loader
The Haryana Story | GJU में हाई वोल्टेज ड्रामा: कुलपति ने भागकर बचाई जान, दिग्विजय चौटाला बोले- 'लड़कों के बीच महिला पुलिस क्यों?'

GJU में हाई वोल्टेज ड्रामा: कुलपति ने भागकर बचाई जान, दिग्विजय चौटाला बोले- 'लड़कों के बीच महिला पुलिस क्यों?'

जीजेयू में पुलिस-छात्रों के बीच भारी झड़प, सुरक्षा घेरा तोड़ घुसे प्रदर्शनकारी, वीसी ऑफिस का गेट तोड़ा, महिला पुलिस की तैनाती पर भड़के दिग्विजय

हिसार की गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी (GJU) में गुरुवार को छात्रों और पुलिस के बीच भारी हंगामा हुआ। जजपा (JJP) के युवा प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय चौटाला के नेतृत्व में छात्र सम्मेलन की अनुमति न मिलने पर भड़के प्रदर्शनकारियों ने यूनिवर्सिटी के सुरक्षा घेरे को तोड़ दिया। जानकारी मुताबिक यूनिवर्सिटी कैंपस में सम्मेलन आयोजित करने की मांग को लेकर दिग्विजय चौटाला और बड़ी संख्या में छात्र वीसी ऑफिस पहुंचे थे। जैसे ही प्रशासन ने उनकी मांग अनसुनी की, छात्र आक्रोशित हो गए। प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई। हालात इतने बेकाबू हो गए कि छात्रों ने वीसी ऑफिस का गेट तक तोड़ दिया।

पिछले दरवाजे के गाड़ी लेकर निकले वीसी 

जब प्रदर्शनकारी छात्र जबरन दफ्तर में घुसने की कोशिश कर रहे थे, उस दौरान कुलपति नरसीराम बिश्नोई कार्यालय के अंदर ही मौजूद थे। माहौल बिगड़ता देख और छात्रों के गुस्से से बचने के लिए वीसी पिछले दरवाजे से अपनी गाड़ी लेकर निकल गए। इसके बाद छात्रों का गुस्सा और बढ़ गया और उन्होंने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी तेज कर दी।

दिग्विजय चौटाला ने महिला पुलिस की तैनाती पर उठाए सवाल

हंगामे के दौरान जब पुलिस ने छात्रों को रोकने की कोशिश की, तो दिग्विजय चौटाला और पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी बहस हुई। प्रदर्शनकारियों के बीच महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती देखकर दिग्विजय चौटाला भड़क गए। उन्होंने सीधे तौर पर पुलिस को टोकते हुए कहा, "लड़कों के प्रदर्शन के बीच में महिला पुलिसकर्मियों का क्या काम?" उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस जानबूझकर महिलाओं को आगे कर रही है ताकि प्रदर्शन को बलपूर्वक दबाया जा सके।

सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह फेल

हिसार पुलिस की कार्यप्रणाली पर इस घटना के बाद गंभीर सवाल उठ रहे हैं। भारी पुलिस बल की मौजूदगी के बावजूद छात्र न केवल वीसी ऑफिस तक पहुंच गए, बल्कि गेट तोड़ने में भी कामयाब रहे। पुलिस और जजपा कार्यकर्ताओं के बीच हुई इस झड़प ने कैंपस के सुरक्षा दावों की पोल खोल दी है। फिलहाल यूनिवर्सिटी प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है, लेकिन कैंपस में तनाव की स्थिति बनी हुई है।

Join The Conversation Opens in a new tab
×