हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने पार्टी के खिलाफ क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायकों पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा है कि अनुशासनहीनता करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मंगलवार को करनाल पहुंचे राव नरेंद्र सिंह विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण की माता के निधन पर शोक व्यक्त करने आए थे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में राज्यसभा चुनाव और मौजूदा राजनीतिक हालात पर विस्तार से अपनी बात रखी।
विधायकों को प्रलोभन देकर पार्टी से तोड़ने की कोशिश
उन्होंने कहा कि देश लोकतंत्र से चलता है और संविधान इसकी आत्मा है। लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करना देश के लिए अच्छा संकेत नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के 37 विधायक होने के बावजूद वोट रद्द किए जा रहे हैं और क्रॉस वोटिंग करवाई जा रही है। साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों पर दबाव बनाने की बात भी सामने आ रही है, जो लोकतंत्र के लिए बेहद चिंताजनक है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि “वोट चोर, गद्दी छोड़” का नारा सही साबित हो रहा है। विधायकों को प्रलोभन देकर पार्टी से तोड़ने की कोशिश की जा रही है। एक गरीब उम्मीदवार के सामने धनबल और बाहुबल का इस्तेमाल यह दर्शाता है कि विरोधी दल गरीब और दलित विरोधी मानसिकता रखते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी के साथ गद्दारी करने वाले विधायकों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
तीसरा उम्मीदवार उतारकर पूरे सिस्टम को प्रभावित करने की कोशिश
राज्यसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि प्रदेश में दो सीटें थीं और दोनों पर उम्मीदवार आसानी से जीत सकते थे, लेकिन तीसरा उम्मीदवार उतारकर पूरे सिस्टम को प्रभावित करने की कोशिश की गई। इनेलो नेता अभय चौटाला के रुख पर उन्होंने कहा कि वोट न देना उनका व्यक्तिगत निर्णय था, यदि वे भाजपा को वोट देते तो उन्हें उसकी “बी टीम” कहा जाता। इसी बीच कांग्रेस के करमवीर बोध के राज्यसभा सदस्य चुने जाने पर शहरी जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा शहर में जोरदार जश्न मनाया गया। माल रोड स्थित अंबेडकर चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकत्र होकर लड्डू बांटे, एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और जीत की बधाई दी।
पार्टी की नीतियों और नेतृत्व पर जनता के विश्वास का परिणाम
कार्यक्रम की अध्यक्षता शहरी जिलाध्यक्ष पराग गाबा ने की। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। सभी ने इस जीत को पार्टी की नीतियों और नेतृत्व पर जनता के विश्वास का परिणाम बताया। प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के करनाल पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। फूल-मालाएं और बुके भेंट कर उन्हें जीत की बधाई दी गई। शहरी जिला कांग्रेस कमेटी की पूरी टीम ने करमवीर बोध के राज्यसभा सदस्य बनने पर शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया।
कांग्रेस हमेशा आम आदमी की आवाज को आगे बढ़ाने का काम करती
पत्रकारों से बातचीत में राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने एक सामान्य परिवार से आने वाले व्यक्ति को राज्यसभा भेजकर यह साबित किया है कि कांग्रेस हमेशा आम आदमी की आवाज को आगे बढ़ाने का काम करती है। उन्होंने इसे लोकतंत्र और पार्टी की विचारधारा की जीत बताया। इस अवसर पर भूपेंद्र पोसवाल, दिलशेर डाचर, तरुण चौहान, मास्टर करन सिंह, डॉ. चंद्रमणि नारंग, सुरेश कच्छवा, ललित कुमार, दीपक महाजन, पंकज गाबा, हरपाल कलामपुरा, निश्चय सोही, दीपक चौधरी, राजेश चौधरी, सुरेंद्र नंबरदार, सुरेश चौधरी, अशोक दुग्गल, विनोद तितोरिया, युवराज सिंह भट्टी, प्रवीन पुनिया, सपना राणा, गौरव शर्मा, नरेंद्र कुमार अग्घी, राहुल गुप्ता, कपिल ठाकुर, राकेश ढाकवाला, गुरमीत सिंह, विनोद शर्मा, रमेश जोगी, पृथ्वी भट्ट, शेर सिंह डबरी, रिशपाल सिंह डबरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।