loader
The Haryana Story | अवैध रूप से रेत से भरे ट्रैक्टर ट्रॉली ने सात वर्षीय बच्चे को कुचला, मौके पर ही मौत

अवैध रूप से रेत से भरे ट्रैक्टर ट्रॉली ने सात वर्षीय बच्चे को कुचला, मौके पर ही मौत

परिवार भतीजे की शादी में व्यस्त था, खुशियां भी मातम में बदली

हरियाणा के पानीपत जिले के गांव बराना में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। जिसमें रेत से भरी एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने एक सात वर्षीय बच्चे को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रैक्टर ट्रॉली से टक्कर मारने के बाद चालक मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों ने चालक को गांव में ही एक घंटे तक खोजबीन की, लेकिन बाद में वह पकड़ा गया और ग्रामीणों ने उसकी मौके पर ही धुनाई कर दी, जिससे उससे कुछ चोटें आई। पुलिस के आने पर ग्रामीणों ने उसे पुलिस को सौंप दिया।

शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया गया

वहीं पर हादसा होने के बाद काफी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए और उन्होंने अवैध रूप से चल रहे रेत के ट्रैक्टर रूकवाने को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। वहीं पर सेक्टर-13-17 थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को उचित कार्रवाई का आश्वस्त किया। पुलिस ने बच्चे के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल में भिजवाया जहां पर मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया गया। बच्चे की पहचान गोविंद के रूप में हुई हैं।

परिवार में तीन बहनें और उसकी माँ रह गई

ग्रामीणों ने प्रशासन से गुहार लगाते हुए कहा कि परिवार में तीन बहनें और उसकी माँ रह गई हैं। पिता भी एक साल पहले चल बसे हैं। परिवार को आर्थिक मदद भी दी जाए ताकि वह गुजर बसर कर सके। वहीं पर डीएसपी नवीन संधु ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। परिजनों से शिकायत ली गई है। ट्रैक्टर चालक ने भागने की कोशिश की तो ग्रामीणों ने पकडक़र पिटाई कर दी, जिसकी वजह से ड्राइवर को कुछ चोटें आई हैं जिनका उपचार करवाया जाएगा और आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। 

करीब एक साल पहले पिता का भी देहांत हो चुका

जानकारी मुताबिक 7 वर्षीय गोविंद अपने ताऊ के बेटे की शादी की एक रस्म के लिए पेड़ से छड़ी तोड़ने गया था। इसी दौरान गली में रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। ट्रैक्टर का टायर बच्चे के ऊपर से निकल गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही जान चली गई। मृतक गोविंद अपने तीन बहनों का इकलौता भाई था और करीब एक साल पहले पिता का भी देहांत हो चुका है, परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे के बाद ग्रामीणों में भारी रोष फैल गया।

अवैध माइनिंग और तेज रफ्तार वाहनों पर रोक लगाने की मांग

मौके से भागने की कोशिश कर रहे एक व्यक्ति को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बड़ी मुश्किल से चालक को भीड़ से बचाया और अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। ग्रामीणों ने अवैध माइनिंग और तेज रफ्तार वाहनों पर रोक लगाने की मांग करते हुए प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर आगामी कानूनी कार्रवाई और आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Join The Conversation Opens in a new tab
×