हरियाणा को वैश्विक औद्योगिक केंद्र बनाने और राज्य के आर्थिक विकास को नई रफ्तार देने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार (1 जून) को गुरुग्राम में महत्वाकांक्षी 'मेक इन हरियाणा इंडस्ट्रियल पॉलिसी' को लॉन्च कर दिया है। इस नई औद्योगिक नीति के तहत राज्य सरकार ने 5 लाख करोड़ रुपये के निवेश का एक बड़ा लक्ष्य निर्धारित किया है। इस नीति की लोकप्रियता और निवेशकों के भरोसे का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि लॉन्चिंग के पहले ही दिन 1 लाख 10 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों (MoUs) पर हस्ताक्षर हो गए। इस बड़े आयोजन के दौरान मुख्यमंत्री ने साफ शब्दों में कहा, "इन्वेस्टिंग इन हरियाणा का मतलब है इन्वेस्टिंग इन फ्यूचर (हरियाणा में निवेश का मतलब है भविष्य में निवेश)।
9 नई सेक्टोरल पॉलिसी और 'स्मार्ट निवेश सुविधा पोर्टल' की शुरुआत
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने केवल मुख्य नीति ही नहीं, बल्कि उद्योग जगत की हर छोटी-बड़ी जरूरत को ध्यान में रखते हुए 9 नई सेक्टोरल पॉलिसी भी लॉन्च की हैं। यह नीतियां अलग-अलग औद्योगिक क्षेत्रों जैसे आईटी, ऑटोमोबाइल, टेक्सटाइल आदि को उनकी जरूरत के हिसाब से बढ़ावा देंगी।इसके अलावा, निवेशकों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने से बचाने और सिंगल-विंडो सिस्टम को मजबूत करने के लिए एक 'स्मार्ट निवेश सुविधा पोर्टल' की शुरुआत की गई है।
इस डिजिटल पोर्टल के जरिए निवेश की सभी स्वीकृतियां ऑनलाइन और बेहद पारदर्शी तरीके से मिल सकेंगी। इस भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने आगामी 'हैपनिंग हरियाणा ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट' के आधिकारिक लोगो (Logo) का भी अनावरण किया। यह समिट दुनिया भर के बड़े उद्योगपतियों और निवेशकों को हरियाणा की ओर आकर्षित करने के लिए एक बड़ा मंच साबित होगी।
मुख्यमंत्री का बयान: उद्योगों को मिलेगी नई दिशा और मजबूती
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह नई पॉलिसी प्रदेश के उद्योगों को और अधिक सशक्त बनाएगी। इससे निवेश की प्रक्रिया बेहद सरल हो जाएगी, जिससे देश-विदेश के व्यापारी बिना किसी बाधा के यहां अपने उद्योग लगा सकेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि विकास के नए और व्यापक अवसर खुलने से हरियाणा की आर्थिक दशा और दिशा दोनों पूरी तरह बदल जाएगी।
स्पीड और ट्रस्ट हमारा ध्येय
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज दुनिया भर की सरकारें एक बात समझ चुकी हैं कि सिर्फ ईज-आफ-डूईंग बिजनेस अब काफी नहीं है। अगला दौर इंटेलिजेंट गवर्नेंस का है। और इसलिए आज हरियाणा इंटेलिजेंट इन्वेस्टमेंट फेसिलिटेशन पोर्टल लॉन्च किया है जो बेहद महत्वपूर्ण है। यह पोर्टल सरकार और उद्योगों के बीच काम करने के तरीके को पूरी तरह बदल देगा। हमारा ध्येय स्पीड और ट्रस्ट है। अब इन्वेस्टर्स को अप्रूवर्स, लैंड, इंसेंटिव्स, कम्प्लायंसेज़ और क्लीयरेंस के लिए अलग–अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। सब सुविधाएं एक जगह मिलेंगी। इस पोर्टल के माध्यम से इन्वेस्टर को जीआईएस आधारित लैंड आइडेंटिफिकेशन, ऑटोमेटेड इन्वेस्टमेंट ब्लूप्रिंट, एआई–इनेबल्ड असिस्टेंस, अप्रूवल्स पाथ–वे, इंफ्रास्ट्रक्चर इंफॉर्मेशन और पॉलिसी सपोर्ट, ये सब कुछ एक इंटीग्रेटेड डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगा। यह केवल डिजिटाइजेशन नहीं है। यह गवर्नेंस ट्रांसफॉर्मेशन है।
इंडस्ट्री को हरियाणा पर भरोसा
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज लगभग 80 हजार करोड़ रुपये के जो इन्वेस्टमेंट प्रपोजल्स साइन हुए हैं, वे एक बहुत मजबूत संदेश देते हैं। इंडस्ट्री को हरियाणा पर भरोसा है। ये इन्वेस्टमेंट केवल एक आंकड़ा नहीं हैं। ये नए उद्योग हैं। नई सप्लाई चेन हैं। एमएसएमई के लिए नए अवसर हैं। युवाओं के लिए नए रोजगार हैं। और हरियाणा की अर्थव्यवस्था के लिए नई ऊर्जा हैं। उन्होंने उन सभी इन्वेस्टर्स और इंडस्ट्री लीडर्स का धन्यवाद किया जिन्होंने हरियाणा को अपना ग्रोथ पार्टनर चुना है।
प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हम तैयार
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा की सबसे बड़ी ताकत हमेशा इसके लोग रहे हैं। हमारे किसान, उद्यमी, एमएसएमई, स्टार्टअप्स, इंडस्ट्रियल वर्कर्स और इंडस्ट्री लीडर्स, इन सभी ने मिलकर हरियाणा की ग्रोथ स्टोरी लिखी है। अब हमारी जिम्मेदारी है कि हम इसी स्पीड, ट्रस्ट और कमिटमेंट के साथ विकास के अगले चरण का निर्माण करें। उन्होंने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि भविष्य उन्हीं राज्यों का होगा, जो तेजी से निर्णय लेंगे, जो स्मार्ट गवर्नेंस देंगे और जो इंडस्ट्री के साथ मजबूत पार्टनरशिप बनाएंगे। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन में हरियाणा इस भविष्य का नेतृत्व करने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने सभी इन्वेस्टर, इनोवेटर्स और ग्लोबल पार्टनर्स को हरियाणा की इस नई ग्रोथ स्टोरी का भागीदार बनने के लिए आमंत्रित किया।
हरियाणा को फ्यूचर इंडस्ट्रीज का पावर हाउस बनाने की दिशा में बड़ा कदम : राव नरबीर सिंह
उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि आज का दिन हरियाणा के औद्योगिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार केवल नई नीतियां लागू करने तक सीमित नहीं है, बल्कि हरियाणा की औद्योगिक सोच को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप आकार देने का कार्य कर रही है। सरकार का लक्ष्य हरियाणा को केवल मैन्युफैक्चरिंग डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करना नहीं, बल्कि इसे इनोवेशन, एक्सपोर्ट, टेक्नोलॉजी और भविष्य की उद्योगों का प्रमुख केंद्र बनाना है।
उन्होंने कहा कि आज हुए निवेश समझौते, नई साझेदारियां और उद्योग जगत की सकारात्मक भागीदारी इस बात का प्रमाण हैं कि हरियाणा निवेशकों के लिए सबसे भरोसेमंद राज्यों में शामिल हो रहा है। उन्होंने कहा कि उद्योगों द्वारा व्यक्त किए गए निवेश प्रस्ताव केवल आंकड़े नहीं हैं, बल्कि वे आने वाले समय में वास्तविक निवेश और रोजगार सृजन के रूप में धरातल पर दिखाई देंगे। उन्होंने उद्योगपतियों का आह्वान करते हुए कहा कि हरियाणा सरकार निवेशकों को आवश्यक सुविधाएं, अनुकूल नीतियां और बेहतर प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, ताकि हरियाणा विकसित भारत के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभा सके।
related
पानीपत के 35 गांवों की बदलेगी सूरत, 'मास्टर प्लान' तैयार, जानिए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का 'मिशन विलेज'
दुष्यंत ने सैनी सरकार पर लगाए 'फिजूलखर्ची' के आरोप, बोले - करोड़ों का हेलीकॉप्टर बना 'सफेद हाथी', जनता के टैक्स की बर्बादी
अहीरवाल की 'सियासी जंग' तेज़: राव नरवीर ने नायब सैनी को दिया 'मास्टरस्ट्रोक' सुझाव, राव इंद्रजीत पर साधा कड़ा निशाना
Latest stories
CISF की जांबाज खिलाड़ी ने चीन में गाड़ा जीत का झंडा, रितु श्योराण की कप्तानी में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने जीता गोल्ड
पानीपत के 35 गांवों की बदलेगी सूरत, 'मास्टर प्लान' तैयार, जानिए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का 'मिशन विलेज'
फिरोजपुर झिरका में सीवर की जहरीली गैस ने छीनी दो मजदूरों की जिंदगी, ठेकेदार फरार, जिम्मेदार कौन?