loader
The Haryana Story | पानीपत में बड़ा भूमि घोटाला: भाजपा सांसद और विधायक के संरक्षण में बन रही अवैध कॉलोनियों पर महानिदेशक ने मांगी रिपोर्ट, विजिलेंस जांच शुरू

पानीपत में बड़ा भूमि घोटाला: भाजपा सांसद और विधायक के संरक्षण में बन रही अवैध कॉलोनियों पर महानिदेशक ने मांगी रिपोर्ट, विजिलेंस जांच शुरू

शहर में राजनीतिक रसूख के दम पर बनाई जा रही तीन अवैध कॉलोनियों को लेकर मचा हड़कंप

हरियाणा के पानीपत शहर में राजनीतिक रसूख के दम पर बनाई जा रही तीन अवैध कॉलोनियों को लेकर हड़कंप मच गया है। भारतीय जनता पार्टी के एक मौजूदा सांसद और एक विधायक के संरक्षण में चल रहे इस कथित खेल की शिकायत सूबे के शहरी निकाय मंत्री विपुल गोयल तक पहुंच गई है। मामला गरमाने के बाद शहरी निकाय विभाग के महानिदेशक ने पानीपत नगर निगम के कमिश्नर डॉ. पंकज यादव से बिंदुवार विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। इस हाई-प्रोफाइल मामले की समानांतर जांच विजिलेंस और एंटी-करप्शन ब्यूरोभी कर रही है।

आरटीआई एक्टिविस्ट का सनसनीखेज खुलासा

मशहूर आरटीआई एक्टिविस्ट और कॉमरेड पीपी कपूर ने इस पूरे मामले को उजागर करते हुए नगर निगम और जिला प्रशासन के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीपी कपूर ने बताया कि शहर के वीआईपी और महंगे इलाकों में सरकारी नियमों की धज्जियां उड़ाकर भू-माफिया को फायदा पहुंचाया जा रहा है।कपूर द्वारा भेजी गई शिकायत के अनुसार, शहर में तीन प्रमुख जगहों पर अवैध निर्माण और कॉलोनियां काटी जा रही हैं।

जीटी रोड (मलिक पेट्रोल पंप के पास): यहां करीब दो एकड़ बेशकीमती जमीन पर अवैध मार्केट और कॉलोनी बनाई जा रही है।

जाटल रोड (नहर के पास): इस इलाके में करीब चार एकड़ भूमि पर अवैध रूप से मार्केट का निर्माण जारी है।

ओल्ड कोर्ट रोड (हाली पार्क के सामने): यहाँ एक सार्वजनिक पार्क की 3000 वर्ग गज जमीन सहित करीब दो एकड़ भूमि को कब्जा कर अवैध आवासीय कॉलोनी काटी जा रही है।

सरकारी खर्चे पर सुविधाएं और फर्जीवाड़े का खेल

शिकायतकर्ता का आरोप है कि इन अवैध कॉलोनियों में नगर निगम के अधिकारियों की मिलीभगत से पक्की सड़कें बना दी गई हैं। इसके अलावा सीवर और पेयजल (ड्रिंकिंग वॉटर) की पाइपलाइनें बिछाने के साथ-साथ बिजली के खंभे भी खड़े कर दिए गए हैं। सबसे बड़ा फर्जीवाड़ा इन जमीनों की रजिस्ट्री और प्रॉपर्टी आईडी को लेकर हुआ है। नियमों के खिलाफ जाकर नगर निगम ने इन अवैध प्लॉटों की 'प्रॉपर्टी आईडी' जनरेट कर दी, जिसके आधार पर तहसील कार्यालय में धड़ल्ले से रजिस्ट्रियां भी कर दी गईं।

अफसरों की कार्यशैली पर सवाल: 'अमीरों को छूट, गरीबों पर बुलडोजर'

शिकायत में पानीपत नगर निगम के कमिश्नर डॉ. पंकज यादव और डीटीपी (डिस्ट्रिक्ट टाउन प्लानर) जितेंद्र नेहरा की भूमिका पर सीधे सवाल उठाए गए हैं। पीपी कपूर ने कहा कि जिला उपायुक्त और निगम कमिश्नर को कई बार लिखित शिकायतें दी गईं, लेकिन बीजेपी नेताओं के दबाव में डीटीपी जितेंद्र नेहरा और कमिश्नर ने कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने आरोप लगाया कि जहां एक तरफ गरीब तबके के आशियानों और कॉलोनियों पर आए दिन निगम का पीला पंजा (बुलडोजर) चलाया जाता है, वहीं सत्ताधारी नेताओं के इन अवैध प्रोजेक्ट्स को खुली छूट दी जा रही है।

आरटीआई एक्टिविस्ट ने की एफआईआर और बुलडोजर चलाने की मांग

मामला शहरी निकाय मंत्री और महानिदेशक के दरबार में पहुंचने के बाद अब प्रशासन बैकफुट पर है। शिकायतकर्ता पीपी कपूर ने सरकार से मांग की है कि:इन तीनों रसूखदार अवैध कॉलोनियों और मार्केट पर तुरंत बुलडोजर चलाकर निर्माण ध्वस्त किया जाए। फर्जी तरीके से बनाई गईं सभी प्रॉपर्टी आईडी और तहसील में हुई रजिस्ट्रियों को तुरंत रद्द किया जाए। सरकारी जमीन और पार्क पर कब्जा करने वाले भू-माफिया व उनका साथ देने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जेल भेजा जाए। महानिदेशक द्वारा रिपोर्ट तलब किए जाने और विजिलेंस की एंट्री के बाद पानीपत नगर निगम और टाउन प्लानिंग विभाग के अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है। अब देखना यह होगा कि क्या सरकार अपने ही दल के सांसद और विधायक के खिलाफ कार्रवाई की हिम्मत दिखा पाती है या मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा।

Join The Conversation Opens in a new tab
×