loader
The Haryana Story | पानीपत से जींद की सीमा तक असंध रोड़ को किया जाएगा फोरलेन, मंत्री पंवार ने नारियल फोड़ किया शुभारंभ

पानीपत से जींद की सीमा तक असंध रोड़ को किया जाएगा फोरलेन, मंत्री पंवार ने नारियल फोड़ किया शुभारंभ

पानीपत से जींद तक सड़क के निर्माण के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 184.44 करोड़ रुपये की दी स्वीकृति

हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार के अथक प्रयासों से जिला पानीपत में अनेकों विकास के कार्य प्रगति पर है। इसी कड़ी में उन्होंने पानीपत से जींद तक सड़क बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग से स्वीकृति दिलवाने में विशेष प्रयास किए और उन्होंने शनिवार को गांव शौदापुर में निर्माणकार्य का शुभारंभ किया। इन सड़कों के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 184.44 करोड़ रुपये की प्रशासनिक मंजूरी प्रदान की है।

86.96 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली

विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि पानीपत से जींद तक सडक का निर्माण किया जाएगा। जिसमें पानीपत से दरियापुर मोड तक फोरलेन सड़क बनाई जाएगी। यह फोरलेन सड़क जिला पानीपत का हिस्सा रहेगी और जिला के इस फोरलेन हिस्से को बनाने में 86.96 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। उन्होंने बताया कि दरियापुर मोड से लेकर जींद तक 10 मीटर की सड़क बनाई जाएगी और यह सड़क जिला जींद का हिस्सा रहेगी। इस रोड को बनाने में 92 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि बिजली के खंभे शिफ्ट करने और फॉरेस्ट विभाग को 25.26 करोड़ रुपये की राशि जारी की जा चुकी है।

सड़क का टेंडर सर्वोदय एजेंसी को दिया

पंचायत मंत्री ने बताया कि यह सड़क जिस- जिस गांव को कवर करेगी उन सभी गांवों में आवश्यकतानुसार पानी की निकासी के लिए ड्रेन बनाने का भी प्रावधान किया जाएगा। कृष्ण लाल पंवार ने बताया कि यह सड़क 24 महीने में फोरलेन मानकर तैयार हो जाएगी और इसका टेंडर सर्वोदय एजेंसी को दिया गया है उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित एजेंसी के प्रतिनिधियों को स्पष्ट तौर पर कहा कि सामग्री में गुणवत्ता को लेकर कोई भी समझौता नहीं होगा। सड़क को बनाते समय लोगों के आवागमन का भी ख्याल रखें। पंवार ने कहा कि यह लोगों की बहुत समय से लंबी मांग थी और सामग्री उच्च स्तर की होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह के नेतृत्व में प्रदेश में विकास जोरों पर है। इस मौके पर मंत्री कृष्ण पंवार के सुपुत्र अनिल पंवार, लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता सुमित पन्नू सहित सैकड़ो की संख्या में लोग भी उपस्थित रहे।

Join The Conversation Opens in a new tab
×