loader
The Haryana Story | 'पुराने दौर में लौटने को मजबूर!' पेट्रोल-डीजल की कीमतों के विरोध में कांग्रेस ने दौड़ाईं घोड़ा गाड़ी, NEET पेपर लीक पर भी सरकार को घेरा

'पुराने दौर में लौटने को मजबूर!' पेट्रोल-डीजल की कीमतों के विरोध में कांग्रेस ने दौड़ाईं घोड़ा गाड़ी, NEET पेपर लीक पर भी सरकार को घेरा

गुरुग्राम की सड़कों पर घोड़ा गाड़ी लेकर उतरे कांग्रेसी, सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी, पेट्रोल-डीजल के दामों और NEET पेपर लीक पर गुरुग्राम में भारी बवाल

देश और प्रदेश में लगातार बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल की आसमान छूती कीमतों और हाल ही में सामने आए नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। गुरुग्राम जिला कांग्रेस कमेटी के बैनर तले आयोजित इस देशव्यापी आंदोलन के तहत गुरुग्राम में एक अनोखा रोष मार्च निकाला गया। हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह खुद घोड़ा गाड़ी पर सवार होकर इस प्रदर्शन का नेतृत्व करने पहुंचे। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेसी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

ताऊ देवीलाल स्टेडियम से लघु सचिवालय तक पैदल और घोड़ा गाड़ी मार्च

यह विरोध प्रदर्शन गुरुग्राम के ताऊ देवीलाल स्टेडियम के मुख्य गेट से शुरू हुआ। कांग्रेस कार्यकर्ता प्रतीकात्मक रूप से घोड़ा गाड़ियों और रेहड़ियों के साथ आगे बढ़े, जो यह दर्शाता था कि ईंधन के दाम बढ़ने से आम आदमी अब पुराने दौर में लौटने को मजबूर हो गया है। यह प्रदर्शन शहर के मुख्य मार्गों से होता हुआ लघु सचिवालय पहुंचा। रोष मार्च के कारण सड़कों पर भारी भीड़ जमा हो गई और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस बल भी तैनात रहा।

"आर्थिक बोझ तले दब रही है जनता" : राव नरेंद्र सिंह

लघु सचिवालय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने भाजपा सरकार पर तीखे हमले किए। उन्होंने कहा, "आज देश का हर नागरिक महंगाई की मार से त्रस्त है। पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दाम लगातार बढ़ाकर सरकार जनता की जेब पर डकैती डाल रही है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों के उतार-चढ़ाव के बावजूद घरेलू बाजार में आम जनता को कोई राहत नहीं दी जा रही है।" उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए गरीब और मध्यम वर्ग को आर्थिक बोझ के नीचे दबा रही है।

नीट पेपर लीक को बताया युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़

महंगाई के साथ-साथ कांग्रेस ने नीट परीक्षा में हुई धांधली और पेपर लीक के मुद्दे पर भी सरकार को आड़े हाथों लिया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार की लापरवाही और लचर व्यवस्था के चलते देश के लाखों होनहार छात्रों का भविष्य संकट में पड़ गया है। परीक्षाओं की शुचिता पूरी तरह खत्म हो चुकी है और हर बड़ी परीक्षा का पेपर लीक होना भाजपा राज की पहचान बन चुका है। कांग्रेस ने इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों को सख्त सजा देने की मांग की।

प्रशासन को सौंपा ज्ञापन, दी बड़े आंदोलन की चेतावनी

रोष मार्च के लघु सचिवालय पहुंचने पर कांग्रेस के वरिष्ठ प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम हितेंद्र शर्मा को राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें कईं मांगे शामिल हैं। पेट्रोल, डीजल और आवश्यक वस्तुओं के दामों को तुरंत नियंत्रित किया जाए। नीट पेपर लीक घोटाले की समयबद्ध न्यायिक जांच सुनिश्चित की जाए। युवाओं और बेरोजगारों के भविष्य से खिलवाड़ बंद हो। प्रदर्शन के अंत में कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही महंगाई पर लगाम नहीं लगाई और पेपर लीक जैसी घटनाओं को नहीं रोका, तो कांग्रेस इस आंदोलन को ब्लॉक और गांव स्तर तक ले जाएगी और सड़क से संसद तक सरकार को घेरने का काम करेगी।

Join The Conversation Opens in a new tab
×