला गांव, फिर स्टौण्डी के पास नहर किनारे, उसके बाद करनाल और अंत में घरौंडा के पास दिखी। घरौंडा के पास मोबाइल की लोकेशन अचानक बंद हो गई। परिजनों ने कई बार कॉल किया, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया। देर शाम तक कोई जानकारी न मिलने पर परिवार दिल्ली लौट गया।
झाड़ियों में एक युवक औंधे मुंह पड़ा मिला
24 फरवरी की सुबह शौकीन खान अपने परिजनों के साथ दोबारा करनाल पहुंचे। पहले कैमला गांव में तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद वे स्टौण्डी गांव के पास नहर किनारे खदान क्षेत्र में पहुंचे, जहां मोबाइल की आखिरी लोकेशन मिली थी। वहां झाड़ियों में एक युवक औंधे मुंह पड़ा मिला। कपड़ों से पहचान हुई कि वह शाहरुख ही था। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर थाना सदर पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। टीम ने शव और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। जब शव का चेहरा दिखाया गया तो परिजनों ने उसकी पहचान शाहरुख खान पुत्र हबीब खान निवासी भलस्वा डेयरी दिल्ली के रूप में की।
गला दबाकर शाहरुख की हत्या की
मौके से न तो गाड़ी मिली और न ही मोबाइल फोन। परिजनों ने आशंका जताई कि अज्ञात लोगों ने गला दबाकर शाहरुख की हत्या की और उसकी गाड़ी व मोबाइल लेकर फरार हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सरकारी एम्बुलेंस से डेड हाउस करनाल भेज दिया। शौकीन खान ने बताया कि उनका परिवार मूल रूप से मथुरा जिले के गांव नावली का रहने वाला है और पिछले 10-12 साल से दिल्ली में रह रहा है। चार भाइयों में शाहरुख सबसे छोटा था। वह अपने माता-पिता के साथ भलस्वा डेयरी में किराए पर रहता था और ड्राइवर का काम करता था। शौकीन खान की शिकायत पर थाना सदर करनाल में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हत्या और लूट का मामला दर्ज किया गया। डीएसपी राजीव का कहना है कि अब आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जाएगी और अन्य की संलिप्तता का भी पता लगाया जाएगा। साथ ही रिकवरी भी की जाएगी।
related
ट्रेड डील के खिलाफ SKM ने किया संयुक्त संघर्ष का ऐलान, टिकैत बोले - ट्रैक्टर भी तैयार और किसान भी तैयार
स्वच्छता सर्वे में फिसड्डी शहर, सरकार के दावों की खुली पोल, सैलजा बोलीं -'गार्बेज’ के नाम पर घोटाला रोके सरकार
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने विधानसभा में उठाया IDFC बैंक घोटाला और मनरेगा का मुद्दा, बोले- यह बेहद ही गंभीर मामला
Latest stories
मुख्यमंत्री नायब सैनी के जन्मदिन पर हवन का आयोजन, दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना
ट्रेड डील के खिलाफ SKM ने किया संयुक्त संघर्ष का ऐलान, टिकैत बोले - ट्रैक्टर भी तैयार और किसान भी तैयार
युवती ने कारोबारी को इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर जाल में फंसाया, हरिद्वार जाते होटल में दिया बड़े 'कांड' को अंजाम