loader
The Haryana Story | "कांग्रेस की घोषणाएं डस्टबिन में, हमारी धरातल पर": तोशाम में विपक्षी पर बरसे सीएम सैनी

"कांग्रेस की घोषणाएं डस्टबिन में, हमारी धरातल पर": तोशाम में विपक्षी पर बरसे सीएम सैनी

सीएम सैनी तोशाम में आयोजित उन्नत सिंचाई उत्सव 2026 को संबोधित कर रहे थे, उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री बंसीलाल और सुरेंद्र सिंह की प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन भी अर्पित किए।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में की गई घोषणाएं ‘डस्टबिन’ में चली जाती थीं लेकिन इसके विपरीत, वर्ष 2014 से अब तक बीजेपी की डबल इंजन सरकार ने हर संकल्प को पूरा करने की दिशा में ठोस कार्य किए हैं। वर्तमान सरकार घोषणाओं तक सीमित नहीं, बल्कि उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा करने का काम कर रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भिवानी के तोशाम में आयोजित उन्नत सिंचाई उत्सव 2026 को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री बंसीलाल और सुरेंद्र सिंह की प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन भी अर्पित किए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने ड्रिप इरिगेशन पर सिंचाई विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।

पर्वतारोही प्रवीण को सम्मानित किया

कार्यक्रम को सांसद धर्मबीर सिंह, राज्यसभा सांसद किरण चौधरी ने भी संबोधित किया। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी भी मौजूद थे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने गांव सांगवान निवासी पर्वतारोही प्रवीण को सम्मानित भी किया। मुख्यमंत्री ने रैली में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि तोशाम की यह धरती परिश्रम, त्याग और खेती किसानी की समृद्ध परंपरा की साक्षी रही है। उन्होंने इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री बंसी लाल और सुरेंद्र सिंह को याद करते हुए हरियाणा के लिए किए गए कार्यों का जिक्र भी किया। मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि उन्होंने हरियाणा के बनने के समय ही विकास की नई इबारत लिखी थी। वे तोशाम लोहारू के बालू रेत के टीलों पर लहलहाती फसल देखना चाहते थे।

'डबल इंजन' सरकार संकल्पों को धरातल पर उतार रही

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विपक्षी दल कांग्रेस पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल की घोषणाएं केवल कागजों तक सीमित रहकर 'डस्टबिन' में चली जाती थीं, जबकि बीजेपी की 'डबल इंजन' सरकार संकल्पों को धरातल पर उतार रही है। वहीं मुख्यमंत्री ने इस उत्सव के दौरान तोशाम विधानसभा क्षेत्र के लिए ₹107.61 करोड़ से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।

दो महत्वपूर्ण परियोजनाएं जनता को समर्पित की गईं

सीएम सैनी ने ₹13.99 करोड़ की लागत से पूरी हुई दो महत्वपूर्ण परियोजनाएं जनता को समर्पित की गईं। बिजली, सिंचाई और अन्य बुनियादी ढांचों से जुड़ी ₹93.62 करोड़ की चार नई परियोजनाओं की आधारशिला रखी गई। सीएम ने इरीगेशन एसोसिएशन ऑफ इंडिया और हरियाणा द्वारा आयोजित सिंचाई मेले में ड्रिप और स्प्रिंकलर (टपका व फव्वारा) सिंचाई प्रणालियों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और किसानों को इन्हें अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।

किसानों और युवाओं के लिए प्रमुख घोषणाएं

संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य के किसानों और युवाओं के हित में कई महत्वपूर्ण बातें साझा कीं .सीएम ने जानकारी दी कि सरकार ने 1 लाख एकड़ भूमि को सेम से मुक्त करने का लक्ष्य रखा था, जिसमें से 92,000 एकड़ भूमि को पहले ही खेती योग्य बना लिया गया है। अगले चरण में 1.40 लाख एकड़ अतिरिक्त भूमि को जलभराव से मुक्त करने का संकल्प लिया गया है। किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए अगले एक सप्ताह के भीतर राज्य में 2,500 नवनियुक्त पटवारियों की तैनाती कर दी जाएगी।

'पर्ची-खर्ची' मुक्त पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया पर जोर

मुख्यमंत्री ने 'पर्ची-खर्ची' (भ्रष्टाचार) मुक्त पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया पर जोर देते हुए बताया कि अकेले भिवानी जिले में 25,000 युवाओं को मेरिट के आधार पर सरकारी नौकरियां दी गई हैं। तोशाम में औद्योगिक मॉडल टाउनशिप (IMT) विकसित करने के लिए अगले सप्ताह से e-Bhoomi पोर्टल खोल दिया जाएगा, जहाँ किसान स्वेच्छा से उचित मूल्य पर अपनी भूमि पंजीकृत करा सकेंगे।

Join The Conversation Opens in a new tab
×