loader
The Haryana Story | डॉ. अर्चना गुप्ता बनीं हरियाणा भाजपा की नई 'बॉस', मोहन लाल बड़ौली की जगह संभालेंगी कमान, जानें डॉ अर्चना का 10 साल का राजनीतिक सफर

डॉ. अर्चना गुप्ता बनीं हरियाणा भाजपा की नई 'बॉस', मोहन लाल बड़ौली की जगह संभालेंगी कमान, जानें डॉ अर्चना का 10 साल का राजनीतिक सफर

डॉ. अर्चना गुप्ता इससे पहले हरियाणा भाजपा में प्रदेश महासचिव के रूप में अपनी मजबूत सांगठनिक क्षमता का लोहा मनवा चुकी है

भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़े संगठनात्मक बदलावों के तहत डॉ. अर्चना गुप्ता को हरियाणा भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, डॉ. अर्चना गुप्ता निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली की जगह यह कमान संभालेंगी। पेशे से गोल्ड मेडलिस्ट रेडियोलॉजिस्ट रहीं डॉ. अर्चना गुप्ता इससे पहले हरियाणा भाजपा में प्रदेश महासचिव (महामंत्री) के रूप में अपनी मजबूत सांगठनिक क्षमता का लोहा मनवा चुकी हैं।

कौन हैं डॉ. अर्चना गुप्ता? 

डॉ. अर्चना गुप्ता का जन्म जनवरी 1968 को हरियाणा के पानीपत जिले के समालखा (पट्टीकल्याणा) में हुआ था। वह एक बेहद साधारण परिवार से आती हैं, जहां लड़कियों की पढ़ाई-लिखाई को लेकर काफी रूढ़िवादिता थी। डॉ. अर्चना गुप्ता का बचपन देश भक्ति और राष्ट्र निर्माण की चर्चाओं में बीता। वे अपने दादा स्वतंत्रता सेनानी सूरजभान से काफी प्रभावित रहीं। डा. अर्चना गुप्ता के पिता पुरुषोत्तम दास गुप्ता, बी.ई. इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, वर्तमान में समालखा में अपना व्यवसाय चला रहे हैं और उनकी माता जी संतोष गुप्ता, स्नातक, गृहिणी हैं।

डा. अर्चना गुप्ता के पति डा. अनिल गुप्ता भी एम.बी.बी.एस. एम.एस. नेत्र रोग विशेषज्ञ हैं। इनके एक बेटी डॉ. आरुषि गुप्ता और एक बेटा अविरल गुप्ता हैं। उन्होंने खुद एक साक्षात्कार में बताया था कि वह अपने परिवार में ऐसी पहली लड़की थीं जो डॉक्टर बनीं, क्योंकि उनके परिवार में अमूमन 8वीं या 10वीं के बाद बेटियों की शादी कर दी जाती थी। वह चिकित्सा के क्षेत्र में एक प्रख्यात और गोल्ड मेडलिस्ट रेडियोलॉजिस्ट (MBBS, MD) हैं। सामाजिक बंधनों को तोड़कर चिकित्सा जगत में सर्वोच्च स्थान हासिल करने के बाद उन्होंने समाज सेवा के जरिए राजनीति में कदम रखा। 

डॉ. अर्चना गुप्ता का राजनीतिक सफर : आरएसएस से प्रदेश अध्यक्ष तक

नवनियुक्त भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता 9 सितंबर 2015 को पानीपत जिला महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष बनीं। जून 2017 में जिला जनसंपर्क और शिकायत निवारण समिति सदस्य नियुक्त किया गया। उन्होंने 13 अगस्त 2019 को पानीपत जिला अध्यक्ष का दायित्व मिला और वे 5 जनवरी, 2024 तक जिला अध्यक्ष के पद पर रहीं। इसके बाद भाजपा नेतृत्व ने 5 जनवरी 2024 को डा. अर्चना गुप्ता को संगठन में प्रदेश महामंत्री की बड़ी जिम्मेदारी दी।

जिला अध्यक्ष के रूप में सफल कार्यकाल के बाद उन्हें हरियाणा भाजपा की प्रदेश महासचिव (स्टेट जनरल सेक्रेटरी) के रूप में प्रमोट किया गया। इस पद पर रहते हुए उन्होंने पूरे राज्य के सांगठनिक दौरों, प्रशिक्षण वर्गों और रैलियों के प्रबंधन में मुख्य भूमिका निभाई। संगठन में उनके लगातार बढ़ते कद, बेदाग छवि और बेहतरीन तालमेल बिठाने की क्षमता के कारण अब उन्हें हरियाणा भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनाकर राज्य में संगठन की पूरी कमान सौंप दी गई है।

डॉ. अर्चना गुप्ता को ही क्यों चुना गया? 

भाजपा लगातार अपने संगठन और सरकारों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ा रही है। डॉ. अर्चना गुप्ता जैसी उच्च शिक्षित और आत्मनिर्मित महिला को कमान देकर पार्टी ने महिला वोटर्स के बीच एक बड़ा संदेश दिया है। सांगठनिक पकड़ और बेदाग छवि: पेशे से डॉक्टर होने के कारण जनता और कार्यकर्ताओं के बीच उनकी छवि बेहद शालीन और मिलनसार है। वह मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय नेतृत्व दोनों के साथ बेहतरीन तालमेल के लिए जानी जाती हैं। संघ कैडर के साथ उनकी पुरानी और मजबूत ट्यूनिंग है, जिससे आंतरिक गुटबाजी को खत्म करने और संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लड्डू खिलाकर डॉ. अर्चना गुप्ता को दी बधाई एवं शुभकामनाएं

डॉ. अर्चना गुप्ता के प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त होने पर भाजपा नेताओं ने सोशल मीडिया के जरिए डा. अर्चना गुप्ता को शुभकामनाएं एवं बधाई दी है। पानीपत में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त होने पर डा. अर्चना गुप्ता को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बेटियों और मातृशक्ति को आगे बढ़ाने के सकल्प को डा. अर्चना गुप्ता के प्रदेश अध्यक्ष बनने से नई मजबूती मिलेगी। संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने पर मुख्यमंत्री ने डॉ. अर्चना गुप्ता को लड्डू खिलाकर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, भाजपा प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया, राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़, संगठनमंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने भी अर्चना गुप्ता को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। 

Join The Conversation Opens in a new tab
×