loader
The Haryana Story | हिसार पुलिस से आर-पार के मूड में JJP, 27 अप्रैल को 'छात्र महापंचायत' से दिखाएगी ताकत

हिसार पुलिस से आर-पार के मूड में JJP, 27 अप्रैल को 'छात्र महापंचायत' से दिखाएगी ताकत

दुष्यंत चौटाला बोले -"SP और उनके गुंडे तो मोहरे हैं... DGP पर लगाया नंबर ब्लॉक करने का आरोप, न्याय के लिए दर-दर खटखटाएगी दरवाजा

जननायक जनता पार्टी (JJP) के वरिष्ठ नेता और हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने हिसार में छात्रों की गिरफ्तारी और पुलिसिया कार्रवाई को लेकर सरकार और प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दुष्यंत चौटाला ने घोषणा की कि जेजेपी 27 अप्रैल को हिसार में छात्रों के हक में एक बड़ी 'महापंचायत' आयोजित करेगी।

एसपी पर लगाए गंभीर आरोप

प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिग्विजय चौटाला और जेजेपी नेता बृज शर्मा की मौजूदगी में दुष्यंत ने हिसार की घटना को 'नियोजित' बताया। उन्होंने कहा, "हिसार के एसपी और उनके गुंडे केवल शतरंज के मोहरे हैं, इस पूरी साजिश की पटकथा कहीं और लिखी गई है।" उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने बयान बदले और घटना में शामिल गाड़ी को कभी 'ऑन ड्यूटी' तो कभी 'ऑफ ड्यूटी' बताया गया।

डीजीपी पर नंबर ब्लॉक करने का दावा

दुष्यंत चौटाला ने मीडिया के सामने अपना मोबाइल फोन दिखाते हुए दावा किया कि उन्होंने हिसार मामले को लेकर हरियाणा के पुलिस महानिदेशक (DGP) को कई बार कॉल और मैसेज किए, लेकिन डीजीपी ने उनका नंबर ही ब्लॉक कर दिया। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था में संवाद का गला घोंटने जैसा बताया।

कोर्ट और आयोगों का दरवाजा खटखटाएगी जेजेपी

जेजेपी नेता ने कहा कि पार्टी इस मामले में चुप नहीं बैठेगी। हिसार की गुरु जम्भेश्वर यूनिवर्सिटी (GJU) में हुई घटना, सीसीटीवी डीवीआर को कब्जे में लेने और पार्टी पदाधिकारियों की गिरफ्तारी के खिलाफ जेजेपी कोर्ट जाएगी। इसके साथ ही अनुसूचित जाति-जनजाति आयोग (SC-ST Commission) और मानवाधिकार आयोग में भी शिकायत दर्ज कराई जाएगी।

कुरुक्षेत्र एफआईआर और एनआईटी मामला

दुष्यंत ने कुरुक्षेत्र में दिग्विजय चौटाला और अन्य नेताओं पर 14 दिन बाद दर्ज हुई एफआईआर पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कुर्सी तोड़ने जैसे मामूली आरोपों में एफआईआर दर्ज करना बदले की राजनीति है। इसके अलावा, उन्होंने कुरुक्षेत्र एनआईटी (NIT) में छात्राओं की प्रताड़ना और आत्महत्या के मामलों पर चिंता जताते हुए इसे पुलिस की कार्यप्रणाली की विफलता बताया।

सामाजिक बहिष्कार की अपील

दुष्यंत चौटाला ने हरियाणा पुलिस की कार्यप्रणाली के खिलाफ सामाजिक विरोध का आह्वान किया है और जनता से इस लड़ाई में सहयोग मांगा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि 27 अप्रैल की महापंचायत छात्र हितों की रक्षा के लिए एक निर्णायक कदम होगी।

Join The Conversation Opens in a new tab
×