loader
The Haryana Story | दादा गौतम V/s चौटाला परिवार, 'न BJP रहेगी, न ब्राह्मण..' क्या सच में ओपी चौटाला ने कहा था ऐसा? दादा गौतम के दावे पर दुष्यंत का पलटवार

दादा गौतम V/s चौटाला परिवार, 'न BJP रहेगी, न ब्राह्मण..' क्या सच में ओपी चौटाला ने कहा था ऐसा? दादा गौतम के दावे पर दुष्यंत का पलटवार

भाजपा विधायक रामकुमार गौतम को ओपी चौटाला पर टिप्पणी पड़ी भारी, दुष्यंत ने भेजा लीगल नोटिस

हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री और जननायक जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता दुष्यंत चौटाला ने सफीदों से भाजपा विधायक रामकुमार गौतम (दादा गौतम) को एक कानूनी नोटिस भिजवाया है। यह नोटिस रामकुमार गौतम द्वारा हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला के खिलाफ की गई बेहद आपत्तिजनक और मानहानिकारक टिप्पणी के विरोध में भेजा गया है।

क्या है पूरा विवाद?

हाल ही में करनाल के असंध में मीडिया से बातचीत के दौरान भाजपा विधायक रामकुमार गौतम ने पूर्व सीएम ओम प्रकाश चौटाला पर एक गंभीर और विवादित आरोप लगाया था। गौतम ने दावा किया था कि ओम प्रकाश चौटाला ने अतीत में कहा था कि "न बीजेपी रहेगी और न ब्राह्मण, मैं इस कौम का नाश कर दूंगा"। इसके साथ ही उन्होंने तंज कसते हुए कहा था कि उन्होंने अपने कार्यकाल में कभी किसी ब्राह्मण को डिप्टी स्पीकर या चीफ पार्लियामेंट्री सेक्रेटरी नहीं बनाया।

लीगल नोटिस में जेजेपी की दलीलें

दिल्ली के अधिवक्ता प्रतीक सोम के माध्यम से भेजे गए इस कानूनी नोटिस में दुष्यंत चौटाला की तरफ से कई कड़े रुख अपनाए गए हैं। नोटिस में रामकुमार गौतम के इस दावे को पूरी तरह से मनगढ़ंत, निराधार और दुर्भावनापूर्ण बताया गया है। नोटिस के अनुसार, इस बयान से पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला के सम्मान, राजनीतिक विरासत और सामाजिक प्रतिष्ठा को गहरी ठेस पहुंची है। जेजेपी का आरोप है कि विधायक का यह बयान समाज के विभिन्न वर्गों के बीच वैमनस्य फैलाने और आपसी भाईचारे को नुकसान पहुंचाने के इरादे से दिया गया है।

7 दिन का अल्टीमेटम

दुष्यंत चौटाला ने नोटिस के जरिए रामकुमार गौतम से 7 दिनों के भीतर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और अपना बयान वापस लेने की मांग की है। ऐसा न करने पर उनके खिलाफ आपराधिक मानहानि का मुकदमा दर्ज कराने की चेतावनी दी गई है।

चौटाला परिवार का पलटवार

इस मुद्दे पर जेजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला ने भी भिवानी में विधायक रामकुमार गौतम पर तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि विधानसभा रिकॉर्ड में जिन लोगों का आचरण असंतुलित रहा है, वे कुछ भी बोल सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि चौधरी देवीलाल और ओम प्रकाश चौटाला ने हमेशा सर्वसमाज और सभी जातियों को साथ लेकर राजनीति की है।

Join The Conversation Opens in a new tab
×