loader
The Haryana Story | DISHA बैठक में केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर के तीखे बोल- 'तुम्हें कीड़े पड़ेंगे और तुम्हारी औलाद भी भुगतेगी', जानें किस पर बरसे मंत्री

DISHA बैठक में केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर के तीखे बोल- 'तुम्हें कीड़े पड़ेंगे और तुम्हारी औलाद भी भुगतेगी', जानें किस पर बरसे मंत्री

भ्रष्ट अधिकारियों को सख्त चेतावनी, नगर निगम को बनाया लूट का अड्डा; जनता का पैसा खाने वाले बख्शे नहीं जाएंगे

केंद्रीय सहकारिता और नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने फरीदाबाद में आयोजित जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (DISHA) की बैठक में भ्रष्टाचार और लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाया है। बैठक के दौरान फरीदाबाद नगर निगम (MCF) के इंजीनियरिंग विंग की कार्यप्रणाली पर केंद्रीय मंत्री का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उन्होंने अधिकारियों को सरेआम फटकार लगाते हुए ऐसी चेतावनी दी, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मंत्री ने नाराजगी जताते हुए जिम्मेदार चीफ इंजीनियर, एक्सईएन (XEN), SDO और जेई (JE) के खिलाफ चार्जशीट तैयार करने के सख्त आदेश जारी किए हैं।

'जनता का पैसा खा रहे हो, कीड़े पड़ेंगे और औलाद भुगतेगी' -मंत्री के तीखे बोल

बैठक में विकास कार्यों की धीमी रफ्तार और घटिया निर्माण की शिकायतों पर भड़कते हुए केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों को सीधे शब्दों में लपेटा। उन्होंने कहा: भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार: "यह किसी की बपौती नहीं, बल्कि जनता का खून-पसीने का पैसा है। जो तुम यह पैसा खा रहे हो, तुम्हें कीड़े पड़ेंगे। तुम्हारी औलाद भी इस पाप को भुगतेगी।"

इंजीनियरिंग विंग पर संगीन आरोप

मंत्री ने खुलेआम आरोप लगाया कि नगर निगम की इंजीनियरिंग विंग पूरी तरह भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी हुई है। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद नगर निगम को कुछ भ्रष्ट अधिकारियों ने 'लूट का अड्डा' बना दिया है, जहां बिना रिश्वत के कोई फाइल आगे नहीं सरकती।

सड़कों के घटिया निर्माण पर जताई कड़ी नाराजगी

केंद्रीय मंत्री के इस रौद्र रूप के पीछे शहर की बदहाल व्यवस्था और अधिकारियों की तानाशाही मुख्य वजह रही। बैठक में पार्षदों और स्थानीय प्रतिनिधियों ने सवाल उठाया गया कि एक तरफ सड़क बनती है और वह 10 दिनों के भीतर ही टूट जाती है, फिर उसके रिपेयर के नाम पर दोबारा धांधली होती है। मंत्री ने अधिकारियों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि ठेकेदारों के भुगतान से लेकर आम जनता के जायज कामों के लिए भी अधिकारी और इंजीनियर पैसों की मांग करते हैं, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कृष्ण पाल गुर्जर ने सख्त लहजे में कहा कि अब हर एक पैसे का हिसाब लिया जाएगा और घटिया सामग्री का इस्तेमाल करने वाले ठेकेदारों व उन्हें शह देने वाले अधिकारियों पर सीधी कानूनी कार्रवाई होगी।

शासनकाल की नाकामी का सबसे बड़ा सबूत

वहीं केंद्रीय मंत्री के इस बयान के बाद हरियाणा में राजनीति गरमा गई है। विपक्षी दलों ने सरकार को घेरते हुए कहा है कि जब बीजेपी के अपने सांसद और मंत्री ही व्यवस्था को महाभ्रष्ट बता रहे हैं, तो यह पिछले 10-12 वर्षों के शासनकाल की नाकामी का सबसे बड़ा सबूत है।

Join The Conversation Opens in a new tab
×